'ऑपरेशन प्रहार' के तहत पलामू पुलिस की कार्रवाई, अफीम और गांजा तस्करी के दो मामलों में चार गिरफ्तार

पलामू में मादक पदार्थों के साथ गिरफ्तार तस्कर. फोटो: प्रभात खबर
पलामू पुलिस ने 'ऑपरेशन प्रहार' के तहत नशीले पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए चार तस्करों को गिरफ्तार किया है. पुलिस ने लाखों रुपये की अफीम और गांजा जब्त कर लिया है.
पलामू से चंद्रशेखर सिंह की रिपोर्ट
Palamu News: पलामू पुलिस ने जिला क्षेत्र में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान 'ऑपरेशन प्रहार' के तहत एक बड़ी सफलता हासिल की है. पुलिस ने दो अलग-अलग थाना क्षेत्रों में त्वरित कार्रवाई करते हुए कुल चार अंतरराज्यीय और स्थानीय तस्करों को दबोचा है. इस पूरी कार्रवाई के दौरान पुलिस ने लाखों रुपये मूल्य के अफीम और गांजा के साथ तस्करी में इस्तेमाल किए जा रही गाड़ियों को भी जब्त किया है.
पांकी में 13 लाख की अफीम के साथ तस्कर गिरफ्तार
पुलिस को पहली सफलता पांकी थाना क्षेत्र में मिली. पुलिस अधीक्षक कपिल चौधरी को एक सटीक गुप्त सूचना प्राप्त हुई थी कि क्षेत्र में अफीम की एक बड़ी खेप की खरीद-बिक्री होने वाली है. सूचना के सत्यापन और त्वरित कार्रवाई के लिए एसडीपीओ लेस्लीगंज के नेतृत्व में एक विशेष छापेमारी टीम का गठन किया गया. टीम ने चिह्नित स्थान पर योजनाबद्ध तरीके से घेराबंदी कर शाहबुद्दीन मियां और गुलाम मुस्तफा नामक दो तस्करों को रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया. तलाशी के दौरान दोनों के कब्जे से कुल 2.534 किलोग्राम अवैध अफीम बरामद की गई, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब 13 लाख रुपये आंकी जा रही है. इसके अलावा, पुलिस ने तस्करों के पास से दो बाइक और दो मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं, जिनका उपयोग वे डीलिंग के लिए कर रहे थे.
सतबरवा में स्विफ्ट से 33 किलो से अधिक गांजा बरामद
दूसरी बड़ी कार्रवाई सतबरवा थाना क्षेत्र में अंजाम दी गई .पुलिस टीम द्वारा इलाके में सघन वाहन जांच अभियान चलाया जा रहा था. इसी दौरान एक संदिग्ध सफेद रंग की स्विफ्ट डिजायर कार को रुकने का इशारा किया गया. पुलिस को देखकर कार सवारों ने भागने का प्रयास किया, लेकिन मुस्तैद जवानों ने घेराबंदी कर कार को रोक लिया. जब वाहन की गहनता से तलाशी ली गई, तो उसके भीतर से भारी मात्रा में अवैध गांजा बरामद हुआ. तौल करने पर गांजे का कुल वजन 33.789 किलोग्राम पाया गया, जिसकी बाजार में कीमत लगभग 10 लाख रुपये बताई जा रही है. इस मामले में कार में सवार बिहार के रोहतास जिले के रहने वाले दो शातिर तस्करों को गिरफ्तार किया गया है. पुलिस ने तस्करी में प्रयुक्त स्विफ्ट डिजायर कार को भी अपने कब्जे में ले लिया है.
इसे भी पढ़ें: छात्रवृत्ति योजनाओं में केंद्रीय सहायता बढ़ाने की मांग, सीएम हेमंत ने पीएम मोदी को लिखा पत्र
एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज
इन दोनों मामलों में पलामू पुलिस ने संबंधित थानों में मादक पदार्थ अधिनियम की विभिन्न सुसंगत धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर ली है. गिरफ्तार चारों आरोपियों से पूछताछ के बाद उन्हें न्यायिक हिरासत में भेजने की तैयारी की जा रही है. पुलिस अब इनके पूरे फॉरवर्ड और बैकवर्ड लिंकेज को खंगाल रही है ताकि इस रैकेट के मुख्य सरगना तक पहुंचा जा सके. मामले की जानकारी देते हुए एसपी कपिल चौधरी ने साफ शब्दों में कहा कि जिले में नशे के अवैध कारोबार को किसी भी कीमत पर पनपने नहीं दिया जायेगा. उन्होंने चेतावनी दी कि युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ करने वाले ड्रग माफियाओं के खिलाफ 'ऑपरेशन प्रहार' आगे भी इसी तरह पूरी कड़ाई से जारी रहेगा.
इसे भी पढ़ें: बोकारो में सदर अस्पताल की कैंटीन समेत 10 दुकानों में छापेमारी, कई अनियमितताएं मिलीं
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By कुमार विश्वत सेन
कुमार विश्वत सेन प्रभात खबर डिजिटल में डेप्यूटी चीफ कंटेंट राइटर हैं. इनके पास हिंदी पत्रकारिता का 25 साल से अधिक का अनुभव है. इन्होंने 21वीं सदी की शुरुआत से ही हिंदी पत्रकारिता में कदम रखा. दिल्ली विश्वविद्यालय से हिंदी पत्रकारिता का कोर्स करने के बाद दिल्ली के दैनिक हिंदुस्तान से रिपोर्टिंग की शुरुआत की. इसके बाद वे दिल्ली में लगातार 12 सालों तक रिपोर्टिंग की. इस दौरान उन्होंने दिल्ली से प्रकाशित दैनिक हिंदुस्तान दैनिक जागरण, देशबंधु जैसे प्रतिष्ठित अखबारों के साथ कई साप्ताहिक अखबारों के लिए भी रिपोर्टिंग की. 2013 में वे प्रभात खबर आए. तब से वे प्रिंट मीडिया के साथ फिलहाल पिछले 10 सालों से प्रभात खबर डिजिटल में अपनी सेवाएं दे रहे हैं. इन्होंने अपने करियर के शुरुआती दिनों में ही राजस्थान में होने वाली हिंदी पत्रकारिता के 300 साल के इतिहास पर एक पुस्तक 'नित नए आयाम की खोज: राजस्थानी पत्रकारिता' की रचना की. इनकी कई कहानियां देश के विभिन्न पत्र-पत्रिकाओं में प्रकाशित हुई हैं.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










