फुलवारीशरीफ : एटीएम काट चोरों ने उड़ाये 35 लाख
Updated at : 16 Nov 2018 9:13 AM (IST)
विज्ञापन

बेऊर मोड़ पर यूनियन बैंक ऑफ इंडिया की एटीएम को दूसरी बार बनाया निशाना फुलवारीशरीफ : पटना में लुटेरों के आतंक से एटीएम को सुरक्षित रखना अब पटना पुलिस के लिए चुनौती बनती जा रही है. लगातार लूटपाट करने वाले गिरोह के शातिरों की गिरफ्तारी के बावजूद बेऊर मोड़ पर यूनियन बैंक आॅफ इंडिया की […]
विज्ञापन
बेऊर मोड़ पर यूनियन बैंक ऑफ इंडिया की एटीएम को दूसरी बार बनाया निशाना
फुलवारीशरीफ : पटना में लुटेरों के आतंक से एटीएम को सुरक्षित रखना अब पटना पुलिस के लिए चुनौती बनती जा रही है. लगातार लूटपाट करने वाले गिरोह के शातिरों की गिरफ्तारी के बावजूद बेऊर मोड़ पर यूनियन बैंक आॅफ इंडिया की एटीएम को बदमाशों ने गैस कटर से काट कर लाखों रुपये लेकर चंपत हो गये. बेऊर थाना से चंद फर्लांग की दूरी पर बेऊर मोड़ के पास स्थित यूनियन बैंक आॅफ इंडिया की इसी एटीएम को लुटेरों ने एक साल में दूसरी बार अपना निशाना बनाया है.
बताया जाता है कि मंगलवार को ही इस एटीएम में बीस लाख रुपये डाले गये थे. एटीएम में पहले भी रुपये थे. अपुष्ट सूत्रों के मुताबिक एटीएम में करीब पैंतीस लाख रुपये की लूट हुई है. पुलिस को एटीएम काट लूट की भनक गुरुवार की सुबह में करीब साढ़े तीन बजे हुई. पुलिस का कहना है कि रात दो बजे तक वहां चौकसी हो रही थी और गार्ड के हटने के बाद ही एटीएम में अपराधियों के दल ने दाखिल होकर वारदात को अंजाम दिया. इससे पहले भी बेऊर के प्रगति नगर में ही एटीएम काटकर लाखों की लूट हो चुकी है.
अनिसाबाद बाईपास में बेऊर मोड़ पर स्थित यूनियन बैंक ऑफ इंडिया की एटीएम में लूटपाट गिरोह के सदस्यों ने धावा बोल कर गैस कटर से एटीएम को काट डाला और उसमें रखे लाखों रुपये उड़ा ले गये. इससे पहले वहीं लगे सीसीटीवी कैमरे तोड़ डाले गये थे.
सिपाही के हटने के बाद हुई वारदात : पुलिस का दावा है कि उस एटीएम में रात दो बजे तक पुलिस का सिपाही अपनी ड्यूटी बजा रहा था और उसके हटने के बाद ही लूट की वारदात हो गयी, जिससे साबित होता है की अपराधियों की नजर इस एटीएम पर पहले से बनी हुई थी. एक साल में इसी एटीएम को दूसरी बात लूटा गया है . बेऊर प्रभारी थानेदार प्रमोद कुमार ने बताया कि यूनियन बैंक एटीएम में लूट की सूचना मिलने के बाद टेक्नीशियन को बुलाया गया है. उन्होंने बताया कि यूनियन बैंक ऑफ इंडिया के कस्टोडीयन अविनाश कुमार अभिषेक के मुताबिक मंगलवार की सुबह बीस लाख रुपये डाले गये थे. उसके बाद एटीएम से उपभोक्ताओं ने कितने रुपये की निकासी की इसकी जांच की जा रही है. पुलिस अपराधियों का पता लगाने में जुटी है .
पटना. बेऊर इलाके में यूनियन बैंक का एटीएम काट कर लाखों रुपये निकालने की घटना के बाद यह स्पष्ट हो गया है कि एटीएम काट कर पैसे निकालने वाले गिरोह पटना में ही घूम रहे हैं. जबकि पुलिस इस गिरोह के पटना से बाहर होने का शक जता रही थी. एटीएम काट कर पैसे निकालने वाले गिरोह के तार छत्तीसगढ़ से जुड़ रहे थे. लेकिन बेऊर में घटना को अंजाम देने से पटना में मौजूदगी की जानकारी मिली.
25 अगस्त को तीन एटीएम को एक साथ बनाया था निशाना : अगस्त माह में अपराधियों ने मनेर, अगमकुआं व पत्रकार नगर इलाके में तीन एटीएम को काट कर लाखों रुपये निकाल लिये थे. अपराधियों ने अगमकुआं के भागवत नगर में एटीएम को काट कर पैसे निकाले और फिर वहां से निकले, तो पत्रकार नगर में एटीएम को उन लोगों ने निशाना बनाया.
इसके बाद वे लोग मनेर की ओर निकल गये और वहां भी घटना को अंजाम देने का प्रयास किया. लेकिन सफलता नहीं मिली. तीनों ही एटीएम एसबीआई के थे. गिरोह का पर्दाफाश करने को एसएसपी मनु महाराज ने विशेष टीम का गठन किया था. इसके साथ ही सीसीटीवी कैमरे के वीडियो फुटेज के आधार पर पुलिस ने अपराधियों की स्केच भी जारी की थी.
गिरोह के तार जुड़े थे छत्तीसगढ़ से
पत्रकार नगर व अगमकुआं थाना क्षेत्र में एटीएम तोड़ कर 18 लाख से अधिक रुपये निकालने के मामले में शामिल गिरोह के तार छत्तीसगढ़ से जुड़े थे. गिरोह स्कॉर्पियो से निकला था. सीसीटीवी फुटेज से गाड़ी का नंबर मिला था, जो छत्तीसगढ़ का था. पुलिस टीम छत्तीसगढ़ पहुंची, लेकिन वहां उस नाम का व्यक्ति नहीं मिला. इसके बाद पुलिस वापस लौट गयी.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
विज्ञापन
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar Digital Desk
यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।
Tags
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए
विज्ञापन




