सारण के रसूलपुर में एक ही रात तीन घरों में चोरी, 30 लाख से अधिक के जेवरात व नकदी ले उड़े चोर

चोरों द्वारा तोड़े गए आलमीरा व ज्वेलरी के डिब्बे
रसूलपुर के चड़वां गांव में अज्ञात चोरों ने एक ही रात में तीन घरों को निशाना बनाया और 30 लाख रुपये से अधिक की संपत्ति पर हाथ साफ कर दिया। पुलिस जांच में जुटी।
Saran News: एनएच-531 के किनारे रसूलपुर थाना से महज चार सौ मीटर की दूरी पर स्थित चड़वां गांव में बुधवार की देर रात अज्ञात चोरों ने एक साथ तीन घरों को निशाना बनाकर पुलिसिया गश्त की पोल खोल दी. बेखौफ चोरों ने एक के बाद एक तीन घरों में घुसकर नकद रुपये, जेवरात, कपड़े समेत करीब 30 लाख रुपये से अधिक मूल्य की संपत्ति चोरी कर ली. एक ही रात में तीन घरों में हुई चोरी की इस बड़ी वारदात के बाद गांव में दहशत का माहौल है. वहीं, थाना से महज कुछ दूरी पर हुई चोरी की घटना ने पुलिस की रात्रि गश्ती व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिये हैं.
छत के रास्ते घर में घुसे चोर, तोड़े कई आलमीरा
बताया जाता है कि अज्ञात चोरों ने सबसे पहले रौशन श्रीवास्तव के घर को निशाना बनाया. चोर छत के रास्ते घर के अंदर दाखिल हुए. इसके बाद उन्होंने घर के अलग-अलग कमरों में रखे आलमीरा को तोड़कर उसमें रखे नकद रुपये, कपड़े और अन्य कीमती सामान निकाल लिये. परिजनों के अनुसार, चोर करीब डेढ़ लाख रुपये नकद और कीमती कपड़े समेत लगभग पांच लाख रुपये मूल्य की संपत्ति ले गये. घटना के दौरान घर के लोगों को इसकी भनक तक नहीं लगी.
मुकुल श्रीवास्तव के घर से भी पांच लाख से अधिक की चोरी
रौशन श्रीवास्तव के घर में चोरी करने के बाद चोरों ने पास ही स्थित मुकुल श्रीवास्तव के घर को निशाना बनाया. यहां भी चोरों ने घर के अंदर रखे सामान को खंगाला और आलमीरा व अन्य जगहों से कीमती सामान निकाल लिये. इस घर से भी पांच लाख रुपये से अधिक मूल्य की संपत्ति चोरी होने की बात सामने आयी है. एक ही रात में लगातार दो घरों में चोरी के बाद भी चोरों का हौसला कम नहीं हुआ.
इब्रान अली के घर से 20 लाख से अधिक के गहने ले गये
इसके बाद चोरों ने इब्रान अली के घर में धावा बोला. चोरों ने घर के अंदर रखे सामान को बारीकी से खंगाला और करीब 60 हजार रुपये नकद समेत 20 लाख रुपये से अधिक मूल्य के सोने-चांदी के जेवरात चोरी कर लिये. चोरी की घटना में घर में रखे ज्वेलरी के डिब्बे भी खाली मिले. सुबह जब परिजनों की नींद खुली और घर का सामान बिखरा हुआ देखा तो उन्हें चोरी की जानकारी हुई.
एक ही रात तीन घरों में चोरी से ग्रामीणों में दहशत
बुधवार की देर रात एक साथ तीन घरों में चोरी की जानकारी मिलते ही चड़वां गांव में हड़कंप मच गया. देखते ही देखते बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गये. चोरी की इस वारदात को लेकर ग्रामीणों में भय और आक्रोश दोनों है. ग्रामीणों का कहना है कि चोरों ने जिस तरह एक के बाद एक तीन घरों को निशाना बनाया, उससे साफ है कि उन्हें पुलिस गश्ती की कोई चिंता नहीं थी. ग्रामीणों ने गांव में रात के समय पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग की है.
थाने से महज 400 मीटर दूर वारदात, गश्ती व्यवस्था पर सवाल
चड़वां गांव में चोरी की घटना का सबसे गंभीर पहलू यह है कि वारदात स्थल रसूलपुर थाना से महज चार सौ मीटर की दूरी पर है. साथ ही गांव एनएच-531 के किनारे स्थित है. थाना के इतने करीब एक ही रात में तीन घरों में चोरी की घटना से स्थानीय लोगों में पुलिस की रात्रि गश्ती को लेकर सवाल उठने लगे हैं. ग्रामीणों का कहना है कि यदि थाना के आसपास ही चोर इतनी बड़ी घटना को अंजाम दे सकते हैं तो गांव के दूर-दराज इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था का अंदाजा लगाया जा सकता है.
पुलिस टीम ने गांव पहुंचकर शुरू की छानबीन
घटना की जानकारी मिलने के बाद रसूलपुर थाना की पुलिस टीम चड़वां गांव पहुंची और मामले की छानबीन शुरू की. पुलिस ने चोरी वाले घरों का निरीक्षण कर घटना से जुड़े साक्ष्य जुटाने का प्रयास किया. साथ ही आसपास के लोगों से पूछताछ कर संदिग्धों के बारे में जानकारी ली जा रही है. पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि चोर किस रास्ते से गांव में पहुंचे और वारदात को अंजाम देने के बाद किस दिशा में फरार हुए.
आवेदन मिलने के बाद होगी आगे की कार्रवाई
पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है. पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगालने के साथ संदिग्धों की पहचान करने का प्रयास कर रही है. समाचार प्रेषण तक किसी भी पीड़ित परिवार की ओर से रसूलपुर थाने में लिखित आवेदन नहीं दिया गया था. आवेदन मिलने के बाद चोरी गयी संपत्ति का विस्तृत ब्योरा सामने आने की संभावना है. पुलिस ने जल्द ही घटना का खुलासा करने का भरोसा दिया है.
Also Read : VIDEO : बांकीपुर में वोटिंग के बीच प्रशांत किशोर पर क्या-क्या कह रहे सत्ताधारी नेता, एक जगह देखिए
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए











