Sheohar News: 3 दिनों में छात्रों ने तैयार कर दिए अनोखे स्टार्टअप आइडियाज, जीईसी में मिस्ट्री स्टार्टअप चैलेंज
GEC शिवहर
Sheohar News: राजकीय इंजीनियरिंग कॉलेज शिवहर में स्टार्टअप सेल की ओर से आयोजित "मिस्ट्री स्टार्टअप चैलेंज" का फाइनल संपन्न हुआ. नौ टीमों ने अपने स्टार्टअप आइडिया प्रस्तुत किए. विशेषज्ञ पैनल ने मूल्यांकन किया, जबकि प्राचार्य ने छात्रों की रचनात्मक सोच की सराहना की. पढे़ं पूरी खबर…
शिवहर से मनीष नंदन सिंह की रिपोर्ट
Sheohar News: शिवहर के राजकीय इंजीनियरिंग कॉलेज (जीईसी) में नवाचार और उद्यमिता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से आयोजित “मिस्ट्री स्टार्टअप चैलेंज” का फाइनल राउंड सफलतापूर्वक संपन्न हो गया. कॉलेज के स्टार्टअप सेल की ओर से आयोजित इस ऑनलाइन प्रतियोगिता में छात्रों ने अपनी रचनात्मक सोच और उद्यमिता कौशल का शानदार प्रदर्शन किया.
प्रतियोगिता का संचालन छात्र समन्वयकों द्वारा किया गया. इसमें प्रतिभागियों को एक “मिस्ट्री बॉक्स” के माध्यम से कुछ रैंडम एलिमेंट्स दिए गए थे, जिनके आधार पर उन्हें दो से तीन दिनों के भीतर एक नया और व्यवहारिक स्टार्टअप आइडिया तैयार करना था.
9 टीमों ने फाइनल राउंड में बनाई जगह
प्रतियोगिता के विभिन्न चरणों के बाद कुल नौ टीमों ने फाइनल राउंड के लिए क्वालिफाई किया. फाइनल में पहुंची टीमों ने विशेषज्ञों के पैनल के सामने अपने स्टार्टअप आइडिया का लाइव प्रेजेंटेशन दिया.
छात्रों ने तकनीक, सामाजिक समस्याओं के समाधान और व्यवसायिक संभावनाओं से जुड़े कई नवाचारी विचार प्रस्तुत किए. प्रतियोगिता का मुख्य उद्देश्य छात्रों में समस्या समाधान, रचनात्मक सोच और उद्यमिता की भावना विकसित करना था.
विशेषज्ञ पैनल ने किया मूल्यांकन
फाइनल राउंड में प्रस्तुत स्टार्टअप आइडियाज का मूल्यांकन चार सदस्यीय विशेषज्ञ पैनल ने किया. जजों की टीम में निश्चय रंजन, अनुपम कुमार, जूही कुमारी और श्रेया शामिल थीं.
विशेषज्ञों ने टीमों के आइडिया, प्रस्तुति कौशल, व्यवहारिकता, नवाचार और संभावित प्रभाव के आधार पर उनका मूल्यांकन किया.
प्राचार्य ने की छात्रों की सराहना
कॉलेज के प्राचार्य डॉ. केशवेंद्र चौधरी ने प्रतियोगिता में भाग लेने वाले छात्रों की त्वरित सोच और रचनात्मकता की सराहना की. उन्होंने कहा कि सीमित समय में नए स्टार्टअप आइडिया तैयार करना छात्रों की प्रतिभा और नवाचार क्षमता को दर्शाता है.
उन्होंने भरोसा दिलाया कि भविष्य में भी इस तरह की इनोवेटिव गतिविधियों को कॉलेज का पूरा संस्थागत समर्थन मिलता रहेगा, ताकि छात्र उद्यमिता और स्टार्टअप संस्कृति की ओर प्रेरित हो सकें.
स्टार्टअप संस्कृति को मिलेगा बढ़ावा
कॉलेज प्रशासन का मानना है कि ऐसे आयोजनों से छात्रों को केवल तकनीकी ज्ञान ही नहीं मिलता, बल्कि वे वास्तविक समस्याओं के समाधान के लिए व्यावहारिक सोच विकसित करते हैं. इससे युवाओं में स्टार्टअप और आत्मनिर्भरता की भावना को भी बढ़ावा मिलता है. प्रतियोगिता के सफल आयोजन से छात्रों में खासा उत्साह देखने को मिला और भविष्य में भी ऐसे कार्यक्रमों के आयोजन की उम्मीद जताई गई.
यह भी पढे़ं: Sheohar News: पिपराही के सहयोग शिविर में पहुंचे मंत्री श्रवण कुमार, 62 में से 47 मामलों का मौके पर हुआ निपटारा
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Aniket Kumar
अनिकेत बीते 4 सालों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं. राजस्थान पत्रिका और न्यूजट्रैक जैसे मीडिया संस्थान के साथ काम करने का अनुभव. एंटरटेनमेंट, हाईपरलोकल और राजनीति की खबरों से अधिक जुड़ाव. वर्तमान में प्रभात खबर की डिजिटल टीम के साथ कार्यरत.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










