बक्सर: हड़ताल से पहले डुमरांव में सफाईकर्मियों का शक्ति प्रदर्शन, मशाल जुलूस निकाल सरकार के खिलाफ की नारेबाजी

Updated:
विज्ञापन
शहर में जुलूस निकालते सफाईकर्मी व नेता | Prabhat Khabar Network

शहर में जुलूस निकालते सफाईकर्मी व नेता | Prabhat Khabar Network

डुमरांव में नगर परिषद के सफाईकर्मियों ने अपनी मांगों को लेकर मशाल जुलूस निकाला। 30 जुलाई से अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू करने का किया ऐलान।

विज्ञापन

Buxar News : नगर निकाय कर्मचारियों की अनिश्चितकालीन हड़ताल से पहले बुधवार की शाम डुमरांव नगर परिषद क्षेत्र में सफाईकर्मियों ने आक्रोश मशाल जुलूस निकालकर अपनी ताकत दिखाई. बिहार राज्य स्थानीय निकाय कर्मचारी महासंघ (ऐक्टू) और बिहार लोकल बॉडीज इंप्लाइज फेडरेशन के संयुक्त संघर्ष मोर्चा के आह्वान पर निकाले गए इस जुलूस में नगर परिषद के सैकड़ों सफाईकर्मी शामिल हुए.

राज उच्च विद्यालय से राजगढ़ चौक तक निकला मशाल जुलूस

मशाल जुलूस शाम करीब सात बजे राज उच्च विद्यालय के मुख्य द्वार से शुरू हुआ. हाथों में मशाल लिए कर्मचारी नगर के प्रमुख मार्गों से होते हुए राजगढ़ चौक पहुंचे. इस दौरान सफाईकर्मियों ने अपनी मांगों के समर्थन में जमकर नारेबाजी की. राजगढ़ चौक पर पहुंचने के बाद जुलूस सभा में बदल गया.

निजीकरण के खिलाफ कर्मचारियों ने जताया विरोध

सभा को संबोधित करते हुए बिहार राज्य स्थानीय निकाय कर्मचारी महासंघ डुमरांव इकाई के सचिव कॉमरेड शिव शंकर तिवारी, कॉमरेड सर्वेश कुमार पांडेय और बिहार लोकल बॉडीज इंप्लाइज फेडरेशन के नेता सह जिला परिषद सदस्य कॉमरेड केदार यादव ने सरकार की नीतियों की आलोचना की.

नेताओं ने आरोप लगाया कि केंद्र और राज्य सरकार मजदूर विरोधी नीतियां अपना रही हैं. नगर निकायों में सफाई कार्य और होल्डिंग टैक्स वसूली पहले से ही आउटसोर्सिंग के माध्यम से कराई जा रही है. उन्होंने कहा कि भविष्य में पूरे नगर निकाय को निजी हाथों में सौंपने की तैयारी की जा रही है.

तीन मांगें पूरी होने तक हड़ताल जारी रखने का ऐलान

कर्मचारी नेताओं ने कहा कि संयुक्त संघर्ष मोर्चा की तीन सूत्री मांगों को लेकर 30 जुलाई से पूरे बिहार में अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू की जाएगी. उन्होंने कहा कि जब तक मांगें पूरी नहीं होतीं, आंदोलन जारी रहेगा. मजदूरों की एकजुटता से सरकार को फैसला लेने के लिए मजबूर होना पड़ेगा.

मशाल जुलूस में बड़ी संख्या में कर्मचारी रहे शामिल

कार्यक्रम में भाकपा (माले) नगर सचिव कृष्णा राम, भगवान पासवान, छविनाथ पासवान, बाबूलाल राम, शैलेन्द्र पासवान, जाबिर कुरैशी, ओमप्रकाश, भाकपा नेता कृष्णा कुमार, ओमप्रकाश यादव, शमीम मंसूरी, दीपक बास्फोर, रूपक बास्फोर, संजय सिंह, राजेश राम, मिथिलेश राम, ओमप्रकाश राम, लाखो देवी, शीला देवी सहित नगर परिषद के बड़ी संख्या में सफाईकर्मी और कर्मचारी मौजूद रहे.


विज्ञापन
Sujeet Kumar

लेखक के बारे में

By Sujeet Kumar

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन