पटना-गया एनएच-22 पर थार की टक्कर से ई-रिक्शा चालक की मौत, महिला समेत दो गंभीर

घटना के बाद की तस्वीर
पटना-गया राष्ट्रीय राजमार्ग पर एक तेज रफ्तार थार वाहन ने पीछे से ई-रिक्शा को जोरदार टक्कर मार दी. इस भीषण हादसे में ई-रिक्शा चालक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक महिला समेत दो यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए.
Patna road accident: पटना-गया-डोभी राष्ट्रीय राजमार्ग (एनएच-22) पर पुनपुन प्रखंड के केवड़ा ओपी क्षेत्र स्थित पोठही के पास गुरुवार शाम एक तेज रफ्तार थार वाहन ने पीछे से ई-रिक्शा में जोरदार टक्कर मार दी. हादसा इतना भीषण था कि ई-रिक्शा के परखच्चे उड़ गए और चालक की मौके पर ही मौत हो गई. वहीं एक महिला समेत दो यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए.
मौके पर ही चालक की हुई मौत
मृतक की पहचान पुनपुन थाना क्षेत्र के चिनियाबेला निवासी नंदू यादव के 55 वर्षीय पुत्र हरिवंश यादव के रूप में की गई है. हादसे में धनरूआ थाना क्षेत्र के हिरणचक सोनमई निवासी फुलमंती देवी (35) तथा पुनपुन थाना क्षेत्र के मनोरा निवासी पंकज कुमार (35) गंभीर रूप से घायल हो गए. दोनों घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए पटना रेफर कर दिया गया है.
नदवां से पुनपुन जा रहा था ई-रिक्शा
प्राप्त जानकारी के अनुसार, गुरुवार दोपहर बाद ई-रिक्शा नदवां से सवारियों को लेकर पुनपुन की ओर जा रहा था. इसी दौरान पोठही के पास पीछे से तेज गति से आ रही अनियंत्रित थार ने ई-रिक्शा को जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर की तीव्रता इतनी अधिक थी कि ई-रिक्शा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और चालक हरिवंश यादव ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया.
वाहन छोड़कर फरार हुआ चालक
हादसे के बाद थार चालक कुछ दूरी पर वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया. सूचना मिलने पर केवड़ा ओपी पुलिस तत्काल घटनास्थल पर पहुंची और दुर्घटनाग्रस्त थार तथा क्षतिग्रस्त ई-रिक्शा को जब्त कर लिया. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और फरार चालक की तलाश में जुट गई है.
परिवार में मचा कोहराम
घटना की सूचना मिलते ही मृतक के परिजनों में कोहराम मच गया. स्थानीय लोगों ने हादसे पर दुख जताते हुए एनएच-22 पर तेज रफ्तार वाहनों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है. पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और फरार चालक की पहचान कर उसकी गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










