पटना : गुरु नानक देव के जहां पड़े चरण वहां बनेगा गुरुद्वारा : मुख्यमंत्री
Updated at : 24 Nov 2018 7:37 AM (IST)
विज्ञापन

जुड़ेगा सिख सर्किट से, सरकार इसमें करेगी सहयोग पटना सिटी : गुरु नानक देव जी महाराज के जहां चरण पड़े हैं, वहां पर गुरुद्वारा बने, इसके लिए सरकार पूरा सहयोग करेगी, उसे सिख सर्किट से जोड़ा जायेगा, यह बात मुख्यमंत्री ने शुक्रवार को प्रबंधक कमेटी के पदधारकों व सदस्यों से रायशुमारी में कही. मुख्यमंत्री ने […]
विज्ञापन
जुड़ेगा सिख सर्किट से, सरकार इसमें करेगी सहयोग
पटना सिटी : गुरु नानक देव जी महाराज के जहां चरण पड़े हैं, वहां पर गुरुद्वारा बने, इसके लिए सरकार पूरा सहयोग करेगी, उसे सिख सर्किट से जोड़ा जायेगा, यह बात मुख्यमंत्री ने शुक्रवार को प्रबंधक कमेटी के पदधारकों व सदस्यों से रायशुमारी में कही. मुख्यमंत्री ने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि राजगृह में शीतल कुंड गुरुद्वारे का निर्माण कराया जा रहा है.
इसमें केंद्र व राज्य सरकार ने सहयोग किया है. 2019 में जब गुरु महाराज का 550 वां प्रकाश पर्व 12 नवंबर कार्तिक पूर्णिमा के दिन मनाया जायेगा, वो प्रकाश पर्व से पहले हो जाये, ताकि वहां धार्मिक आयोजन हो सके. मुख्यमंत्री ने गायघाट स्थित बड़ी संगत गुरुद्वारा के इतिहास को रेखाकिंत करते हुए कहा कि वो ऐसा पवित्र स्थान है, जहां तीन गुरुओं के चरण पड़े हैं.
सबसे पहले वहां गुरु नानक आये, जहां अपने भक्त जैतामल को कहा कि वो नवम गुरु के रूप में यहां आयेंगे, इसके बाद आपको मुक्ति मिलेगी, भक्त जैतामल नियमित गुरु महाराज की पूजा करते थे, हर दिन गंगा स्नान के लिए जाते थे, जब वृद्ध हो गये, तब गंगा स्नान में असमर्थ होने पर वो गंगा का स्मरण किया, तब मां गंगा गाय का रूप धर कर स्नान कराने आती थी.
इसी वजह से पवित्र स्थल का नाम गायघाट पड़ा. जब यहां नवम गुरु तेग बहादुर जी महाराज आये, तब भक्त को मुक्ति मिली. जबकि गुरु गोबिंद सिंह जी महाराज का यहीं अवतरण हुआ.
पांचों तख्त में एक बिहार में है, यह सौभाग्य है.मुख्यमंत्री ने कहा कि आज हम गुरु नानक देव जी महाराज के प्रकाश पर्व पर श्रद्धा निवेदित करने गुरुघर आये हैं. सीएम ने जनवरी में आयोजित हो रहे श्री गुरु गोबिंद सिंह जी महाराज के 352 वां प्रकाश पर्व में हर संभव सहयोग का भरोसा भी प्रबंधक कमेटी के महासचिव महेंद्र पाल सिंह ढिल्लन व सदस्यों को दिया है.
दरबार साहिब में कीर्तन सुन ऊर्जावान हुए सीएम
मुख्यमंत्री का काफिला जैसे ही तख्त साहिब पहुंचा, वहां पर स्वागत में खड़े महासचिव व सदस्यों ने बोले सो निहाल सत श्री अकाल की जयघोष के साथ मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का स्वागत करते हुए पुष्प गुच्छा भेंट की. इसके बाद मुख्यमंत्री दरबार साहिब में पहुंचे, जहां पर सजे विशेष दीवान में श्रद्धा निवेदित की.
मुख्यमंत्री के साथ रहे पथ निर्माण मंत्री नंदकिशोर यादव, पूर्व मुख्य सचिव जीएस कंग व विभागों के प्रधान सचिव के साथ जिलाधिकारी कुमार रवि, वरीय पुलिस अधीक्षक मनु महाराज, एसडीओ राजेश रौशन समेत अन्य अधिकारी भी उपस्थित थे. दरबार में साहिब में मत्था टेकने के बाद जत्थेदार ज्ञानी इकबाल सिंह ने मुख्यमंत्री व पथ निर्माण मंत्री को आशीष स्वरूप सिरोपा भेंट किया.
इसके बाद तलबार व गुरु महाराज पर चढ़े मोतियों के माला को भेंट किया. सीएम जिस समय दरबार साहिब में पहुंचे, उस समय शबद कीर्तन चल रहा था, मुख्यमंत्री लगभग आधा घंटा तक दीवान में शबद कीर्तन सुन ऊर्जावान हुए, इसके सीएम दरबार साहिब से निकल कर अतिथि गृह में पहुंचे, जहां प्रबंधक कमेटी के महासचिव सरदार महेंद्र पाल सिंह ढिल्लन ने 11 से 13 जनवरी तक 2019 में आयोजित होने वाले 352 वां गुरु गोबिंद प्रकाश पर्व के आयोजन में सहयोग के लिए विचार विमर्श करते हुए ज्ञापन सौंपा.
इस मौके पर प्रबंधक कमेटी के कनीय उपाध्यक्ष इंद्रजीत सिंह, सदस्य राजा सिंह, त्रिलोचन सिंह, हरवंश सिंह, जगजोत सिंह सोही, लखविंदर सिंह, सूरज सिंह समेत अन्य थे.
पर्यटक सुविधा केंद्र कमेटी को सौंपे, बनाये टेंट सिटी व लंगर हाॅल
महासचिव महेद्रपाल सिंह ढिल्लन ने मुख्यमंत्री को सौंपे ज्ञापन में गुरु पर्व के दरम्यान पांच हजार संगत के ठहरने के लिए कंगन घाट पर टेंट सिटी के निर्माण कराने, पर्यटन विभाग की ओर से तैयार पर्यटक सुविधा केंद्र गुरुपर्व से पहले कमेटी को उपलब्ध कराने व संगत की बढ़ती संख्या को देखते हुए कमेटी द्वारा संचालित स्कूलों को कंगन घाट पर स्थानांतरित करने का निर्णय कमेटी ने लिया गया है.
इसके लिए पांच एकड़ जमीन कंगन घाट पर मुहैया कराया जाये. ताकि विद्यालय शिफ्ट होने के बाद खाली भवन का उपयोग रिहाइश के लिए किया जा सके. महासचिव ने बताया कि मुख्यमंत्री ने कमेटी का आवश्स्त किया है कि स्थायी रिहाइश के लिए सरकार व्यवस्था करने पर विचार कर रही है. सीएम ने कमेटी को आश्वस्त किया है कि गुरुपर्व की तैयारी में सरकार मदद करेगी.
रेल मंत्रालय से होगी बात
प्रबंधक कमेटी ने अकाल तख्त एक्सप्रेस ट्रेन को सप्ताह में दो दिनों के बदले नियमित चलाने व अन्य ट्रेनों का पटना साहिब स्टेशन पर ठहराव देने की मांग मुख्यमंत्री से की. मुख्यमंत्री ने कहा कि इस संबंध में रेल मंत्रलय से बात की जायेगी. ताकि तख्त साहिब पटना आने-जाने में असुविधा नहीं हो, संगत को अधिक सुविधा मिले, इसके लिए सरकार संकल्पित है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
विज्ञापन
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar Digital Desk
यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।
Tags
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए
विज्ञापन




