नाबालिग चालक की लापरवाही से बड़ा हादसा, रोहतास के चेनारी में यात्रियों से भरा ई-रिक्शा पलटा, 6 घायल

Published by : Aditya Kumar Ravi Updated At : 14 Jun 2026 6:10 PM

विज्ञापन

अनियंत्रित होकर पलटी ई-रिक्शा

Rohtas News: रोहतास के चेनारी में नाबालिग चालक की लापरवाही के कारण एक ई-रिक्शा अनियंत्रित होकर पलट गया. इस हादसे में महिलाओं और बच्चों समेत आधा दर्जन लोग घायल हो गए हैं, जिसके बाद क्षेत्र में बिना लाइसेंस वाहन चलाने वाले नाबालिगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग तेज हो गई है.

विज्ञापन

Rohtas News (संदेश जायसवाल): रोहतास जिले के नगर पंचायत चेनारी स्थित डाक बंगला मार्केट के समीप रविवार की शाम एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया. तेज रफ्तार और अनुभवहीन नाबालिग चालक के कारण एक ई-रिक्शा अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गया. इस दुर्घटना में महिलाओं, बच्चों और पुरुषों समेत करीब आधा दर्जन यात्री घायल हो गए. घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और आसपास के लोगों की भारी भीड़ जुट गई.

प्रत्यक्षदर्शी रामानुज मिश्रा ने बताया कि ई-रिक्शा का संचालन एक नाबालिग लड़का कर रहा था. वाहन में निर्धारित क्षमता से अधिक सवारियां बैठी थीं. डाक बंगला मार्केट के समीप पहुंचते ही चालक ने नियंत्रण खो दिया, जिससे वाहन असंतुलित होकर पलट गया. दुर्घटना में घायल यात्रियों को स्थानीय लोगों की मदद से तत्काल नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया. चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद सभी की स्थिति फिलहाल खतरे से बाहर बताई है.

नाबालिग चालकों और लाइसेंस पर उठे सवाल

इस घटना के बाद बाजार क्षेत्र में नाबालिगों द्वारा ई-रिक्शा और अन्य व्यावसायिक वाहनों के संचालन को लेकर आक्रोश देखा जा रहा है. स्थानीय नागरिकों का कहना है कि नगर क्षेत्र में बड़ी संख्या में किशोर बिना ड्राइविंग लाइसेंस के ई-रिक्शा चला रहे हैं. अनुभव की कमी और तेज रफ्तार के कारण सड़क दुर्घटनाओं की आशंका लगातार बनी रहती है. लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि ऐसे मामलों पर सख्ती बरती जाए और नियमित जांच अभियान चलाया जाए.

थानाध्यक्ष की चेतावनी: अभिभावकों पर भी होगी कार्रवाई

चेनारी थानाध्यक्ष दिनेश कुमार मालाकार ने बताया कि इस संबंध में अभी कोई आधिकारिक लिखित शिकायत प्राप्त नहीं हुई है. हालांकि, उन्होंने स्पष्ट किया कि पुलिस द्वारा समय-समय पर वाहन जांच अभियान चलाया जाता है और नाबालिग चालकों के खिलाफ कार्रवाई की जाती है.

“अभिभावक अपने नाबालिग बच्चों को मोटरसाइकिल, ई-रिक्शा या कोई भी अन्य वाहन चलाने के लिए न दें. यदि जांच के दौरान कोई नाबालिग वाहन चलाते हुए पकड़ा गया, तो वाहन मालिक और अभिभावक के विरुद्ध मोटर वाहन अधिनियम (MV Act) के तहत कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी.”

स्थानीय लोगों का कहना है कि डाक बंगला मार्केट क्षेत्र में दिनभर भारी भीड़ रहती है. ऐसे में नाबालिगों द्वारा वाहन चलाना किसी बड़े खतरे से कम नहीं है. लोगों ने जल्द से जल्द इस प्रवृत्ति पर रोक लगाने की मांग की है.

Also Read: नालंदा में कानूनी अधिकारों के प्रति ग्रामीणों को किया गया जागरूक, घरेलू हिंसा और बाल विवाह पर हुई चर्चा

विज्ञापन
Aditya Kumar Ravi

लेखक के बारे में

By Aditya Kumar Ravi

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन