Watch Video : औरंगाबाद के स्कूल में छात्राओं से पैर दबवाने का आरोप, ग्रामीणों ने किया हंगामा; जांच शुरू
औरंगाबाद के गोह प्रखंड स्थित मध्य विद्यालय बख्तियारपुर में दो शिक्षकों पर छात्राओं से पैर दबवाने का आरोप लगा है. इसके विरोध में मंगलवार को ग्रामीणों ने स्कूल पहुंचकर जमकर हंगामा किया. सूचना मिलते ही पहुंचे प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी अशोक कुमार ने छात्राओं के बयान दर्ज किए और निष्पक्ष जांच तथा कड़ी कार्रवाई का आश्वासन देकर मामला शांत कराया.
औरंगाबाद जिले के गोह प्रखंड के मध्य विद्यालय बख्तियारपुर में पदस्थापित दो शिक्षकों पर छात्राओं से पैर दबवाने का आरोप लगने के बाद मंगलवार को विद्यालय परिसर में जमकर हंगामा हुआ.
छात्राओं की ओर से परिजनों के सामने की गयी शिकायत के बाद दर्जनों ग्रामीण विद्यालय पहुंच गये और मामले की जांच कर कार्रवाई की मांग की.
हंगामे की सूचना मिलने पर प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी अशोक कुमार विद्यालय पहुंचे और शिकायत करने वाली छात्राओं से बातचीत कर उनका बयान दर्ज किया.
स्कूल जाने से किया इनकार तो सामने आयी शिकायत
बताया जाता है कि विद्यालय की कई छात्रा ने अचानक स्कूल जाने से इनकार कर दिया.परिजनों ने जब इसकी वजह पूछी तो छात्रा ने शिक्षकों द्वारा पैर दबवाये जाने की बात बतायी.इसके बाद परिजनों ने मामले की जानकारी ग्रामीणों को दी.
शिकायत की जानकारी मिलने के बाद मंगलवार को बड़ी संख्या में ग्रामीण मध्य विद्यालय बख्तियारपुर पहुंच गये. ग्रामीणों ने विद्यालय परिसर में हंगामा करते हुए मामले की निष्पक्ष जांच और दोषी पाये जाने वालों पर कार्रवाई की मांग की.
छात्राओं से बीईओ ने की बातचीत, दर्ज किया बयान मामले की जानकारी मिलने पर प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी अशोक कुमार विद्यालय पहुंचे.
उन्होंने ग्रामीणों से पूरे मामले की जानकारी ली और शिकायत करने वाली छात्राओं से अलग-अलग बातचीत की. छात्राओं का बयान भी दर्ज किया गया.
ग्रामीणों की ओर से बीईओ को हस्ताक्षरयुक्त आवेदन सौंपकर मामले की जांच कराने तथा दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की गयी.
जांच के बाद होगी कार्रवाई : बीईओ
इस मामले को लेकर जब प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी अशोक कुमार से बात की गयी तो उन्होंने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही वे विद्यालय पहुंचे और मामले की जांच की.
ग्रामीणों की ओर से हस्ताक्षरयुक्त आवेदन प्राप्त हुआ है तथा शिकायत करने वाली छात्राओं का बयान भी दर्ज किया गया है. उन्होंने कहा कि मामले की निष्पक्ष जांच करायी जाएगी.
जांच में आरोप सत्य पाये जाने पर संबंधित के विरुद्ध कड़ी प्रशासनिक एवं कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
कार्रवाई के आश्वासन के बाद शांत हुए ग्रामीण
बीईओ की ओर से मामले की जांच और कार्रवाई का आश्वासन मिलने के बाद आक्रोशित ग्रामीण शांत हुए. फिलहाल मामले में प्राथमिकी दर्ज होने की सूचना नहीं है.
ऐसे में आरोपों की पुष्टि नहीं हुई है और पूरे मामले की जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट होगी.विद्यालय में हुई इस घटना को लेकर अभिभावकों और ग्रामीणों में आक्रोश बना हुआ है.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए