रोहतास में ई-रिक्शा चालक को गोली मारकर लूटने वाले दो अपराधी गिरफ्तार, पुर्जे खोलकर बेचने की थी तैयारी

Published by : Aditya Kumar Ravi Updated At : 14 Jun 2026 4:47 PM

विज्ञापन

सांकेतिक तस्वीर

Rohtas News: रोहतास पुलिस ने नोखा में ई-रिक्शा चालक को गोली मारकर लूटपाट करने वाले गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए दो अपराधियों को गिरफ्तार किया है. पुलिस ने तकनीकी जांच और सीसीटीवी फुटेज की मदद से लूटी गई ई-रिक्शा बरामद कर ली है, जिसे अपराधी पुर्जे खोलकर बेचने की फिराक में थे.

विज्ञापन

Rohtas News (रंजन कुमार): रोहतास जिले के नोखा थाना क्षेत्र के जयनगरा-लख मार्ग पर बीते 11 जून की रात ई-रिक्शा चालक को गोली मारकर लूटपाट करने के मामले में पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है. पुलिस ने इस कांड में शामिल दो आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया है. गिरफ्तार आरोपितों की पहचान नोखा के सुअरा गांव निवासी मकसूद अंसारी और बिक्रमगंज निवासी अमित पटेल के रूप में हुई है. पुलिस ने इनके पास से लूटी गई ई-रिक्शा भी बरामद कर ली है.

रविवार को नोखा थाना परिसर में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान डीएसपी-2 संजीव कुमार ने मामले का खुलासा किया. उन्होंने बताया कि 11 जून की रात करीब एक बजे अपराधियों ने चालक गौतम कुमार को गोली मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया था और उसका ई-रिक्शा, मोबाइल व नकदी लेकर फरार हो गए थे.

सीसीटीवी और मोबाइल लोकेशन से खुला राज

घटना की गंभीरता को देखते हुए एसपी रौशन कुमार के निर्देश पर एक विशेष टीम का गठन किया गया था. टीम ने नोखा से सासाराम तक लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और तकनीकी अनुसंधान का सहारा लिया. जांच के दौरान मिले सुराग के आधार पर पहले सुअरा गांव से मकसूद अंसारी को दबोचा गया. उसकी निशानदेही पर बिक्रमगंज में छापेमारी कर अमित पटेल को गिरफ्तार किया गया और लूटी गई ई-रिक्शा बरामद की गई.

पुर्जे-पुर्जे खोलकर बेचने की थी योजना

पूछताछ में अपराधियों ने चौंकाने वाला खुलासा किया है. आरोपितों की योजना ई-रिक्शा को पूरी तरह खोलकर उसके अलग-अलग पुर्जों को बेचने की थी, ताकि वाहन की पहचान पूरी तरह मिटाई जा सके और पुलिस उन तक न पहुंच सके. हालांकि, पुलिस की त्वरित कार्रवाई ने अपराधियों के मंसूबों पर पानी फेर दिया.

घायल चालक का वाराणसी में चल रहा इलाज

लूटकांड में घायल ई-रिक्शा चालक गौतम कुमार की हालत अभी भी गंभीर बनी हुई है. प्राथमिक उपचार के बाद उसे वाराणसी स्थित ट्रॉमा सेंटर रेफर किया गया था, जहां विशेषज्ञ चिकित्सकों की देखरेख में उसका इलाज चल रहा है.

एसपी रौशन कुमार ने कहा कि गिरोह के अन्य सदस्यों के बारे में भी महत्वपूर्ण जानकारियां मिली हैं. पुलिस की टीमें संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी कर रही हैं और जल्द ही पूरे गिरोह का पर्दाफाश कर लिया जाएगा. फिलहाल गिरफ्तार दोनों आरोपितों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है. पुलिस की इस सफल कार्रवाई पर पीड़ित परिवार और स्थानीय लोगों ने टीम की सराहना की है.

Also Read: नालंदा में कानूनी अधिकारों के प्रति ग्रामीणों को किया गया जागरूक, घरेलू हिंसा और बाल विवाह पर हुई चर्चा

विज्ञापन
Aditya Kumar Ravi

लेखक के बारे में

By Aditya Kumar Ravi

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन