ePaper

बिहार के सबसे बड़े जमींदार हैं लालू प्रसाद : सुशील मोदी

Updated at : 30 Jun 2018 6:21 PM (IST)
विज्ञापन
बिहार के सबसे बड़े जमींदार हैं लालू प्रसाद : सुशील मोदी

पटना : बिहार के उपमुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी ने आज राजद अध्यक्ष लालू प्रसाद के परिवार के खिलाफ जमीन के अनियमित लेन-देन के ताजा आरोप लगाए और दावा किया कि पूर्व मुख्यमंत्री राज्य के ‘सबसे बड़े जमींदार’ साबित हो रहे हैं. भाजपा के वरिष्ठ नेता मोदी ने यहां संवाददाता सम्मेलन में आरोप लगाया कि बिहार […]

विज्ञापन

पटना : बिहार के उपमुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी ने आज राजद अध्यक्ष लालू प्रसाद के परिवार के खिलाफ जमीन के अनियमित लेन-देन के ताजा आरोप लगाए और दावा किया कि पूर्व मुख्यमंत्री राज्य के ‘सबसे बड़े जमींदार’ साबित हो रहे हैं. भाजपा के वरिष्ठ नेता मोदी ने यहां संवाददाता सम्मेलन में आरोप लगाया कि बिहार में जब राजद का शासन था , उस वक्त प्रसाद ने कई बैनामा के जरिये पटना के पास करीब 2.5 एकड़ की शानदार जमीन खरीदी थी.

उन्होंने यह आरोप भी लगाया कि कुछ साल पहले उस जमीन की पट्टा प्रसाद के छोटे बेटे और पूर्व उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव के नाम कर दिया गया. यह 91 साल की अवधि के लिए किया गया जिस दौरान उस व्यक्ति को सालाना महज 20,000 रुपये की रकम अदा करनी होगी जिसके नाम पर लीज है. हाल के महीनों में लालू प्रसाद के परिवार पर कई ऐसे आरोप लगा चुके मोदी ने कहा, 1990 और 2005 के बीच, जिसे बिहार में लालू-राबड़ी शासनकाल भी कहा जा सकता है, 255 डेसिमल जमीन, जो करीब 2.5 एकड़ हुई, खरीदी गयी.

राजद सुप्रीमो के बड़े भाई के दामाद से जुड़े लोगों के पक्ष में क्रियान्वित डीड के जरिये जमीन खरीदी गयी, जो यहां एक पशुविज्ञान कॉलेज में चतुर्थ श्रेणी के कर्मी थे. राज्य के वित्त मंत्री मोदी ने कहा, 13 जून 2012 को कुल छह लोगों के मालिकाना हक वाली जमीन के पूरे हिस्से की लीज तेजस्वी यादव के नाम कर दी गयी. पट्टे की अवधि 31 मई 2101 को खत्म होगी यानी जब राजद के संभावित उत्तराधिकारी 110 साल के हो चुके होंगे. उन्होंने कहा, समूची अवधि के लिए तेजस्वी की ओर से भुगतान किया जाने वाला सालाना किराया महज 20,000 रुपये तय किया गया है जबकि मौजूदा दरों के हिसाब से इसे पांच लाख रुपये से ज्यादा होना चाहिए था.

सुशील मोदी ने कहा, सवाल है कि कौन लाखों की जमीन खरीदकर उसे किसी को कौड़ियों के भाव लीज पर दे देगा? साफ तौर पर राजद सुप्रीमो ने जमीन खरीदने के लिए अपना काला धन भेजा, दूर-दराज के रिश्तेदारों के नाम इसे पंजीकृत कराया ताकि आयकर के झमेलों से बच सकें और तब 91 साल की लीज के जरिए इसे अपनी कई पीढ़ियों के लिए सुरक्षित कर लिया.

भाजपा नेता ने कहा, अब तो यह अंदाजा लगाना भी मुश्किल हो गया है कि राजद सुप्रीमो ने इस तरह से कितनी जमीनें हासिल की. ऐसे और भी मामले सामने आ सकते हैं. ऐसा लगता है कि खुद को गरीबों का नेता कहने वाले लालू प्रसाद बिहार के सबसे बड़े जमींदार के तौर पर सामने आते जा रहे हैं. मोदी ने कहा, आयकर विभाग, सीबीआई और प्रवर्तन निदेशालय जैसी एजेंसियों को इस पर ध्यान देकर कार्रवाई करनी चाहिए. हम इन संपत्तियों के बारे में चुनाव आयोग को भी लिखेंगे जिसे परिवार के किसी सदस्य ने घोषित नहीं किया है.

इराक में आईएसआईएस के आतंकवादियों द्वारा बिहार के कुछ लोगों को बंधक बना लिए जाने के बारे में पूछे जाने पर मोदी ने कहा, यह ऐसा क्षेत्र है जहां पूर्णत : गृह युद्ध हो रहा है. बहरहाल, केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार हजारों भारतीयों को सुरक्षित बचाने में कामयाब रही है. मुझे यकीन है कि बाकी लोगों को भी सुरक्षित स्वदेश लाया जायेगा.

विज्ञापन
Prabhat Khabar Digital Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन