गुमला में पुलिस शेड तोड़े जाने पर सियासी बवाल, गुरुजी की प्रतिमा निर्माण पर भाजपा-झामुमो आमने-सामने

निर्माणस्थल पर मौजूद स्थानीय लोग
गुमला में शहीद चौक पर पुलिस शेड तोड़े जाने के बाद भाजपा और झामुमो के बीच राजनीतिक घमासान मचा हुआ है. मामला दिशोम गुरु शिबू सोरेन की प्रतिमा स्थापना से जुड़ा है, जिसने शहर का माहौल गरमा दिया है.
गुमला शहर के शहीद चौक (टावर चौक) के समीप स्थित पुलिस शेड तोड़े जाने के बाद राजनीतिक विवाद गहरा गया है. दिशोम गुरु शिबू सोरेन की प्रतिमा स्थापना को लेकर भाजपा और झामुमो आमने-सामने आ गए हैं. गुरुवार को शेड तोड़े जाने के विरोध में भाजपा नेताओं और स्थानीय लोगों ने नगर परिषद का घेराव किया, जबकि झामुमो नेताओं ने कहा कि प्रतिमा स्थापना का कार्य सरकार के निर्देश पर कराया जा रहा है.
पुलिस शेड हटाने पर भाजपा ने जताया विरोध
शेड तोड़े जाने की सूचना मिलने पर भाजपा और नगर परिषद के कई प्रतिनिधि शहीद चौक पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया. इस दौरान मौके पर मौजूद झामुमो नेताओं और भाजपा कार्यकर्ताओं के बीच तीखी नोकझोंक हो गई. भाजपा नेताओं का कहना था कि शहीद चौक शहर का महत्वपूर्ण स्थल है, जहां राष्ट्रीय पर्वों और विशेष अवसरों पर शहीदों को श्रद्धांजलि दी जाती है. साथ ही यहां बना पुलिस शेड सुरक्षा, गश्त और यातायात व्यवस्था के लिए उपयोगी था. उनका आरोप है कि बिना प्रशासनिक अनुमति के पुलिस शेड को तोड़ दिया गया.
वहीं झामुमो नेता अनवर ने कहा कि झारखंड के महान नेता दिशोम गुरु शिबू सोरेन की प्रतिमा लगाने के लिए जमीन तैयार की जा रही है. प्रतिमा स्थापना के बाद पुलिस शेड का नए सिरे से निर्माण कराया जाएगा.
नगर परिषद अध्यक्ष और ईओ को सौंपा ज्ञापन
विवाद बढ़ने के बाद भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष विजय कुमार मिश्रा समेत कई नेताओं और स्थानीय लोगों ने नगर परिषद कार्यालय पहुंचकर अध्यक्ष शकुंतला उरांव और कार्यपालक पदाधिकारी मनीष कुमार को ज्ञापन सौंपा. ज्ञापन में आरोप लगाया गया कि पुलिस पिकेट को तोड़कर अवैध निर्माण कराया जा रहा है, जिससे सामाजिक असंतोष की स्थिति उत्पन्न हो सकती है. लोगों ने कहा कि पुलिस शेड रहने से चौक पर लगातार पुलिस की मौजूदगी रहती थी और इससे कानून-व्यवस्था बनाए रखने में मदद मिलती थी.
ईओ बोले- नगर परिषद से नहीं ली गई अनुमति
भाजपा नेताओं ने नगर परिषद अध्यक्ष और कार्यपालक पदाधिकारी से पूछा कि पुलिस शेड तोड़ने और प्रतिमा स्थापना के लिए किसका आदेश है. कार्यपालक पदाधिकारी मनीष कुमार ने बताया कि नगर परिषद से इस संबंध में किसी प्रकार की एनओसी या अनुमति नहीं ली गई है. उन्होंने कहा कि उन्हें भी निर्माण कार्य की जानकारी बाद में मिली. नगर परिषद की टीम ने जांच में पाया कि वहां दिशोम गुरु शिबू सोरेन की प्रतिमा स्थापित करने की तैयारी चल रही है. उन्होंने यह भी कहा कि यह कार्य वरीय अधिकारियों के निर्देश पर कराया जा रहा है और इस मामले में वे स्वयं कोई कार्रवाई करने की स्थिति में नहीं हैं.
निर्माण स्थल पर गरमाया माहौल
नगर परिषद कार्यालय से निकलने के बाद अध्यक्ष शकुंतला उरांव स्थानीय लोगों के आग्रह पर शहीद चौक पहुंचीं. उन्होंने निर्माण करा रहे मजदूरों से जानकारी ली, लेकिन मजदूर स्पष्ट जवाब नहीं दे सके. इसके बाद अध्यक्ष ने तत्काल निर्माण कार्य रोकने का निर्देश दिया. इसी दौरान झामुमो नेता भी मौके पर पहुंच गए, जिसके बाद भाजपा नेताओं, स्थानीय लोगों और झामुमो समर्थकों के बीच तीखी बहस शुरू हो गई.
स्थानीय लोगों ने कहा कि दिशोम गुरु शिबू सोरेन झारखंड के महान नेता हैं, लेकिन उनकी प्रतिमा किसी उपयुक्त और सम्मानजनक स्थान पर स्थापित की जानी चाहिए. उनका कहना था कि शहीद चौक पहले से ही शहीदों की स्मृति से जुड़ा स्थल है और यहां प्रतिमा स्थापित होने के बाद चौक की पहचान और नामकरण को लेकर भी विवाद खड़ा हो सकता है.
झामुमो का दावा- सरकार के आदेश पर हो रहा निर्माण
झामुमो नेताओं ने कहा कि प्रतिमा स्थापना का कार्य राज्य सरकार के निर्देश पर कराया जा रहा है. उन्होंने विरोध कर रहे लोगों से कहा कि यदि किसी को आपत्ति है तो वह सरकार के समक्ष अपनी बात रखे. फिलहाल नगर परिषद अध्यक्ष ने निर्माण कार्य पर रोक लगाने का निर्देश दिया है. पूरे मामले को लेकर शहर में राजनीतिक माहौल गर्म है और प्रशासन की अगली कार्रवाई पर सभी की नजर बनी हुई है.
ये भी पढ़ें...
झारखंड के सदर अस्पतालों में PPP मोड की पैथोलॉजी सेवाएं होंगी बंद, सरकारी जांच को बढ़ावा
कई दशक से आतंक मचा रहा था मिसिर बेसरा, गिरफ्तारी से टूटी माओवाद की कमर, लाल आतंक का अंत
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By अमलेश नंदन सिन्हा
अमलेश नंदन सिन्हा प्रभात खबर डिजिटल में वरिष्ठ पत्रकार के रूप में कार्यरत हैं. इनके पास हिंदी पत्रकारिता में 20 से अधिक वर्षों का अनुभव है. रांची विश्वविद्यालय से पत्रकारिता की पढ़ाई करने के बाद से इन्होंने कई समाचार पत्रों के साथ काम किया. इन्होंने पत्रकारिता की शुरुआत रांची एक्सप्रेस से की, जो अपने समय में झारखंड के विश्वसनीय अखबारों में से एक था. एक दशक से ज्यादा समय से ये डिजिटल के लिए काम कर रहे हैं. झारखंड की खबरों के अलावा, समसामयिक विषयों के बारे में भी लिखने में रुचि रखते हैं. विज्ञान और आधुनिक चिकित्सा के बारे में देखना, पढ़ना और नई जानकारियां प्राप्त करना इन्हें पसंद है.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










