सावन शुरू होते ही शिवमय हुआ बक्सर, गंगा घाटों पर उमड़ी भीड़, मंदिरों में जलाभिषेक के लिए भक्तों की कतार

Updated:
विज्ञापन
बक्सर में प्रभु श्रीराम के हांथों स्थापित श्री रामेश्वर नाथ मंदिर व रामरेखा घाट पर स्नान करते श्रद्धालु | Prabhat Khabar Network

बक्सर में प्रभु श्रीराम के हांथों स्थापित श्री रामेश्वर नाथ मंदिर व रामरेखा घाट पर स्नान करते श्रद्धालु | Prabhat Khabar Network

बक्सर में श्रावणी मेला का आगाज हो गया है। गंगा घाटों और शिवालयों में भक्तों की भारी भीड़ उमड़ी है। प्रशासन ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं।

विज्ञापन

Buxar News : भगवान शिव को समर्पित पवित्र सावन माह की शुरुआत गुरुवार से हो गई. सावन शुरू होते ही धार्मिक नगरी बक्सर पूरी तरह शिवभक्ति के रंग में रंग गई है. गंगा घाटों पर स्नान और जल भरने के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ने लगी है. शिवभक्त पवित्र गंगाजल लेकर बाबा के जलाभिषेक के लिए रवाना हो रहे हैं.

रामेश्वरनाथ से ब्रह्मेश्वरनाथ तक गूंजा हर-हर महादेव

सावन के पहले दिन शहर के प्रमुख शिवालयों बाबा रामेश्वरनाथ मंदिर, नाथ बाबा मंदिर और ब्रह्मपुर स्थित बाबा ब्रह्मेश्वरनाथ मंदिर समेत जिलेभर के शिव मंदिरों में श्रद्धालुओं की भीड़ जुटने लगी. मंदिरों में सुबह से ही पूजा-अर्चना और जलाभिषेक का दौर शुरू हो गया.

फूलों और रोशनी से सजे शिवालय, सोमवारी के लिए खास तैयारी

सावन को लेकर जिले के प्रमुख मंदिरों को आकर्षक तरीके से सजाया गया है. मंदिर परिसरों में लाइटिंग और फूलों की सजावट श्रद्धालुओं को आकर्षित कर रही है. पहली सोमवारी को लेकर बाबा के विशेष श्रृंगार और महाआरती की तैयारी भी की जा रही है.

घाटों पर सुरक्षा के लिए तैनात किए गए गोताखोर

श्रद्धालुओं की बढ़ती भीड़ को देखते हुए जिला प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत किया है. गंगा घाटों पर गोताखोरों की तैनाती की गई है. वहीं गहरे पानी वाले क्षेत्रों को चिन्हित कर श्रद्धालुओं को सतर्क किया जा रहा है.

बैरिकेडिंग और CCTV से होगी निगरानी

जलाभिषेक के दौरान श्रद्धालुओं को परेशानी न हो, इसके लिए कई स्थानों पर बैरिकेडिंग की व्यवस्था की गई है. मेला क्षेत्र और प्रमुख मंदिर परिसरों में सीसीटीवी कैमरों से निगरानी रखी जा रही है. प्रशासन ने पुलिस बल की तैनाती भी की है.

चार सोमवारी पर प्रशासन अलर्ट, 28 अगस्त को होगा समापन

सावन माह में इस बार कुल चार सोमवारी पड़ रही हैं. पहली सोमवारी 3 अगस्त, दूसरी 10 अगस्त, तीसरी 17 अगस्त और चौथी सोमवारी 24 अगस्त को होगी. प्रशासन ने सोमवारी के दिनों में उतरायणी गंगा घाटों से लेकर प्रमुख शिवालयों तक विशेष सुरक्षा व्यवस्था करने की तैयारी की है.

वहीं 28 अगस्त को रक्षा बंधन पर्व के साथ ही श्रावणी मेले का समापन होगा. प्रशासन और मंदिर प्रबंधन की ओर से श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए लगातार तैयारियों की निगरानी की जा रही है.


विज्ञापन
Onkar Nath Mishra

लेखक के बारे में

By Onkar Nath Mishra

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन