बिहार में दोस्त संग पकड़ी गई पत्नी, पति ने मंदिर में कराई दोनों की शादी, बोली- बॉयफ्रेंड के साथ ही रहूंगी

धर्मेंद्र अपनी पत्नी की शादी दोस्त से कराई
Bihar News: रोहतास से एक अनोखा मामला सामने आया है, जहां पति ने पंचायत की मौजूदगी में अपनी पत्नी की शादी उसके प्रेमी से करवा दी. गांव के मंदिर में हुई इस शादी की पूरे इलाके में चर्चा हो रही है.
Bihar News: रोहतास जिले के दिनारा प्रखंड से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है, जहां एक युवक ने अपनी ही पत्नी की शादी उसके प्रेमी से करवा दी. यह अनोखा विवाह गांव के मंदिर में पंचायत और दोनों परिवारों की मौजूदगी में संपन्न हुआ. इस घटना ने पूरे इलाके में चर्चा का विषय बना दिया है.
नटवार गांव का मामला, पंचायत ने कराया फैसला
यह मामला दिनारा प्रखंड के नटवार गांव का है. महिला की पहचान मंजू देवी के रूप में हुई है, जिसकी शादी वर्ष 2021 में करमैनी गांव निवासी धर्मेंद्र कुमार से हुई थी. दोनों का एक चार साल का बच्चा भी है. घटना के बाद गांव में पंचायत बुलाई गई, जहां सरपंच और दोनों पक्षों के परिजनों ने मिलकर इस विवाद को सुलझाने की कोशिश की.
दिल्ली में शुरू हुई प्रेम कहानी
जानकारी के मुताबिक, शादी के बाद पति-पत्नी दिल्ली में रहते थे. इसी दौरान धर्मेंद्र का एक दोस्त उनके संपर्क में आया, जो पास में ही किराये के मकान में रहता था. धीरे-धीरे महिला और युवक के बीच बातचीत बढ़ी और दोनों के बीच प्रेम संबंध शुरू हो गया.
गांव में पकड़े गए दोनों, मचा हंगामा
होली के दौरान दोनों गांव लौटे. कुछ दिनों बाद पति काम के सिलसिले में गुजरात चला गया, जबकि महिला मायके में रहने लगी. इसी दौरान प्रेमी युवक भी गांव पहुंच गया. गुरुवार रात दोनों को परिजनों ने एक ही कमरे में आपत्तिजनक स्थिति में पकड़ लिया, जिसके बाद गांव में जमकर हंगामा हुआ और युवक की पिटाई भी की गई.
रातभर चली पंचायत, नहीं हो पाई समझौता
घटना के बाद पंचायत बैठी और दोनों पक्षों को समझाने की कोशिश की गई, लेकिन महिला और युवक अपने रिश्ते पर अड़े रहे. काफी चर्चा के बाद पंचायत ने यह फैसला लिया कि दोनों की शादी कर देना ही इस विवाद का स्थायी समाधान होगा.
मंदिर में कराई गई शादी, पति भी रहा मौजूद
शुक्रवार सुबह दिनारा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र परिसर स्थित हनुमान मंदिर में दोनों की शादी कराई गई. खास बात यह रही कि महिला का पहला पति धर्मेंद्र कुमार भी इस विवाह में मौजूद रहा और उसने अपनी सहमति दी.
बच्चा मां के पास रहेगा, पंचायत का फैसला
पंचायत ने निर्णय लिया कि महिला का चार वर्षीय बच्चा उसकी मां के पास ही रहेगा, ताकि उसकी देखभाल ठीक से हो सके. सरपंच ने कहा कि अब दोनों नए जीवन की शुरुआत करेंगे और आगे किसी विवाद की गुंजाइश नहीं रहेगी.
इलाके में चर्चा का विषय बना मामला
इस अनोखे फैसले के बाद पूरे इलाके में यह मामला चर्चा का विषय बना हुआ है. लोग इसे पंचायत के अनोखे न्याय के रूप में देख रहे हैं, वहीं कुछ लोग इस पर अलग-अलग राय भी दे रहे हैं.
Also Read: पटना जू हुआ स्मार्ट! अब ऐप से बुक करें टिकट, पाएं नेविगेशन और ‘लॉस्ट एंड फाउंड’ जैसी सुविधाएं
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Abhinandan Pandey
अभिनंदन पांडेय डिजिटल माध्यम में पिछले 2 सालों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. बंसल न्यूज (MP/CG) और दैनिक जागरण जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों में अनुभव लेते हुए अब प्रभात खबर तक का मुकाम तय किए हैं. अभी डिजिटल बिहार टीम में काम कर रहे हैं. सामाजिक-राजनीतिक नब्ज को करीब से समझने का प्रयास करते हैं. देश-विदेश की घटनाओं, बिहार की राजनीति, और किस्से-कहानियों में विशेष रुचि रखते हैं. डिजिटल मीडिया के नए ट्रेंड्स, टूल्स और नैरेटिव स्टाइल्स के साथ प्रयोग करना पसंद है.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




