मसौढ़ी में पुलिस टीम पर हमले के बाद बांसडीह मुसहरी में ताबड़तोड़ छापेमारी, 26 नामजद, चार गिरफ्तार

सांकेतिक तस्वीर
मसौढ़ी अनुमंडल के लहसुना थाना क्षेत्र में पुलिस पर हुए हमले से गांव में तनाव है. एसआई समेत चार पुलिसकर्मी घायल हुए थे. मामले में 26 नामजद आरोपियों पर FIR दर्ज की गई है और चार को गिरफ्तार किया जा चुका है. पुलिस शराब कारोबार के पहलू की भी जांच कर रही है.
Patna police attack: मसौढ़ी अनुमंडल के लहसुना थाना क्षेत्र स्थित बांसडीह मुसहरी में पुलिस गश्ती दल पर हुए हमले के बाद गांव में तनावपूर्ण शांति बनी हुई है. घटना के बाद पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई शुरू कर दी है. अब तक एक महिला समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है, जबकि अन्य की तलाश में लगातार छापेमारी जारी है. पुलिस की सक्रियता बढ़ने के बाद कई आरोपी घर छोड़कर फरार बताए जा रहे हैं.
एसआई के बयान पर दर्ज हुई प्राथमिकी
मामले में हमले में घायल लहसुना थाना के पुलिस अवर निरीक्षक सुदर्शन कुमार के बयान पर 26 नामजद और अन्य अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है. आरोपियों पर पुलिस टीम पर जानलेवा हमला करने, सरकारी कार्य में बाधा पहुंचाने, सरकारी वाहन को क्षतिग्रस्त करने और सरकारी राइफल छीनने के प्रयास समेत कई गंभीर धाराओं में मामला दर्ज किया गया है.
गश्ती वाहन रोककर किया गया हमला
थानाध्यक्ष विक्रम कुमार ने बताया कि बुधवार को गश्त कर लौट रही पुलिस टीम की गाड़ी जैसे ही बांसडीह मुसहरी पहुंची, कुछ लोगों ने सड़क पर ताड़ का डंपल फेंककर वाहन रोकने की कोशिश की. इसके बाद पुलिस वाहन पर पथराव शुरू कर दिया गया और लाठी-डंडों से पुलिसकर्मियों पर हमला कर दिया गया.
चार पुलिसकर्मी हुए घायल
हमले में एसआई सुदर्शन कुमार के अलावा महिला पुलिसकर्मी पल्लवी कुमारी, खुशी कुमारी और प्रीति कुमारी घायल हो गईं. सभी घायलों का स्थानीय अस्पताल में उपचार कराया गया.
विशेष टीम कर रही छापेमारी
घटना के बाद अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया. टीम ने गांव में सघन छापेमारी अभियान चलाया. बुधवार को तीन आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद गुरुवार को नामजद आरोपी स्वर्गीय निरंजन मांझी की विधवा ज्ञान्ती देवी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया.
शराब कारोबार को लेकर बढ़ा था तनाव
स्थानीय स्तर पर चर्चा है कि बांसडीह मुसहरी के कुछ लोग अवैध शराब निर्माण और कारोबार से जुड़े हुए हैं. पुलिस लगातार गांव में शराब के खिलाफ अभियान चला रही थी, जिससे नाराज लोगों ने एकजुट होकर पुलिस टीम पर हमला कर दिया. पुलिस अधिकारियों ने भी इस पहलू की जांच और पड़ताल की बात स्वीकार की है.
खबर का सार
लहसुना थाना क्षेत्र के बांसडीह मुसहरी में पुलिस गश्ती दल पर हुए हमले के मामले में 26 नामजद आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है. अब तक चार लोगों की गिरफ्तारी हो चुकी है और अन्य आरोपियों की तलाश में पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है. हमले में एक एसआई समेत चार पुलिसकर्मी घायल हुए थे.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










