Sitamarhi News: लोक अदालत में समझौते से सुलझे 2521 केस, करोड़ों रुपये की रिकवरी

जिला जज अखिलेश कुमार झा एवं प्रभारी जिला पदाधिकारी संजय कुमार, एसपी अमित रंजन व अन्य
Sitamarhi News: सिविल कोर्ट में राष्ट्रीय लोक अदालत के दौरान 2521 मामलों का निपटारा किया गया. मनी रिकवरी और ट्रैफिक चालान सहित विभिन्न वादों में कुल 1.78 करोड़ रुपये से अधिक की समझौता राशि वसूल की गई. जानिए खबर विस्तार से…
Sitamarhi News: जिला विधिक सेवा प्राधिकार के तत्वावधान में शनिवार को सिविल कोर्ट सीतामढ़ी में आयोजित राष्ट्रीय लोक अदालत ऐतिहासिक रही. जिला जज अखिलेश कुमार झा और सचिव संजना गांधी की देखरेख में आयोजित इस अदालत में कुल 2521 मामलों का आपसी सहमति से निष्पादन किया गया. इस दौरान समझौते के आधार पर कुल 1 करोड़ 78 लाख 26 हजार 37 रुपये की राशि वसूल की गई. सुबह 10 बजे से शुरू हुई यह कार्यवाही देर शाम तक चलती रही.
ट्रैफिक चालान और मनी रिकवरी में बड़ी सफलता
लोक अदालत में सबसे अधिक प्रभाव ट्रैफिक चालान और मनी रिकवरी के मामलों में देखा गया. ट्रैफिक चालान के कुल 1032 मामलों का निपटारा किया गया, जिससे जुर्माने के रूप में 33 लाख 7 हजार 325 रुपये प्राप्त हुए. वहीं, मनी रिकवरी से संबंधित 443 मामलों में रिकॉर्ड 1 करोड़ 37 लाख 3 हजार 337 रुपये की वसूली हुई. इसके अलावा बीएसएनएल के 16 मामलों में 1.34 लाख और बिजली विभाग के 6 मामलों में 30 हजार रुपये का समझौता हुआ.
13 बेंचों पर हुई सुनवाई, पारिवारिक विवाद भी सुलझे
लोक अदालत की सफलता के लिए कुल 13 बेंचों का गठन किया गया था. प्रत्येक बेंच में एक न्यायिक पदाधिकारी और एक पैनल अधिवक्ता मौजूद थे. न्यायालय से संबंधित 204 आपराधिक मामलों का भी सुलाह के आधार पर निपटारा किया गया. विशेष बात यह रही कि पारिवारिक विवाद के 2 मामलों को भी सुलझाया गया, जिसमें 2.25 लाख रुपये अदा किए गए. एनआई एक्ट (चेक बाउंस) के 5 मामलों में 3 लाख रुपये की वसूली की गई.इस अभियान में प्रधान न्यायाधीश हम्बीर सिंह बघेल, एडीजे ज्योति कुमारी सहित कई वरिष्ठ न्यायिक पदाधिकारियों और पैनल अधिवक्ताओं ने सक्रिय भूमिका निभाई. लोक अदालत में बैंक ऋण, श्रम विवाद, बीमा दावों और खनन विभाग से जुड़े मामलों का भी निपटारा किया गया.
सीतामढ़ी से अनिल कुमार की रिपोर्ट
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










