आईआईटी पटना ने मनाया 18वां स्थापना दिवस, डीजीपी बोले- युवाओं के कंधों पर देश के भविष्य की जिम्मेदारी
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित अतिथि
आईआईटी पटना ने धूमधाम से अपना 18वां स्थापना दिवस मनाया. इस अवसर पर शिक्षा, अनुसंधान और नवाचार में संस्थान की उपलब्धियों का जश्न मनाया गया. डीजीपी विनय कुमार ने युवाओं को संबोधित किया.
Patna News : भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी) पटना ने गुरुवार को अपना 18वां स्थापना दिवस धूमधाम से मनाया. संस्थान के सभागार में आयोजित समारोह में शिक्षा, अनुसंधान, नवाचार और समाज सेवा के क्षेत्र में 18 वर्षों की उपलब्धियों का जश्न मनाया गया. कार्यक्रम की अध्यक्षता संस्थान के निदेशक प्रो. टी. एन. सिंह ने की, जबकि बिहार के पुलिस महानिदेशक विनय कुमार मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए.
18 वर्षों की उपलब्धियों पर दिखाई गई विशेष डॉक्यूमेंट्री
कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्ज्वलन और सरस्वती वंदना से हुई. इसके बाद स्टूडेंट्स जिमखाना के उपाध्यक्ष ने अतिथियों का स्वागत किया. इस अवसर पर संस्थान की 18 वर्षों की उपलब्धियों पर आधारित विशेष डॉक्यूमेंट्री ‘आईआईटी पटना: 18 इयर्स ऑफ विजन, ग्रोथ एंड लिगेसी’ का प्रदर्शन किया गया.
डीजीपी ने साझा किए छात्र जीवन के अनुभव
मुख्य अतिथि डीजीपी विनय कुमार ने आईआईटी खड़गपुर में बिताए अपने छात्र जीवन के अनुभव साझा किए. उन्होंने कहा कि आईआईटी पटना ने कम समय में शिक्षा, शोध और नवाचार के क्षेत्र में उल्लेखनीय पहचान बनाई है और यह देश के अग्रणी तकनीकी संस्थानों में तेजी से उभर रहा है. उन्होंने कहा कि युवाओं के कंधों पर देश के भविष्य की बड़ी जिम्मेदारी है.
छात्रों को नशे से दूर रहने की सलाह
समारोह में एडीजी पी एंड एस एनसीबी-सह-एडीजी ईओयू अमित कुमार जैन ने विद्यार्थियों को नशे के दुष्प्रभावों से अवगत कराया. उन्होंने विभिन्न प्रकार के नशीले पदार्थों और उनके नुकसान की जानकारी देते हुए छात्रों से नशे से दूर रहने की अपील की. इस दौरान नशा मुक्ति एवं जागरूकता पर आधारित एक वीडियो भी प्रदर्शित किया गया. अजय कुमार पांडेय ने भी इस विषय पर अपने विचार रखे.
ईमानदारी और अनुशासन को जीवन का आधार बनाने की अपील
संस्थान के निदेशक प्रो. टी. एन. सिंह ने छात्रों से आईआईटी पटना की गौरवशाली विरासत को आगे बढ़ाने का आह्वान किया. उन्होंने कहा कि विद्यार्थी अपने जीवन में ईमानदारी, अनुशासन और जिम्मेदारी को सर्वोच्च प्राथमिकता दें तथा भ्रष्टाचार से मुक्त रहकर समाज और राष्ट्र के विकास में योगदान दें.
केक काटकर मनाया स्थापना दिवस
कार्यक्रम में डीन (प्रशासन) एवं रजिस्ट्रार प्रो. ए. के. ठाकुर, डीन (स्टूडेंट्स अफेयर्स) प्रो. जिम्सन मैथ्यू, एसोसिएट डीन (फैकल्टी अफेयर्स) डॉ. दिनेश कोटनीस तथा एसोसिएट डीन (रिसर्च एंड डेवलपमेंट) डॉ. अनूप कुमार केशरी ने भी अपने विचार रखे. अंत में केक काटकर स्थापना दिवस मनाया गया. पीआईसी कल्चरल डॉ. सी. एस. प्रजापति ने धन्यवाद ज्ञापन दिया और राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ.
Also Read: मजदूर को घर बुलाकर गोली मारने का आरोप, शव लेकर फरार, आक्रोशित ग्रामीणों ने आरोपित का घर फूंका
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










