बक्सर: चौसा की 9 पंचायतों में 1 अगस्त से मनरेगा योजनाओं की होगी जांच, सोशल ऑडिट टीम करेगी जमीनी पड़ताल

बैठक करते पीओ | Prabhat Khabar Network
बक्सर के चौसा प्रखंड में मनरेगा के तहत हुए विकास कार्यों की जांच 1 अगस्त से शुरू होगी। सामाजिक अंकेक्षण से योजनाओं में पारदर्शिता और जवाबदेही बढ़ेगी।
Buxar News : बक्सर जिला के चौसा प्रखंड क्षेत्र की सभी नौ पंचायतों में वर्ष 2025 के दौरान मनरेगा के तहत कराए गए विकास कार्यों का सामाजिक अंकेक्षण (सोशल ऑडिट) 1 अगस्त से शुरू होगा. इसे लेकर गुरुवार को चौसा मनरेगा कार्यालय में कार्यक्रम पदाधिकारी (पीओ) अरुण कुमार की अध्यक्षता में पंचायत रोजगार सेवकों और कर्मियों के साथ तैयारी बैठक आयोजित की गई.
जिले की टीम करेगी योजनाओं की जमीनी जांच
बैठक में बताया गया कि जिले से आए सामाजिक अंकेक्षण दल के सदस्य प्रभु कुमार और रेखा देवी के नेतृत्व में टीम सभी पंचायतों में योजनाओं का भौतिक सत्यापन करेगी. जांच के दौरान विकास कार्यों की गुणवत्ता, मजदूरों की भागीदारी, खर्च की गई राशि और अभिलेखों का मिलान किया जाएगा.
इन योजनाओं की होगी विशेष जांच
सामाजिक अंकेक्षण के दायरे में करहा सफाई, मिट्टी कार्य, पौधारोपण, शॉकपिट निर्माण, फेबर ब्लॉक निर्माण समेत मनरेगा के तहत कराए गए अन्य विकास कार्य शामिल रहेंगे. टीम प्रत्येक योजना का स्थल निरीक्षण कर रिकॉर्ड से उसका मिलान करेगी.
दस्तावेज तैयार रखने का निर्देश
कार्यक्रम पदाधिकारी अरुण कुमार ने पंचायत रोजगार सेवकों को निर्देश दिया कि मस्टर रोल, कार्य विवरणी और योजनाओं से जुड़े सभी आवश्यक दस्तावेज समय पर उपलब्ध कराएं, ताकि अंकेक्षण प्रक्रिया सुचारु रूप से पूरी हो सके.
पारदर्शिता और जवाबदेही बढ़ाने पर जोर
पीओ अरुण कुमार ने कहा कि सामाजिक अंकेक्षण का उद्देश्य मनरेगा योजनाओं में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करना है. साथ ही ग्रामीणों को योजनाओं की जानकारी देकर अंकेक्षण प्रक्रिया में उनकी सक्रिय भागीदारी भी सुनिश्चित की जाएगी.
बैठक में कई अधिकारी रहे मौजूद
तैयारी बैठक में पीटीए, कनीय अभियंता, पंचायत रोजगार सेवक और मनरेगा कार्यालय के कर्मी उपस्थित रहे. सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को सामाजिक अंकेक्षण दल को पूरा सहयोग देने तथा आवश्यक तैयारियां समय पर पूरी करने के निर्देश दिए गए.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










