पारिवारिक विवाद में विवाहिता संदिग्ध स्थिति में मौत, मायके वालों ने पीट-पीट कर हत्या का लगाया आरोप

Updated:
विज्ञापन

महिला की मौत सांकेतिक फोटो

बिहार के पटना जिले में एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई. मायके पक्ष ने ससुराल पक्ष पर हत्या का आरोप लगाया है. पुलिस मामले की जांच कर रही है.

विज्ञापन

Patna News : धनरूआ प्रखंड के बहरामपुर ओपी क्षेत्र के ओलीपुर गांव में पारिवारिक विवाद के बीच 28 वर्षीय विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई. मृतका की पहचान मुन्ना कुमार की पत्नी संजू देवी के रूप में हुई है. मायके पक्ष ने पति समेत ससुराल के चार लोगों पर पीट-पीटकर हत्या करने का आरोप लगाया है. पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए पीएमसीएच भेज दिया है. मृतका के पिता एवं धनरूआ थाना क्षेत्र के बुलाकीबिगहा निवासी मनोज यादव ने आरोप लगाया कि उनकी पुत्री के पति मुन्ना कुमार, ससुर देवलाल प्रसाद, जेठ गौतम कुमार और सास ने मिलकर उसकी बेरहमी से पिटाई की, जिससे उसकी मौत हो गई.

दस साल पहले हुई थी शादी, डॉक्टरों जांच के बाद मृत घोषित किया

परिजनों के अनुसार, संजू देवी की शादी करीब 10 वर्ष पहले ओलीपुर निवासी मुन्ना कुमार से हुई थी. पिछले एक-दो वर्षों से पति-पत्नी के बीच अक्सर विवाद होता था और इस दौरान परिवार के अन्य सदस्य भी पति का साथ देते थे. गुरुवार को भी किसी बात को लेकर विवाद हुआ, जिसके बाद कथित रूप से संजू की पिटाई की गई. गंभीर हालत में उसे धनरूआ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया.

लिखित शिकायत का इंतजार, जांच में जुटी पुलिस

घटना की सूचना मिलने पर मायके पक्ष के लोग ओलीपुर पहुंचे. उनका आरोप है कि तब तक ससुराल पक्ष के सभी लोग घर छोड़कर फरार हो चुके थे. इसके बाद बहरामपुर ओपी पुलिस को सूचना दी गई. बहरामपुर ओपी प्रभारी राहुल कुमार ने बताया कि मृतका के पिता ने मौखिक रूप से हत्या का आरोप लगाया है, लेकिन अभी तक लिखित आवेदन प्राप्त नहीं हुआ है. उन्होंने बताया कि अंतिम संस्कार के बाद आवेदन देने की बात कही गई है. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए पीएमसीएच भेज दिया है. लिखित शिकायत मिलने के बाद आगे की विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी.


विज्ञापन
Ajay Kumar Masaurhi

लेखक के बारे में

By Ajay Kumar Masaurhi

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन