Sitamarhi: मेडिकल दुकान पर छापेमारी के दौरान हंगामा, सरकारी कार्य में बाधा के आरोप में तीन गिरफ्तार, दर्जनों पर प्राथमिकी

Published by : Sarfaraz Ahmad Updated At : 15 Jun 2026 10:10 AM

विज्ञापन

गिरफ्तार आरोपी

बैरगनिया के अस्पताल चौक स्थित एक मेडिकल दुकान में एसएसबी और पुलिस की संयुक्त छापेमारी के दौरान हंगामा होने के मामले में तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया है. पुलिस ने 40-50 अज्ञात लोगों के खिलाफ भी प्राथमिकी दर्ज की है. कार्रवाई के दौरान प्रतिबंधित कफ सिरप बरामद होने का दावा किया गया है. पढ़ें पूरी खबर...

विज्ञापन

बैरगनिया से संवाददाता की रिपोर्ट

Sitamarhi News: बैरगनिया नगर परिषद क्षेत्र के अस्पताल चौक स्थित एक मेडिकल दुकान में शनिवार को एसएसबी और पुलिस की संयुक्त छापेमारी के दौरान हंगामे तथा सरकारी कार्य में बाधा पहुंचाने के आरोप में पुलिस ने तीन नामजद समेत 40 से 50 अज्ञात लोगों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज की है.

थानाध्यक्ष अरविन्द कुमार गिरी ने बताया कि एसएसबी एम समवाय के उप निरीक्षक संतोष कुमार के आवेदन के आधार पर मामला दर्ज किया गया है.

छापेमारी के दौरान बाधा पहुंचाने का आरोप

प्राथमिकी के अनुसार, गुप्त सूचना के आधार पर अस्पताल चौक स्थित मिकरानी मेडिकल दुकान में छापेमारी की गई थी. सूचना थी कि दुकान में कथित रूप से नशीली दवाओं की बिक्री की जा रही है. आवेदन में आरोप लगाया गया है कि छापेमारी के दौरान दुकान संचालक के समर्थक बताए जा रहे 40-50 लोग मौके पर पहुंच गए और कार्रवाई में बाधा पहुंचाने का प्रयास किया. साथ ही धक्का-मुक्की और दुकान संचालक को छुड़ाने की कोशिश किए जाने का भी आरोप है.

प्रतिबंधित कफ सिरप बरामद होने का दावा

पुलिस के अनुसार, कार्रवाई के दौरान दुकान परिसर की तलाशी ली गई. इस दौरान दुकान के पीछे बनी अलमारी से काले रंग की पॉलिथीन में रखी गई कोडीन युक्त प्रतिबंधित कफ सिरप की नौ बोतलें बरामद की गईं. मामले में मो. साकिब और मो. आसिफ को हिरासत में लिया गया, जबकि मो. समीर के फरार होने की बात कही गई है.

दो आरोपित न्यायिक हिरासत में भेजे गए

थानाध्यक्ष ने बताया कि एसएसबी द्वारा दोनों आरोपितों को बरामद सामग्री के साथ पुलिस को सुपुर्द किया गया. इसके बाद प्राथमिकी दर्ज कर उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया. फरार आरोपित की गिरफ्तारी और अन्य अज्ञात लोगों की पहचान के लिए पुलिस कार्रवाई कर रही है.

क्षेत्र में चर्चा का विषय बनी कार्रवाई

घटना के बाद अस्पताल चौक और आसपास के क्षेत्रों में छापेमारी तथा हंगामे की चर्चा पूरे दिन होती रही. पुलिस के अनुसार, स्थिति को नियंत्रित करने के लिए अतिरिक्त एसएसबी जवानों को बुलाना पड़ा था.

वहीं, हंगामे के दौरान कुछ लोगों के घायल होने की भी सूचना है. बताया गया कि घायलों ने विभिन्न सरकारी और निजी अस्पतालों में इलाज कराया है. शनिवार रात डीएसपी सदर भी थाना पहुंचकर पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए.

विज्ञापन
Sarfaraz Ahmad

लेखक के बारे में

By Sarfaraz Ahmad

सरफराज अहमद IIMC से प्रशिक्षित पत्रकार हैं. राजनीति, समाज और हाइपरलोकल मुद्दों पर लिखते हैं. क्रिकेट और सिनेमा में गहरी रुचि रखते हैं. बीते तीन वर्षों से मीडिया क्षेत्र में सक्रिय हैं और वर्तमान में प्रभात खबर की डिजिटल टीम के साथ कार्यरत हैं।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन