सारण में मानव तस्करी के खिलाफ जागरूकता कार्यशाला, विद्यार्थियों को सोशल मीडिया सुरक्षा की दी जानकारी

Updated:
विज्ञापन
फोटो | Prabhat Khabar Network

जागरूकता की जानकारी देते हुए

सारण के उमधा स्कूल में विश्व मानव व्यापार निषेध दिवस पर मानव तस्करी के खिलाफ जागरूकता कार्यशाला हुई. विद्यार्थियों को तस्करी और सोशल मीडिया सुरक्षा के प्रति जागरूक किया गया.

विज्ञापन

Saran News: विश्व मानव व्यापार निषेध दिवस के अवसर पर गुरुवार को स्वयंसेवी संस्था चाइल्ड केयर सोसाइटी, सारण की ओर से मानव सेवा संस्थान एवं कैंपेन अगेंस्ट चाइल्ड लेबर के सहयोग से उत्क्रमित उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, उमधा में ‘ट्रैफिकिंग इन पर्सन्स’ विषय पर जागरूकता कार्यशाला आयोजित की गयी. कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को मानव तस्करी जैसे गंभीर अपराध के प्रति जागरूक करना, पीड़ितों के अधिकारों की रक्षा के प्रति संवेदनशील बनाना और समाज को इसके खिलाफ एकजुट करना था.

नौकरी और शिक्षा के नाम पर तस्करी से रहें सावधान

कार्यशाला में विद्यार्थियों को बताया गया कि मानव तस्कर बच्चों और महिलाओं को नौकरी, शिक्षा, विवाह और अन्य तरह के प्रलोभन देकर अपने जाल में फंसाते हैं. इसके बाद उन्हें शोषण और तस्करी का शिकार बनाया जाता है. विद्यार्थियों को ऐसे प्रलोभनों से सावधान रहने तथा किसी भी अनजान व्यक्ति पर आसानी से भरोसा नहीं करने की सलाह दी गयी.

सोशल मीडिया के इस्तेमाल में बरतें सावधानी

कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग को लेकर भी जागरूक किया गया. उन्हें सलाह दी गयी कि सोशल मीडिया पर अनजान लोगों से बातचीत करते समय सतर्क रहें और किसी भी व्यक्ति को अपनी निजी जानकारी, फोटो या अन्य संवेदनशील जानकारी साझा नहीं करें. किसी संदिग्ध गतिविधि या व्यक्ति की जानकारी मिलने पर तत्काल अपने अभिभावक, शिक्षक या पुलिस को इसकी सूचना देने की अपील की गयी.

शिक्षकों ने भी विद्यार्थियों को किया जागरूक

विद्यालय के प्रधानाध्यापक प्रमोद कुमार सिंह, शिक्षिका सविता कुमारी सहित अन्य शिक्षकों ने भी कार्यशाला को संबोधित किया. उन्होंने विद्यार्थियों से सतर्क और जागरूक रहने की अपील करते हुए कहा कि मानव तस्करी को रोकने में जागरूकता की महत्वपूर्ण भूमिका है. विद्यार्थियों को अपने आसपास होने वाली संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने और जरूरत पड़ने पर इसकी जानकारी संबंधित अधिकारियों तक पहुंचाने के लिए प्रेरित किया गया.

मानव तस्करी के खिलाफ जागरूकता फैलाने का लिया संकल्प

कार्यक्रम में चाइल्ड केयर सोसाइटी, सारण के सचिव सुनील कुमार, अधिवक्ता जितेंद्र कुमार, राजेश कुमार सिंह, विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं तथा बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे. कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों ने मानव तस्करी के खिलाफ स्वयं जागरूक रहने और दूसरों को भी जागरूक करने का संकल्प लिया. साथ ही किसी भी संदिग्ध घटना की जानकारी तत्काल संबंधित अधिकारियों तक पहुंचाने की बात कही.

Also Read : VIDEO : बांकीपुर में वोटिंग के बीच प्रशांत किशोर पर क्या-क्या कह रहे सत्ताधारी नेता, एक जगह देखिए


विज्ञापन
अयूब राजा

लेखक के बारे में

By अयूब राजा

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन