पलामू के छतरपुर में मृतक के भाई ने ससुर पर दर्ज कराया हत्या का मामला

Updated:
विज्ञापन
WhatsApp चैनल से जुड़ेंगूगल पर प्रभात खबर चुनें

पलामू जिले के छतरपुर थाना क्षेत्र के भीखही गांव में मक्के के खेत से गांधी भुइयां का शव बरामद हुआ है. मृतक के भाई ने अपने ससुर पर हत्या का आरोप लगाते हुए प्राथमिकी दर्ज कराई है. पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी है.

विज्ञापन

निखिल सिन्हा की रिपोर्ट छतरपुर. पलामू जिले के छतरपुर थाना क्षेत्र के भीखही गांव के पूर्वी टोला स्थित मक्के के खेत से गांधी भुइयां का शव बरामद होने के मामले में नया मोड़ आया है. मृतक के भाई योगेंद्र भुइयां ने उसके ससुर जगदेव भुइयां के खिलाफ हत्या का आरोप लगाते हुए छतरपुर थाना में प्राथमिकी दर्ज करायी है. इसके बाद पुलिस आरोपी की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी कर रही है. हालांकि, घटना के बाद से आरोपी पुलिस की पकड़ से बाहर बताया जा रहा है.

विज्ञापन

बेटी को ढूंढने के लिए ससुराल गया गांधी

छतरपुर थाना क्षेत्र के बभनडीह गांव निवासी गांधी भुइयां एक दिन पहले अपनी बेटी को ढूंढने के लिए उसके ससुराल गया था. बताया जाता है कि इसके अगले दिन भीखही गांव के पूर्वी टोला स्थित मक्के के खेत में उसका शव पड़ा मिला. खेत में शव मिलने की सूचना के बाद आसपास के इलाके में सनसनी फैल गयी. ग्रामीणों ने इसकी जानकारी पुलिस को दी. सूचना मिलते ही छतरपुर थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू की.

पोस्टमार्टम रिपोर्ट से घटना की वास्तविक जानकारी मिलेगी : पुलिस

पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया था, ताकि मौत के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा सके. इधर घटना की जानकारी मिलने के बाद मृतक के परिजनों में भी आक्रोश और चिंता का माहौल बन गया. मृतक के भाई योगेंद्र भुइयां ने पुलिस को दिए आवेदन में अपने भाई की हत्या किए जाने का आरोप उसके ससुर जगदेव भुइयां पर लगाया है. आवेदन के आधार पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हत्या की प्राथमिकी दर्ज कर ली है. पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद घटना के सही जानकारी मिलेगी. प्राथमिकी दर्ज होने के बाद पुलिस अब पूरे मामले की तह में जुटी है. पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि गांधी भुइयां अपनी बेटी को खोजने के लिए ससुराल क्यों आया था और उसके बाद किन परिस्थितियों में उसकी मौत हुई. घटनास्थल से मृतक के ससुराल और उससे जुड़े अन्य स्थानों पर मौजूद परिस्थितियों तथा लोगों से मिली जानकारी को भी जांच का हिस्सा बनाया जा रहा है. पुलिस घटना के पीछे के कारणों का पता लगाने के साथ यह भी जांच कर रही है कि हत्या में किसी अन्य व्यक्ति की संलिप्तता तो नहीं है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले अन्य तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जायेगी.

आरोपी की गिरफ्तारी से खुलेंगे राज

छतरपुर थाना प्रभारी सौरभ चौबे ने बताया कि मृतक के भाई के आवेदन पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गयी है. फिलहाल आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हुई है. उसकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है. पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और जल्द ही घटना से जुड़े तथ्यों का खुलासा किया जायेगा.

आपके शहर में

विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola