पटना: मेट्रो निर्माण के बीच नया ट्रैफिक प्लान तैयार, नेहरू पथ पर निजी वाहन चलेंगे, कमर्शियल वाहनों का रूट बदला

ट्रैफिक प्लान तैयार करते ट्रैफिक एसपी
पटना में नेहरू पथ पर मेट्रो निर्माण कार्य के कारण यातायात व्यवस्था में बड़ा बदलाव किया जा रहा है. ट्रैफिक पुलिस ने नया प्लान तैयार किया है, जो अगस्त के पहले सप्ताह से लागू हो सकता है. यह व्यवस्था मेट्रो निर्माण पूरा होने तक जारी रहेगी.
Patna traffic plan: नेहरू पथ (बेली रोड) पर मेट्रो स्टेशन निर्माण कार्य को देखते हुए ट्रैफिक पुलिस ने वाहनों के परिचालन के लिए नया ट्रैफिक प्लान तैयार कर लिया है. आयकर गोलंबर, विकास भवन और चिड़ियाघर गेट नंबर-1 के समीप मेट्रो निर्माण कार्य शुरू होने के कारण यातायात व्यवस्था में बदलाव किया जा रहा है. वरीय अधिकारियों की मंजूरी मिलने के बाद यह व्यवस्था अगस्त के पहले सप्ताह से लागू की जा सकती है.
ट्रैफिक एसपी की अध्यक्षता में हुई बैठक
गुरुवार को ट्रैफिक एसपी सागर कुमार की अध्यक्षता में हिंदुस्तान कंस्ट्रक्शन कंपनी, ऑटो यूनियन, बीएसआरटीसी प्रतिनिधियों तथा ट्रैफिक अधिकारियों के साथ बैठक हुई. बैठक में मेट्रो निर्माण के दौरान यातायात संचालन को लेकर अंतिम रूप से सहमति बनाई गई. अब प्रस्तावित प्लान को जिलाधिकारी और एसएसपी के अनुमोदन के लिए भेजा जाएगा.
नेहरू पथ पर दो लेन में चलेंगे निजी वाहन
नए ट्रैफिक प्लान के तहत मेट्रो निर्माण के लिए उपयोग में ली जा रही जगह को छोड़कर बचे हुए हिस्से में दो लेन तैयार किए जाएंगे. इन लेनों पर निजी वाहनों का आवागमन जारी रहेगा. आयकर गोलंबर से सगुना मोड़ और सगुना मोड़ से आयकर गोलंबर तक निजी वाहन पहले की तरह नेहरू पथ का उपयोग कर सकेंगे. इससे आम यात्रियों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है.
कमर्शियल वाहनों के लिए वैकल्पिक रूट
टेंपो, ई-रिक्शा और बस जैसे कमर्शियल वाहनों का परिचालन नेहरू पथ पर पूरी तरह बंद रहेगा. इन वाहनों को वैकल्पिक मार्गों से होकर गुजरना होगा. आयकर गोलंबर से आने वाले कमर्शियल वाहनों को वीरचंद पटेल पथ, आर ब्लॉक गोलंबर, मंदिरी नाला रोड, बांसघाट और पटना-दीघा मार्ग की ओर डायवर्ट किया जाएगा. वहीं सगुना मोड़ की ओर से आने वाले वाहन दीघा-आशियाना रोड का उपयोग कर सकेंगे.
डुमरा चौकी से आगे नहीं जा सकेंगे कमर्शियल वाहन
नए प्लान के अनुसार कमर्शियल वाहनों को शेखपुरा मोड़ और डुमरा चौकी से आगे बढ़ने की अनुमति नहीं होगी. उन्हें डुमरा चौकी से एयरपोर्ट की ओर मोड़ दिया जाएगा. वहां से वाहन पटेल गोलंबर, विधानसभा, अटल पथ, आर ब्लॉक चौराहा और जीपीओ गोलंबर स्थित मल्टी मॉडल हब तक पहुंच सकेंगे.
अगस्त के पहले सप्ताह से लागू हो सकती है व्यवस्था
ट्रैफिक एसपी सागर कुमार ने बताया कि नेहरू पथ पर वाहनों के परिचालन को लेकर ट्रैफिक प्लान तैयार कर लिया गया है. जिलाधिकारी और एसएसपी की स्वीकृति मिलने के बाद इसे अगस्त के पहले सप्ताह से लागू कर दिया जाएगा. मेट्रो निर्माण कार्य पूरा होने तक यही ट्रैफिक व्यवस्था प्रभावी रहेगी.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










