लोहरदगा में दिनदहाड़े स्टोर संचालक की गोली मारकर हत्या, पावरगंज चौक जाम, शहर में दहशत

Updated:
विज्ञापन
मामले की जानकारी जुटाते पुलिस अधिकारी

मामले की जानकारी जुटाते पुलिस अधिकारी

लोहरदगा शहर के पतरा टोली में गुरुवार शाम एक व्यवसायी शुभम साहू की दुकान में घुसकर अपराधियों ने गोली मारकर हत्या कर दी. वारदात के बाद शहर में दहशत का माहौल है और पुलिस अपराधियों की तलाश में जुटी है.

विज्ञापन

गोपी कुंवर

लोहरदगा शहर में गुरुवार शाम बेखौफ अपराधियों ने दिनदहाड़े एक व्यवसायी की गोली मारकर हत्या कर दी. शहर के पतरा टोली स्थित प्रिया स्टोर के संचालक शुभम साहू की दुकान में घुसकर गोली मार दी गई. वारदात को अंजाम देने के बाद पल्सर बाइक पर सवार दोनों अपराधी मौके से फरार हो गए. घटना के बाद पूरे शहर में दहशत का माहौल है. मृतक शुभम साहू, सुनील साहू के पुत्र थे. उनका मूल घर किसको थाना क्षेत्र के नारी नवाडीह गांव में है. वर्तमान में वह लोहरदगा शहर के किसको मोड़ के पास रहकर प्रिया स्टोर का संचालन करते थे.

एक आरोपी ने चलाई गोली, दूसरा बाइक पर करता रहा इंतजार

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, शाम के समय पल्सर बाइक पर सवार दो युवक दुकान के सामने पहुंचे. एक युवक बाइक स्टार्ट कर बाहर खड़ा रहा, जबकि दूसरा दुकान के अंदर गया और शुभम साहू पर गोली चला दी. गोली चलने की आवाज सुनकर आसपास के दुकानदार और स्थानीय लोग बाहर निकले, लेकिन तब तक दोनों अपराधी फरार हो चुके थे. कई लोगों ने बताया कि पहले उन्हें लगा कि किसी वाहन का टायर फटा है, इसलिए घटना की गंभीरता का तुरंत अंदाजा नहीं हो सका.

अस्पताल पहुंचने से पहले तोड़ दिया दम

गोली लगने के बाद स्थानीय लोगों ने गंभीर रूप से घायल शुभम साहू को तत्काल लोहरदगा सदर अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया. घटना की सूचना मिलते ही उनके माता-पिता अस्पताल पहुंचे. बेटे का शव देखते ही परिवार में कोहराम मच गया. बताया जा रहा है कि शुभम अपने माता-पिता के इकलौते पुत्र थे.

सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस

वारदात की सूचना मिलते ही पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और दुकान को सील कर जांच शुरू कर दी. पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है. साथ ही तकनीकी और वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर अपराधियों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है और जल्द ही पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा.

एक ही दिन तीन वारदात की चर्चा, पुलिस ने नहीं की पुष्टि

स्थानीय लोगों का दावा है कि इसी दिन अपराधियों ने अपर बाजार स्थित खत्री ज्वेलर्स और पतरा टोली स्थित एक पेट्रोल पंप पर भी लूट का प्रयास किया था. दोनों जगह असफल रहने के बाद उन्होंने प्रिया स्टोर में गोलीकांड को अंजाम दिया. हालांकि, पुलिस ने इन घटनाओं के आपसी संबंध या इस दावे की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है. जांच पूरी होने के बाद ही स्थिति स्पष्ट होने की बात कही जा रही है.

हत्या के विरोध में सड़क जाम, गिरफ्तारी की मांग

घटना से आक्रोशित ग्रामीणों, व्यापारियों और स्थानीय लोगों ने पावरगंज चौक को जाम कर दिया. प्रदर्शनकारियों ने आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी, कड़ी कार्रवाई और शहर में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की. दिनदहाड़े हुई इस हत्या के बाद व्यापारियों और आम लोगों में भारी आक्रोश है. शहर में तनावपूर्ण स्थिति को देखते हुए पुलिस सतर्क है और संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है.

ये भी पढ़ें...

झारखंड के सदर अस्पतालों में PPP मोड की पैथोलॉजी सेवाएं होंगी बंद, सरकारी जांच को बढ़ावा

कई दशक से आतंक मचा रहा था मिसिर बेसरा, गिरफ्तारी से टूटी माओवाद की कमर, लाल आतंक का अंत


विज्ञापन
अमलेश नंदन सिन्हा

लेखक के बारे में

By अमलेश नंदन सिन्हा

अमलेश नंदन सिन्हा प्रभात खबर डिजिटल में वरिष्ठ पत्रकार के रूप में कार्यरत हैं. इनके पास हिंदी पत्रकारिता में 20 से अधिक वर्षों का अनुभव है. रांची विश्वविद्यालय से पत्रकारिता की पढ़ाई करने के बाद से इन्होंने कई समाचार पत्रों के साथ काम किया. इन्होंने पत्रकारिता की शुरुआत रांची एक्सप्रेस से की, जो अपने समय में झारखंड के विश्वसनीय अखबारों में से एक था. एक दशक से ज्यादा समय से ये डिजिटल के लिए काम कर रहे हैं. झारखंड की खबरों के अलावा, समसामयिक विषयों के बारे में भी लिखने में रुचि रखते हैं. विज्ञान और आधुनिक चिकित्सा के बारे में देखना, पढ़ना और नई जानकारियां प्राप्त करना इन्हें पसंद है.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola