ePaper

होली पर सख्ती,अश्लील गानों और नशेड़ियों पर प्रशासन की नजर, ड्रोन से होगी निगरानी

Updated at : 26 Feb 2026 8:01 AM (IST)
विज्ञापन
District Adminidtration

District-Adminidtration Meetig

Patna News: पटना में शांतिपूर्ण और सुरक्षित होली सुनिश्चित करने के लिए जिलाधिकारी डॉ. त्यागराजन एसएम ने अधिकारियों को निर्देश जारी किए हैं. अगर आप भी होली पर डीजे की धुन पर थिरकने या अश्लील गानों के शौकीन हैं, तो सावधान हो जाइए, क्योंकि इस बार पुलिस की पैनी नजर सीधे आप पर है.

विज्ञापन

Patna News: पटना में होली को लेकर प्रशासन ने सुरक्षा का सख्त ब्लूप्रिंट तैयार किया है. जिला प्रशासन ने साफ कर दिया है कि त्योहार की आड़ में हुड़दंग, नशा या अश्लीलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी. कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए निगरानी से लेकर पेट्रोलिंग तक बहुस्तरीय व्यवस्था लागू की जा रही है.

ड्रोन, सीसीटीवी और गश्ती से रहेगी नजर

जिलाधिकारी डॉ. त्यागराजन एसएम ने अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर स्पष्ट निर्देश दिया है कि असामाजिक तत्वों पर कड़ी नजर रखी जाए. संवेदनशील गतिविधियों की निगरानी ड्रोन, वीडियोग्राफी और सीसीटीवी कैमरों से की जाएगी.सोशल मीडिया मॉनिटरिंग सेल को 24 घंटे सक्रिय रहने का आदेश दिया गया है. अफवाह फैलाने वालों और भड़काऊ पोस्ट डालने वालों के खिलाफ साइबर सेल तुरंत कार्रवाई करेगी.

रात्रि गश्ती और मोटरसाइकिल पेट्रोलिंग बढ़ाई जाएगी, ताकि किसी भी अप्रिय घटना को तुरंत रोका जा सके.

डीजे, नशा और हुड़दंग पर सख्त रोक

प्रशासन ने साफ किया है कि होली में डीजे पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा, नशीले पदार्थों के सेवन और बिक्री के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जाएगा. अधिकारियों को निर्देश दिया गया है कि शांति समिति की बैठकें समय पर आयोजित कर स्थानीय स्तर पर संवाद बनाए रखें, ताकि त्योहार सौहार्दपूर्ण माहौल में मनाया जा सके.

होली के मद्देनजर जिले में कई स्थानों को संवेदनशील चिन्हित किया गया है, जहां अतिरिक्त पुलिस बल तैनात रहेगा. थानों में अतिरिक्त गश्ती दल बनाए जा रहे हैं और 28 फरवरी से 5 मार्च तक विशेष सतर्कता बरती जाएगी.

हुड़दंगियों को पकड़ने के लिए ड्रोन कैमरों का सहारा लिया जाएगा. इसके साथ ही वीडियोग्राफी और सीसीटीवी के जरिए हर संदिग्ध गतिविधि पर नजर रखी जाएगी.

महिला आयोग भी सख्त, अश्लील गानों पर रोक

होली के दौरान अक्सर सार्वजनिक स्थानों पर बजने वाले द्विअर्थी और फूहड़ गीतों पर इस बार बिहार राज्य महिला आयोग ने बेहद सख्त रुख अख्तियार किया है. आयोग की अध्यक्ष अप्सरा ने पुलिस महानिदेशक (DGP) को पत्र लिखकर स्पष्ट निर्देश दिया है कि अश्लील गीतों के प्रसारण पर पूर्णतः रोक लगाई जाए.

आयोग का मानना है कि ऐसे गानों से न केवल सामाजिक माहौल दूषित होता है, बल्कि महिलाओं और बच्चों को असहज स्थिति का सामना करना पड़ता है, जो अक्सर छेड़खानी और विवाद का कारण बनता है. पुलिस अब ऐसे डीजे और साउंड सिस्टम मालिकों को चिह्नित कर रही है जो अश्लीलता परोसेंगे.

इन नंबरों पर करें कॉल, 24 घंटे मिलेगी मदद

होली के दौरान आपको कहीं भी हिंसा, अशांति या अश्लीलता की शिकायत करनी हो, तो प्रशासन ने इसके लिए समर्पित हेल्पलाइन नंबर जारी किए हैं. 0612-2219810, 2219234, और 2210116 पर संपर्क कर सकते हैं. इसके अलावा, आपातकालीन स्थिति में डायल 112 हमेशा की तरह सक्रिय रहेगा.

Also Read: पटना में जमीन मालिकों को मुआवजा देने को लेकर कड़ा आदेश, डीएम ने क्या कहा?

विज्ञापन
Pratyush Prashant

लेखक के बारे में

By Pratyush Prashant

महात्मा गांधी अंतरराष्ट्रीय हिंदी विश्वविद्यालय से पत्रकारिता में एम.ए. तथा जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (JNU) से मीडिया और जेंडर में एमफिल-पीएचडी के दौरान जेंडर संवेदनशीलता पर निरंतर लेखन. जेंडर विषयक लेखन के लिए लगातार तीन वर्षों तक लाडली मीडिया अवार्ड से सम्मानित रहे. The Credible History वेबसाइट और यूट्यूब चैनल के लिए कंटेंट राइटर और रिसर्चर के रूप में तीन वर्षों का अनुभव. वर्तमान में प्रभात खबर डिजिटल, बिहार में राजनीति और समसामयिक मुद्दों पर लेखन कर रहे हैं. किताबें पढ़ने, वायलिन बजाने और कला-साहित्य में गहरी रुचि रखते हैं तथा बिहार को सामाजिक, सांस्कृतिक और राजनीतिक दृष्टि से समझने में विशेष दिलचस्पी.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन