मधेपुरा के बाबा सिंहेश्वर नाथ की नगरी में आज से राजकीय श्रावणी मेला, दोपहर 2 बजे होगा भव्य उद्घाटन
Singheshwar Shravani Mela 2026: मधेपुरा के सिंहेश्वर नाथ मंदिर में आज से राजकीय श्रावणी मेला 2026 शुरू हो रहा है. शिवभक्तों के लिए सुरक्षा और सुगम दर्शन के कड़े इंतजाम किए गए हैं.
Singheshwar Shravani Mela 2026: मधेपुरा के ऐतिहासिक बाबा सिंहेश्वर नाथ धाम में आज, 30 जुलाई को राजकीय श्रावणी मेला 2026 का विधिवत शुभारंभ होगा. दोपहर 2 बजे होने वाले उद्घाटन समारोह को लेकर पूरे क्षेत्र में भक्ति और उत्साह का माहौल है. नेपाल सहित उत्तर बिहार और देश के विभिन्न हिस्सों से श्रद्धालुओं का आगमन शुरू हो चुका है.
मधेपुरा जिले की धार्मिक पहचान माने जाने वाले बाबा सिंहेश्वर नाथ धाम में आज से विश्वप्रसिद्ध राजकीय श्रावणी मेला 2026 की भव्य शुरुआत होने जा रही है. सावन महीने के इस महापर्व को लेकर सिंहेश्वर नगरी पूरी तरह शिवमय हो चुकी है. मंदिर परिसर, मेला क्षेत्र और प्रमुख मार्गों पर श्रद्धालुओं की आवाजाही तेज हो गई है और ‘बोल बम’, ‘हर हर महादेव’ तथा ‘जय बाबा सिंहेश्वर नाथ’ के जयघोष से पूरा वातावरण गूंज उठा है.
सिंहेश्वर मंदिर न्यास समिति के अनुसार मेला का विधिवत उद्घाटन आज दोपहर 2 बजे होगा. इस अवसर पर क्षेत्र के श्रद्धालुओं, सनातन धर्माचार्यों, जनप्रतिनिधियों और गणमान्य लोगों को आमंत्रित किया गया है.
नेपाल और उत्तर बिहार से उमड़ने लगी श्रद्धालुओं की भीड़
श्रावणी मेला शुरू होने से पहले ही सिंहेश्वर में कांवरियों और श्रद्धालुओं का पहुंचना शुरू हो गया है. उत्तर बिहार के विभिन्न जिलों के अलावा पड़ोसी देश नेपाल से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु बाबा सिंहेश्वर नाथ के जलाभिषेक के लिए पहुंच रहे हैं.
गेरुआ वस्त्र धारण किए कांवरियों की लंबी कतारें, कंधों पर सजी कांवर और शिवभक्ति से ओतप्रोत वातावरण मेले की भव्यता को और बढ़ा रहा है. स्थानीय लोगों का कहना है कि आने वाले दिनों में श्रद्धालुओं की संख्या कई गुना बढ़ने की संभावना है.
प्रशासन और मंदिर न्यास समिति की संयुक्त तैयारी
सिंहेश्वर मंदिर न्यास समिति के प्रबंधक भवेश कुमार ने बताया कि इस वर्ष का राजकीय श्रावणी मेला केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि श्रद्धा, सेवा और सुव्यवस्थित प्रबंधन का उदाहरण होगा.
जिला प्रशासन और मंदिर न्यास समिति ने संयुक्त रूप से सुरक्षा, साफ-सफाई, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था, प्राथमिक चिकित्सा और भीड़ नियंत्रण के लिए व्यापक तैयारी की है. मंदिर परिसर से लेकर पूरे मेला क्षेत्र तक आवश्यक व्यवस्थाओं की निगरानी की जा रही है ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो.
जलाभिषेक के लिए विशेष व्यवस्था
लाखों श्रद्धालुओं की संभावित भीड़ को देखते हुए प्रशासन ने मंदिर परिसर में विशेष अर्घा व्यवस्था और बैरिकेडिंग की व्यवस्था की है. इसका उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि श्रद्धालु कतारबद्ध और सुरक्षित तरीके से बाबा सिंहेश्वर नाथ का जलाभिषेक कर सकें.
भीड़ प्रबंधन के लिए अतिरिक्त सुरक्षा बल की तैनाती भी की गई है और विभिन्न विभागों के अधिकारी लगातार तैयारियों की निगरानी कर रहे हैं.
धार्मिक और सांस्कृतिक पहचान का केंद्र है सिंहेश्वर धाम
बाबा सिंहेश्वर नाथ धाम उत्तर बिहार के प्रमुख शिव तीर्थों में से एक माना जाता है. सावन महीने में यहां लगने वाला राजकीय श्रावणी मेला केवल मधेपुरा ही नहीं, बल्कि पूरे कोसी और सीमांचल क्षेत्र की धार्मिक और सांस्कृतिक पहचान का महत्वपूर्ण केंद्र है.
हर वर्ष लाखों श्रद्धालु यहां पहुंचकर बाबा सिंहेश्वर नाथ का जलाभिषेक करते हैं और सुख, समृद्धि तथा मनोकामना पूर्ति की कामना करते हैं.
Singheshwar Shravani Mela 2026: न्यास समिति की श्रद्धालुओं से विशेष अपील
मंदिर न्यास समिति ने सभी श्रद्धालुओं और स्थानीय नागरिकों से बड़ी संख्या में उद्घाटन समारोह में शामिल होने की अपील की है. समिति का कहना है कि श्रद्धालुओं की गरिमामयी उपस्थिति से इस ऐतिहासिक और पवित्र आयोजन की शोभा और अधिक बढ़ेगी.
आज से शुरू होने वाला यह राजकीय श्रावणी मेला आने वाले कई दिनों तक भक्ति, सेवा और सामाजिक समरसता का केंद्र बना रहेगा.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By कुमार आशीष
कुमार आशीष 15 वर्षों से प्रभात खबर समूह के साथ पत्रकारिता जगत में सक्रिय हैं. दिल्ली विश्वविद्यालय से स्नातक और भारतीय विद्या भवन, नई दिल्ली से जनसंचार में डिग्री प्राप्त करने के बाद इन्होंने राजनीति, अपराध और कोसी अंचल की रिपोर्टिंग में अपनी एक विशिष्ट पहचान बनाई है. डिजिटल प्लेटफॉर्म पर पिछले पांच वर्षों से सक्रिय हैं. पत्रकारिता में उत्कृष्ट योगदान के लिए इन्हें नेपाल में 'अंतरराष्ट्रीय मैथिली युवा पत्रकारिता सम्मान' से नवाजा जा चुका है.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए