शांतिपूर्ण माहौल में चेहल्लुम मनाने की अपील, जुलूस में डीजे पर रहेगा पूर्ण प्रतिबंध

बैठक में शामिल एसडीओ, एसडीपीओ एवं अन्य | Prabhat Khabar Network
औरंगाबाद में चेहल्लुम पर्व को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई. इस बैठक में जुलूस निकालने के लिए लाइसेंस लेना अनिवार्य कर दिया गया है और डीजे के इस्तेमाल पर पूरी तरह से रोक लगा दी गई है. प्रशासन ने संवेदनशील स्थानों पर सुरक्षा कड़ी करने के निर्देश दिए हैं.
Aurangabad News : दाउदनगर में चेहल्लुम पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने को लेकर थाना परिसर में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई. बैठक की अध्यक्षता एसडीओ अमित राजन एवं एसडीपीओ अशोक कुमार दास ने संयुक्त रूप से की, जबकि संचालन थानाध्यक्ष विकास कुमार ने किया.
लाइसेंस लेकर ही निकलेगा जुलूस
बैठक में चेहल्लुम पर्व के दौरान विधि-व्यवस्था बनाए रखने और जुलूस के शांतिपूर्ण संचालन को लेकर विस्तार से चर्चा की गई. अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि जुलूस निकालने के लिए लाइसेंस लेना अनिवार्य होगा. साथ ही जुलूस निर्धारित समय और तय रूट से ही निकलेगा.
डीजे पर पूर्ण प्रतिबंध, होगी वीडियोग्राफी
एसडीओ और एसडीपीओ ने कहा कि चेहल्लुम के जुलूस में डीजे के उपयोग पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा. जुलूस की वीडियोग्राफी कराई जाएगी तथा निर्धारित समय का सख्ती से पालन सुनिश्चित कराया जाएगा.
संवेदनशील स्थानों पर रहेगी कड़ी सुरक्षा
प्रशासन ने बताया कि पर्व को लेकर चिन्हित संवेदनशील एवं महत्वपूर्ण स्थानों पर दंडाधिकारी और पुलिस पदाधिकारियों के नेतृत्व में पर्याप्त संख्या में पुलिस बल की तैनाती की जाएगी. इसके अलावा शहर और आसपास के क्षेत्रों में लगातार सघन गश्ती भी की जाएगी.
पांच कमेटियां निकालेंगी जुलूस
बैठक में बताया गया कि शहर की चार कमेटियों तथा मुस्लिमाबाद की एक कमेटी द्वारा चेहल्लुम का जुलूस निकाला जाएगा. सभी कमेटियों से निर्धारित समय पर जुलूस शुरू करने, समय पर समापन करने और प्रशासनिक दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की गई. बैठक में भाजपा जिला प्रवक्ता अश्विनी कुमार तिवारी, राजद प्रखंड अध्यक्ष देवेंद्र कुमार सिंह, उप मुख्य पार्षद प्रतिनिधि सुखलाल प्रसाद, वार्ड पार्षद जय गोविंद प्रसाद, एहसान अहमद, प्रशांत कुमार तांती, जहांगीर कुरैशी, सियाराम सिंह, मो. अनवर फहीम, समाजसेवी सफदर हयात, अटल बिहारी, अनूप मनोहर, आशुतोष पटेल, रवि पांडेय सहित अन्य लोग उपस्थित थे.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










