मेट्रो निर्माण के लिए पटना में नया ट्रैफिक प्लान लागू, सगुना मोड़ से आने वाले वाहन राजवंशी नगर की ओर डायवर्ट

Updated:
विज्ञापन

निर्माण को लेकर घेराबंदी किया गया

पटना मेट्रो के निर्माण कार्य को गति देने के लिए नेहरू पथ पर नया ट्रैफिक प्लान लागू किया गया है. चिड़ियाघर गेट, विकास भवन और आयकर गोलंबर के पास मेट्रो स्टेशनों के निर्माण के लिए यातायात व्यवस्था में बदलाव किया गया है. यह प्लान पीक आवर में जाम का कारण भी बन रहा है.

विज्ञापन

Patna New traffic plan implemented : पटना मेट्रो के निर्माण कार्य को गति देने के लिए गुरुवार से नेहरू पथ पर नया ट्रैफिक प्लान लागू कर दिया गया. चिड़ियाघर गेट नंबर-1, विकास भवन और आयकर गोलंबर के पास प्रस्तावित मेट्रो स्टेशनों के निर्माण को देखते हुए यातायात व्यवस्था में बदलाव किया गया है. इसके तहत राजभवन मोड़ से चिड़ियाघर गेट नंबर-1 तक दक्षिणी लेन को पूरी तरह बंद कर दिया गया है.

घेराबंदी कर मेट्रो निर्माण कार्य शुरू

करीब 200 से 300 मीटर क्षेत्र की घेराबंदी कर मेट्रो निर्माण कार्य शुरू किया गया है. फिलहाल उत्तरी लेन पर ही दोनों दिशाओं के वाहनों का परिचालन कराया जा रहा है. आयकर गोलंबर से सगुना मोड़ की ओर जाने वाले वाहनों को राजभवन मोड़ के पास बने कट से दूसरी लेन में भेजा जा रहा है.

सगुना से आने वाले वाहन राजवंशी नगर की ओर डायवर्ट

सगुना मोड़ से आयकर गोलंबर की ओर आने वाले वाहनों को पंचमुखी हनुमान मंदिर से पहले राजवंशी नगर की ओर डायवर्ट किया गया है. ये वाहन राजवंशी नगर होते हुए ललित भवन के पास फिर नेहरू पथ पर पहुंच रहे हैं. वहीं ऑटो और ई-रिक्शा जैसे व्यावसायिक वाहनों को पुनाईचक रोड के रास्ते नेहरू पथ पर जाने की अनुमति दी गई है. ट्रैफिक एसपी सागर कुमार ने बताया कि मेट्रो निर्माण के कारण किए गए डायवर्जन को सुचारु रूप से लागू कराने के लिए ट्रैफिक पुलिस के साथ पटना मेट्रो के 15 ट्रैफिक मार्शल भी विभिन्न स्थानों पर तैनात किए गए हैं.

पीक आवर में जाम से बढ़ी परेशानी

डायवर्जन लागू होने के पहले दिन सामान्य समय में यातायात सुचारु रहा, लेकिन शाम 6 से 7 बजे के पीक आवर में राजवंशी नगर की ओर मुड़ने वाले वाहनों की लंबी कतार लग गई. राजवंशी नगर, ऑफिसर फ्लैट और पुनाईचक रोड पर भी वाहनों का दबाव बढ़ने से कई जगह जाम की स्थिति बन गई. आयकर गोलंबर से सगुना मोड़ की ओर जाने वाले वाहन भी राजभवन मोड़ के पास धीमी गति से गुजरने लगे, जिससे नेहरू पथ पर यातायात प्रभावित रहा.

आगे और रूटों में हो सकता है बदलाव

पटना ट्रैफिक पुलिस ने मेट्रो निर्माण के अगले चरण को देखते हुए व्यापक ट्रैफिक प्लान तैयार किया है. भविष्य में आयकर गोलंबर से सगुना मोड़ की ओर जाने वाले व्यावसायिक वाहनों को वीरचंद पटेल पथ, आर ब्लॉक तथा मंदिरी नाला रोड होते हुए बांसघाट और पटना-दीघा मार्ग की ओर भेजने की योजना है.

एयरपोर्ट रूट पर भी डायवर्जन

यातायात का दबाव कम करने के लिए डुमरा चौकी से पटना एयरपोर्ट की ओर भी व्यावसायिक वाहनों को डायवर्ट किया गया. इसके अलावा राजाबाजार फ्लाईओवर पर भी व्यावसायिक वाहनों के प्रवेश पर रोक लगाई गई है. ट्रैफिक पुलिस का कहना है कि आवश्यकता के अनुसार ट्रैफिक व्यवस्था में आगे भी बदलाव किए जा सकते हैं.

इसे भी पढ़ें : पारिवारिक विवाद में विवाहिता संदिग्ध स्थिति में मौत, मायके वालों ने पीट-पीट कर हत्या का लगाया आरोप



विज्ञापन
Nitish Kumar

लेखक के बारे में

By Nitish Kumar

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन