पहाड़ी के पानी से भरा शहर का पूर्वी क्षेत्र

सासाराम कार्यालय : सावन किसी तरह गुजर गया. भादो की बारिश सब कोर कसर पूरा करने पर अमादा है. सोमवार की सुबह करीब डेढ़ घंटे की मुसलाधार बारिश से शहर का जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया. शहर के पूर्वी छोर की बस्तियों में पहाड़ी का पानी घुस गया. कई घरों व मंदिरों में पानी जम गया. […]
सासाराम कार्यालय : सावन किसी तरह गुजर गया. भादो की बारिश सब कोर कसर पूरा करने पर अमादा है. सोमवार की सुबह करीब डेढ़ घंटे की मुसलाधार बारिश से शहर का जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया. शहर के पूर्वी छोर की बस्तियों में पहाड़ी का पानी घुस गया. कई घरों व मंदिरों में पानी जम गया. सड़क पर लोगों का चलना मुश्किल हो गया. पानी के दबाव से रामेश्वर साह कोल्ड स्टोरेज की चहारदीवारी गिर पड़ी. सड़क व घरों में पानी जमने से बच्चों के स्कूल छूटे, तो कई घरों में खाना बनाना भी मुश्किल हो गया.
पानी से लबालब हुए मुहल्ले: शहर के पूर्वी छोर पर स्थित मुहल्ला न्यू एरिया, कैलाश नगर, बौलिया, नूरनगंज, प्रतापगंज आदि सोमवार की भारी बारिश के पानी से लबरेज हो गये. जलजमाव से लोग त्राही-त्राही कर उठे. पानी से बचाव की उन्हें कोई युक्ति सूझ नहीं रही थी. कोई डीएम तो कोई नगर पर्षद का घेराव करने की बात करता रहा. इन मुहल्लों के अलावा सदर अस्पताल, जिला पशु अस्पताल आदि के परिसर तालाब में बदल गये.
गुहार लगाना नहीं अाया काम: बारिश के दिनों में पूर्वी क्षेत्र में जलजमाव होने संभावना से प्रभात खबर ने पहले ही आगाह कर दिया था. इन वार्डों के नगर पार्षद भी कार्यपालक पदाधिकारी व डीएम से महीनों पहले गुहार लगा चुके थे. बावजूद इसके कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई और आज स्थिति बदतर हो गयी. वार्ड 34 के पार्षद अत्येंद्र कुमार सिंह ने कहा कि कई वर्ष से आवेदन दिये जा रहे हैं.
लेकिन, हमारी बात कोई सुन नहीं रहा है.
मंडल कारा परिसर में जमा पानी: न्यू एरिया स्थित गायत्री शक्तिपीठ में पानी घुसा है, तो मंडल कारा परिसर में पानी से जेल के कर्मचारी परेशान हो उठे. हर जगह पानी ही पानी. हालांकि, जेल के अंदर अभी तक पानी का जमाव नहीं हुआ है. इस संदर्भ में जेलर विजय कुमार अरोड़ा ने बताया कि जेल के पश्चिम भवनों के निर्माण से जल निकासी बंद हो गयी है. इसके लिए कई बार जिला प्रशासन को पत्र लिखा जा चुका है. जेल परिसर में पैर रखना मुश्किल हो गया है.
बच्चों के छूटे स्कूल: शहर के वार्ड 34 व 35 में घरों व सड़कों पर पानी जमा होने से बच्चे स्कूल नहीं जा सके. न्यू एरिया निवासी रंजीत सिंह ने कहा कि बच्चे स्कूल कैसे जायेंगे. घर व सड़क दोनों पर पानी जमा है. उनके यूनिफाॅर्म खराब हो जायेंगे. कई घरों में पानी घुसा है. खाना बनाने का इंतजाम ऊपर करना पड़ रहा है. सब अपनी किस्मत है. हमारी कोई सुनने वाला नहीं है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar Digital Desk
यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










