शांति व उल्लास के साथ मना जश्न

Published at :02 Jan 2017 5:22 AM (IST)
विज्ञापन
शांति व उल्लास के साथ मना जश्न

नववर्ष . लोगों ने की आतिशबाजी, काटे केक, एक-दूसरे को देते रहे बधाई सीतामढ़ी : शनिवार की देर शाम से जश्न में लोग इस तरह डूबे रहे कि कब रात बीती और कब सुबह हुआ पता नहीं चला. नव वर्ष के स्वागत व बीते वर्ष की विदायी के लिये शनिवार की रात इलाके में जश्न […]

विज्ञापन

नववर्ष . लोगों ने की आतिशबाजी, काटे केक, एक-दूसरे को देते रहे बधाई

सीतामढ़ी : शनिवार की देर शाम से जश्न में लोग इस तरह डूबे रहे कि कब रात बीती और कब सुबह हुआ पता नहीं चला. नव वर्ष के स्वागत व बीते वर्ष की विदायी के लिये शनिवार की रात इलाके में जश्न का जो मंजर रहा, वहीं मंजर रविवार को अहले सुबह से देर शाम तक नजर आया. कहीं नव वर्ष पर डांस की मस्ती तो कहीं सांस्कृतिक कार्यक्रम. कहीं सेल्फी लेने की होड़ तो कहीं पिकनिक का उत्साह, तो कहीं भजन और कीर्तन का आयोजन. कहीं मंदिर व शिवालयों में दर्शन को उमड़ी भीड़ और मेले का लुत्फ उठाने का मंजर. जश्न का अलग – अलग रंग सोमवार को नवर्ष पर पूरे जिले में नजर आया. यूं तो शनिवार की आधी रात के बाद ही इलाका नव वर्ष के जश्न में डूब गया था. आतिशबाजी व पटाखों की धमाके की आवाज के साथ ही इलाके में नव वर्ष के जश्न का आगाज हो गया था,
साथ ही बधाईयों का सिलसिला आम हो गया था, लेकिन रविवार को सुबह होते ही सीतामढ़ी शहर से लेकर गांव तक पूरे जिले की फिजां में उत्साह व उल्लास का रंग उमड़ पड़ा. एक ओर जहां लोग पिकनिक मनाकर व डांस की मस्ती काट खुशी बांटते नजर आये, वहीं बड़ी संख्या में लोग मंदिरों में पूजन करते नजर आये. कुल मिलाकर शांति व उल्लास के साथ नव वर्ष के जश्न का समापन हो गया. विधि व्यवस्था के मद्देनजर शहर के चप्पे-चप्पे पर सशस्त्र बल तैनात रहे.
दूध व पनीर की रही किल्लत. नव वर्ष का जश्न मनाने की वैसे तो लंबे समय से ही तैयारी चल रहीं थी, लेकिन शनिवार की आधी रात के बाद इलाका जश्न में डूब गया. लोगों ने केक काट कर व आतिशबाजी का नव वर्ष का शानदार स्वागत किया. रविवार को सुबह होते ही लोग चिकेन-मटन की खरीदारी में लग गये. लिहाजा जमकर बकरे कटे और मुर्गा भी जमकर बिका. मिठाई दुकानों में भी उतनी ही भीड़ रहीं. हालांकि दूध वाहन के देरी से आने के कारण इलाके में दूध व पनीर की किल्लत रहीं.
पिकनिक मनाते नजर आये बच्चे व युवा. जिले में नव वर्ष पर जश्न मनाने के लिये रविवार को सभी पिकनिक स्पाट तैयार रहे. शहर स्थित नगर उधान के अलावा पुनौरा धाम व गिरमिसानी समेत विभिन्न पिकनिक स्पाट पर बच्चे व युवा जहां पिकनिक मनाते नजर आये, वहीं नव वर्ष के जश्न को यादगार बनाने में लगे रहे. पिकनिक मनाने को लेकर बच्चे व युवाओं में जबरदस्त उत्साह नजर आया. सभी हैप्पी न्यू इयर बोलकर जश्न मनाते नजर आये.
रेस्टोरेंट में भी दिखी भीड़. शहर होटल व रेस्टोरेंट भी नये साल के जश्न में डूबे रहे. रविवार को पूरे दिन होटल व रेस्टोरेंट में ग्राहकों की भीड़ उमड़ी रहीं. पूरे दिन लोग होटलों में आते रहे और लजीजदार व्यंजन का लुत्फ उठाते रहे. नव वर्ष को लेकर शहर के होटल व रेस्टोरेंट भी दुल्हन की तरह सजे रहे. रेस्टोरेंट संचालकों द्वारा नव वर्ष पर बंपर छूट व डिस्काउंट की सुविधा दिये जाने को लेकर रविवार को ग्राहकों की संख्या में काफी इजाफा हुआ. शहर के स्टेशन रोड स्थित बिरयानी महल रेस्टोरेंट के संचालक अभय सिंह ने इसे बंपर सीजन बताया.
सुरक्षा के थे कड़े इंतजाम. शहर में उमड़ने वाली भीड़ के मद्देनजर प्रशासन ने जगह-जगह दंडाधिकारियों के नेतृत्व में सशस्त्र बल को तैनात कर विधि व्यवस्था पर पैनी नजर रखी. जगह-जगह सशस्त्र बल तैनात रहे. वहीं नगर थानाध्यक्ष विशाल आनंद के नेतृत्व में पुलिस की टीम लगातार गश्त लगाती रहीं. जबकि मेहसौल ओपी व पुनौरा ओपी पुलिस भी लगातार गश्त लगाती रहीं. उधर, जानकी स्थान, पुनौरा धाम व हलेश्वर स्थान में सुरक्षा के पुख्ता बंदोबस्त रहे.
मेले का उठाया लुत्फ. जगह-जगह मेले का आयोजन किया गया थ. जहां लोगों ने जमकर खरीदारी की और मेले का आनंद उठाया. जानकी स्थान के पास मेला ग्राउंड में लोगों ने जमकर खरीदारी की तो डुमरा रोड फिजीकल गली में डिजनीलैंड मेले का लुत्फ उठाया. नव वर्ष को लेकर शहर में चहल पहल रही.
सेल्फी लेने की होड़. शहर लोगों की भीड़ से पटा रहा. चाहे पार्क हो या मंदिर या सार्वजनिक स्थल. लोगों की उमड़ी भीड़ से इलाका छोटा पड़ गया.
हर जगह लोग खुशी बांटते रहे. लेकिन इस दौरान सबसे ज्यादा दिखा सेल्फी लेने का जुनून. खास कर युवा पीढ़ी हर जगह स्मार्ट फोन से सेल्फी लेती दिखी. युवतियां भी सेल्फी लेने में पीछे नहीं रहीं.
नववर्ष के पहले दिन की सुबह पुनौराधाम में जुटी लोगों की भीड़.
डांस की मस्ती के बीच मना जश्न
शहर समेत विभिन्न इलाकों में नव वर्ष पर डांस व भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन जारी रहा. शहर के रीगा रोड स्थित होटल सिद्धिविनायक में फर्स्ट एंड लास्ट टीनेजर्स यूनियन के तत्वावधान में गीत, संगीत, नृत्य व कामेडी शो का आयोजन कर जश्न मनाया गया. कार्यक्रम का उदघाटन पूर्व मंत्री सुनील कुमार पिंटू ने किया. कार्यक्रम में मुंबई के हास्य कलाकार सत्यपाल ने लोगों को गुदगुदाया. पटना कीराक बैंड व डीजे के कलाकारों ने दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया. मौके पर चैम्बर ऑफ कामर्स के अध्यक्ष कैलाश हिसारिया, सितेश आनंद, रौनक हिसारिया, रोनित, विवेक, सूरज, किशन, दीपक, रोमित, अभिषेक, अमन, आर्यन, अमर, सौरभ, सचिन, अनिमेष, जयनंदन, चंदन, ललन, मयंक सुंदरका, युगलजी, पवन मस्करा, संतोष सर्राफ, गणेश सर्राफ, अंजनी हिसारिया, सुशील, अमित, डा धर्मेश, शशिरंजन, विशाल व रोहित आदि मौजूद थे.
मंदिरों में पूजा-अर्चना व दर्शन को उमड़ी भीड़
नव वर्ष पर रविवार को जिले के विभिन्न मंदिरों व शिवालयों में लोगों की भारी भीड़ उमड़ी रहीं. पुनौरा धाम, जानकी स्थान व हलेश्वर स्थान में सैकड़ों की भीड़ उमड़ी रहीं. अहले सुबह से देर शाम तक लोग कतारबद्ध होकर मंदिर व शिवालयों में पूजन, अर्चन व दर्शन करते रहे. साथ ही सुख, शांति व समृद्धि की कामना करते रहे. श्रद्धालुओं की उमड़ी भीड़ के मद्देनजर पुनौरा धाम, जानकी स्थान व हलेश्वर स्थान आदि स्थानों पर मंदिर प्रबंधन द्वारा विशेष तैयारी रहीं. जबकि तमाम मंदिर व शिवालयों में सशस्त्र बल तैनात रहे. उधर, शहर के कोट बाजार दुर्गा मंदिर, जानकी स्थान दुर्गा मंदिर, वैष्णवों देवी मंदिर, महारानी स्थान गुदरी, बाइपास राम जानकी मंदिर, कोट बाजार स्थित हनुमान मंदिर, जिला मुख्यालय डुमरा के शंकर चौक स्थित काली मंदिर, कैलाशपुरी स्थित चंडी धाम व आफिसर्स कालोनी स्थित शिव मंदिर में भी श्रद्धालुओं की भीड़ पूरे दिन उमड़ी रहीं.
विज्ञापन
Prabhat Khabar Digital Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन