पटना में लोकभवन की महिला अधिकारी के फ्लैट पर फायरिंग की आशंका, खिड़की का शीशा टूटा

फायरिंग के बाद खिड़की का शीशा टूट गया
पटना के गांधी मैदान थाना क्षेत्र में लोकभवन की एक महिला अधिकारी के फ्लैट की खिड़की का शीशा टूटने का मामला सामने आया है. घटना के बाद फायरिंग की आशंका जताई जा रही है, हालांकि पुलिस अभी स्पष्ट नहीं कर पाई है कि गोली चली थी या नहीं. मामले की जांच जारी है.
Patna Firing: गांधी मैदान थाना क्षेत्र के दलदली के समीप बंपर टोला स्थित एक अपार्टमेंट में लोकभवन में संयुक्त सचिव पद पर कार्यरत महिला अधिकारी रीता सिन्हा के फ्लैट की खिड़की का शीशा टूटने का मामला सामने आया है. घटना के बाद फायरिंग की आशंका जताई जा रही है. हालांकि पुलिस अभी यह स्पष्ट नहीं कर पाई है कि गोली हथियार से चली थी या एयरगन से. मामले की जांच जारी है.
खिड़की के शीशे में मिला छेद
जानकारी के अनुसार, रीता सिन्हा का परिवार बंपर टोला स्थित जितेन रेजिडेंसी के फ्लैट नंबर-301 में रहता है. परिवार के अनुसार, बुधवार की रात किसी ने फ्लैट के बेडरूम की ओर गोली चलाई, जो खिड़की में जाकर लगी. घटना में खिड़की का शीशा टूट गया और पर्दे में भी छेद हो गया. परिजनों का कहना है कि घटना के समय वे फ्लैट में मौजूद नहीं थे. गुरुवार को वापस लौटने पर खिड़की का शीशा टूटा हुआ मिला, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई.
एफएसएल टीम ने किया निरीक्षण
मामले की सूचना मिलने पर गांधी मैदान थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की. इसके बाद फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी (एफएसएल) की टीम को भी बुलाया गया. टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाने का प्रयास किया. हालांकि जांच के दौरान किसी प्रकार का पिलेट या गोली बरामद नहीं हो सका है.
पुलिस ने क्या कहा
गांधी मैदान थाना के प्रभारी थानाध्यक्ष ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है. प्रारंभिक जांच में गोली चलने का स्पष्ट प्रमाण नहीं मिला है. घटनास्थल से न तो कोई पिलेट बरामद हुआ है और न ही शीशे पर बारूद या फायरिंग से जुड़े स्पष्ट निशान मिले हैं. पुलिस का कहना है कि एफएसएल रिपोर्ट और अन्य तकनीकी जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी. फिलहाल सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच जारी है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










