Sheohar News: थाना की टोचन गाड़ी की रस्सी टूटी, ऑटो से टक्कर में 6 लोग घायल
क्षतिग्रस्त ऑटो और मौके पर जुटी भीड़
Sheohar News: तरियानी थाना क्षेत्र के खाजेपुर पुल के पास थाना की खराब गाड़ी को टोचन से ले जाने के दौरान रस्सी टूट गई. अनियंत्रित वाहन ऑटो से टकरा गया, जिससे छह लोग घायल हो गए.
तरियानी (शिवहर) से मधुरेंद्र कुमार की रिपोर्ट
Sheohar News: शिवहर जिले के तरियानी थाना क्षेत्र में शुक्रवार को बड़ा सड़क हादसा हो गया. शिवहर-मुजफ्फरपुर मुख्य मार्ग पर खाजेपुर पुल के पास थाना की खराब गाड़ी को टोचन के सहारे खींचकर ले जाया जा रहा था. इसी दौरान रस्सी टूट गई और अनियंत्रित वाहन सड़क पर चल रहे ऑटो से टकरा गया. हादसे में ऑटो सवार छह लोग घायल हो गए.
खाजेपुर पुल के पास हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार तरियानी छपरा थाना की एक खराब गाड़ी को शिवहर से टोचन के जरिए लाया जा रहा था. खाजेपुर पुल के समीप अचानक टोचन की रस्सी टूट गई. इसके बाद पीछे चल रही गाड़ी का नियंत्रण बिगड़ गया और वह सामने जा रहे ऑटो से टकरा गई.
टक्कर इतनी तेज थी कि ऑटो में बैठे कई लोग घायल हो गए. स्थानीय लोगों के अनुसार कुछ घायलों की स्थिति गंभीर बताई जा रही है.
यह भी पढ़ें: लाल बकेया नदी में डूबने से दो बच्चों की मौत, चार को बचाया गया
हादसे के बाद मची अफरा-तफरी
दुर्घटना के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया. आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और राहत कार्य शुरू किया. सूचना मिलने पर तरियानी थाना और तरियानी छपरा थाना की पुलिस भी मौके पर पहुंची.
बेलहिया पंचायत के मुखिया प्रतिनिधि नीरज कुमार ने भी घटनास्थल पर पहुंचकर घायलों को अस्पताल पहुंचाने में सहयोग किया.
पूर्वी चंपारण के पांच लोग घायल
पुलिस के अनुसार हादसे में घायल छह लोगों में पांच लोग पूर्वी चंपारण जिले के राजेपुर थाना क्षेत्र के रहने वाले हैं. जबकि एक व्यक्ति हिरम्मा थाना क्षेत्र के निमाही गांव का निवासी बताया गया है.
सभी घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद शिवहर सदर अस्पताल भेजा गया, जहां उनका इलाज जारी है.
यह भी पढ़ें: तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक सवार परिवार को रौंदा, मां और 18 माह के बेटे की मौत
चालक ने बताई हादसे की वजह
घायल ऑटो चालक राजीव कुमार ने बताया कि वह यात्रियों को लेकर राजेपुर से शिवहर जा रहे थे. इसी दौरान सामने से टोचन के सहारे लाई जा रही पुलिस वाहन की रस्सी टूट गई.
उन्होंने बताया कि वाहन अनियंत्रित होकर सीधे उनके ऑटो से टकरा गया, जिससे सभी यात्री घायल हो गए.
पुलिस कर रही जांच
तरियानी के प्रभारी थानाध्यक्ष उपेंद्र कुमार ने बताया कि प्रारंभिक जांच में दुर्घटना की वजह टोचन की रस्सी टूटना प्रतीत हो रही है. पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है.
हादसे के बाद कुछ समय के लिए शिवहर-मुजफ्फरपुर मुख्य मार्ग पर यातायात प्रभावित रहा, जिसे बाद में सामान्य करा दिया गया.
यह भी पढ़ें: तेज रफ्तार पिकअप की टक्कर से छात्र की मौत, एक गंभीर घायल
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Sarfaraz Ahmad
सरफराज अहमद IIMC से प्रशिक्षित पत्रकार हैं. राजनीति, समाज और हाइपरलोकल मुद्दों पर लिखते हैं. क्रिकेट और सिनेमा में गहरी रुचि रखते हैं. बीते तीन वर्षों से मीडिया क्षेत्र में सक्रिय हैं और वर्तमान में प्रभात खबर की डिजिटल टीम के साथ कार्यरत हैं।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










