सारण वार्ड 42 में सड़क जर्जर, बारिश में दो से तीन फुट पानी जमा होने से बढ़ी परेशानी

विज्ञापन
फोटो, जर्जर सड़क  | Prabhat Khabar Network

जर्जर सड़क की तस्वीर

छपरा के वार्ड 42 में भुतहा ढाला रोड सालों से जर्जर है। बरसात में जलजमाव और बड़े गड्ढों के कारण स्थानीय लोगों का घर से निकलना दूभर हो गया है। प्रशासन से मांग जारी।

विज्ञापन

Saran News: शहर के वार्ड 42 के अंतर्गत रेलवे गेट नंबर 42, भुतहा ढाला से हवाईअड्डा की बाउंड्री तक सड़क और नाला निर्माण नहीं होने से मोहल्ले के लोगों की परेशानी बढ़ गयी है. स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़क वर्षों से जर्जर स्थिति में है. बारिश के दिनों में स्थिति और गंभीर हो जाती है. सड़क पर बने बड़े-बड़े गड्ढों में दो से तीन फुट तक पानी जमा हो जाता है, जिससे लोगों का घर से बाहर निकलना मुश्किल हो जाता है.

स्थानीय लोगों ने सड़क और नाला निर्माण की मांग को लेकर पूर्व में जिलाधिकारी, नगर आयुक्त समेत क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों को आवेदन भी दिया है. इसके बावजूद अब तक समस्या के स्थायी समाधान की दिशा में कोई ठोस पहल नहीं होने से लोगों में नाराजगी है.

बालू लदे सैकड़ों ट्रैक्टरों के आवागमन से सड़क और हुई जर्जर

स्थानीय निवासी शशि चंद्र प्रताप, सिकंदर राय, दीपक कुमार, हरेंद्र राय, अर्चना प्रताप, अनामिका कुमारी, सुनीता मिश्रा समेत अन्य लोगों ने बताया कि मोहल्ले की सड़क काफी समय से खराब है. इस सड़क से रेत-बालू लदे सैकड़ों ट्रैक्टर दिन-रात आते-जाते हैं. भारी वाहनों के लगातार आवागमन के कारण सड़क की स्थिति और खराब हो गयी है.

लोगों के अनुसार, सड़क पर जगह-जगह तीन से चार फुट तक बड़े गड्ढे बन गये हैं. बारिश होने के बाद इन गड्ढों में पानी भर जाता है. कई बार दोपहिया और चारपहिया वाहनों के पहिये गड्ढों में फंस जाते हैं, जिससे दुर्घटना की आशंका बनी रहती है.

42 फीट चौड़ी सड़क की हो चुकी है मापी

स्थानीय लोगों ने बताया कि रेलवे गेट संख्या 42 से हवाईअड्डा की बाउंड्री के बीच सड़क करीब 42 फीट चौड़ी है. सड़क और नाला निर्माण के लिए पूर्व में सर्वे और मापी का काम भी कराया जा चुका है. इसके बावजूद निर्माण कार्य शुरू नहीं होने से लोगों में निराशा है. लोगों का कहना है कि यदि सड़क के साथ नाला निर्माण करा दिया जाए, तो जलजमाव की समस्या का भी स्थायी समाधान हो सकता है.

बरसात में घरों से निकलना भी मुश्किल

स्थानीय लोगों के अनुसार, बारिश के समय जर्जर सड़क पर दो से तीन फुट तक पानी जमा हो जाता है. जल निकासी की समुचित व्यवस्था नहीं होने के कारण पानी काफी समय तक सड़क पर ही जमा रहता है. इससे लोगों को गंदे पानी से होकर गुजरना पड़ता है. कई लोग बारिश के दौरान जरूरी काम होने पर भी घर से बाहर निकलने से बचते हैं.

रात में रोशनी की कमी से हादसे का डर

लोगों ने बताया कि सड़क की बदहाल स्थिति के साथ इलाके में रात के समय पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था भी नहीं है. अंधेरे में सड़क पर बने गड्ढे दिखाई नहीं देने के कारण राहगीरों और वाहन चालकों को दुर्घटना का डर बना रहता है. स्थानीय लोगों ने प्रशासन से सड़क का शीघ्र निर्माण कराने, नाला बनाकर जल निकासी की व्यवस्था करने और इलाके में पर्याप्त स्ट्रीट लाइट लगाने की मांग की है.

इसे भी पढ़ें: नीतीश कुमार की बहन ने कहा- भाई को 5 साल और मुख्यमंत्री रहना चाहिए था, निशांत की शादी पर भी बोलीं


विज्ञापन
प्रभात किरण हिमांशु

लेखक के बारे में

By प्रभात किरण हिमांशु

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन