सारण: मढ़ौरा में रंगदारी नहीं देने पर युवक पर फायरिंग, कट्टा-कारतूस और बाइक छोड़कर फरार हुए आरोपी

मढ़ौरा में रंगदारी के लिए युवक पर फायरिंग का मामला सामने आया है। पुलिस ने आरोपी की बाइक और हथियार जब्त कर प्राथमिकी दर्ज की है। पूरी खबर यहाँ पढ़ें।
Saran News: मढ़ौरा स्थानीय थाना क्षेत्र के शिल्हौड़ी पुरव टोला वार्ड नंबर-05 में रंगदारी नहीं देने पर युवक पर गोली चलाने का मामला सामने आया है. इस संबंध में नीरज कुमार यादव ने मढ़ौरा थाने में प्राथमिकी दर्ज करायी है. उन्होंने शिल्हौड़ी गांव निवासी मुनेश्वर राय के पुत्र दीपक कुमार समेत दो अज्ञात लोगों पर रंगदारी मांगने, मारपीट करने और जान से मारने की नीयत से गोली चलाने का आरोप लगाया है.
आवेदन के अनुसार, घटना 28 जुलाई 2026 की शाम करीब 4:16 बजे की है. नीरज कुमार यादव का आरोप है कि दीपक कुमार दो अन्य अज्ञात व्यक्तियों के साथ उनके घर पर पहुंचा और 20 हजार रुपये रंगदारी की मांग की. आरोपियों ने कहा कि दो-तीन दिन पहले ही रंगदारी देने के लिए कहा गया था.
रंगदारी देने से इनकार करने पर मारपीट और फायरिंग
पीड़ित के अनुसार, जब उन्होंने रंगदारी की रकम देने से इनकार किया तो दीपक कुमार ने गाली-गलौज करते हुए उनके साथ मारपीट शुरू कर दी. विरोध करने पर आरोपी ने जेब से पिस्तौल निकालकर जान से मारने की नीयत से गोली चला दी. हालांकि, नीरज कुमार यादव गोली की चपेट में आने से बाल-बाल बच गये.
हथियार, कारतूस और बाइक छोड़कर भागे आरोपी
गोली चलने के बाद शोर-शराबा सुनकर आसपास के लोग मौके की ओर आने लगे. लोगों को आता देख आरोपी अपना एक कट्टा, एक जिंदा कारतूस और अपाची बाइक मौके पर छोड़कर फरार हो गये. इसके बाद पीड़ित ने डायल 112 पर पुलिस को घटना की सूचना दी.
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल से हथियार, जिंदा कारतूस तथा बाइक को जब्त कर लिया. पुलिस मामले की जांच में जुटी है.
इन धाराओं में दर्ज हुई प्राथमिकी
इस मामले में मढ़ौरा थाने में बीएनएस की धारा 126(2), 115(2), 109, 308(3), 351(2), 352, 315 तथा 25(1-B)a/26/35 आर्म्स एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज की गयी है. पुलिस आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए आगे की कार्रवाई कर रही है.
Also Read : VIDEO : बांकीपुर में वोटिंग के बीच प्रशांत किशोर पर क्या-क्या कह रहे सत्ताधारी नेता, एक जगह देखिए
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए











