Garhwa: इंजेक्शन लगाते ही 6 साल की बच्ची की मौत, परिजनों ने चिकित्सक पर लगाया लापरवाही का आरोप
Published by : AmleshNandan Sinha Updated At : 11 Jun 2026 4:34 PM
शोकाकूल बच्ची के परिजन
Garhwa: गढ़वा जिले में एक 6 साल की बच्ची की इंजेक्शन लगने के बाद मौत हो गई. घटना के बाद परिजनों ने चिकित्सक पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाया और निष्पक्ष जांच की मांग करते हुए विरोध जताया. पूरी खबर नीचे पढ़ें...
कांडी से उपेंद्र नारायण द्विवेदी की रिपोर्ट
Garhwa (कांडी): कांडी थाना क्षेत्र के एक तथाकथित निजी चिकित्सक के यहां इलाज के दौरान छह वर्षीय बच्ची की मौत हो जाने का मामला सामने आया है. घटना के बाद आक्रोशित परिजनों ने संबंधित चिकित्सक पर घोर लापरवाही और हत्या का आरोप लगाया है. मृत बच्ची की पहचान कांडी थाना क्षेत्र के बतों खुर्द गांव निवासी निरंजन कुमार गुप्ता की 6 वर्षीय पुत्री ब्यूटी कुमारी के रूप में हुई है. इधर, घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है.
तीन दिन पहले बच्ची को आया था बुखार
जानकारी के अनुसार, मृत बच्ची की मां रेणु देवी ने बताया कि उनकी पुत्री को तीन दिन पूर्व बुखार आया था. इलाज के लिए वह बुधवार को कांडी स्थित चिकित्सक डॉ रंजीत कुमार मेहता के पास पहुंची थीं. मां का आरोप है कि चिकित्सक ने पहले ब्लड जांच कराने की बात कही. जांच रिपोर्ट आने के बाद बच्ची को एक इंजेक्शन लगाया गया. परिजनों का कहना है कि इंजेक्शन लगने के तुरंत बाद ही बच्ची की तबीयत अचानक और ज्यादा बिगड़ गई और उसे उल्टी होने लगी. देखते ही देखते कुछ ही देर में उसकी स्थिति बेहद नाजुक हो गई.
आनन-फानन में बच्ची को किया गया रेफर
परिजनों के अनुसार, स्थिति को बिगड़ते देख उक्त चिकित्सक ने आनन-फानन में बच्ची को कांडी अस्पताल रेफर कर दिया, जहां से उसे बेहतर इलाज के लिए मझिआंव सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) भेजा गया. हालांकि, जब परिजन बच्ची को लेकर मझिआंव अस्पताल पहुंचे, तो वहां के चिकित्सकों ने जांच के उपरांत उसे मृत घोषित कर दिया. परिजनों का आरोप है कि गलत इंजेक्शन के दुष्प्रभाव के कारण ही उनकी बच्ची की जान गई है और इसके लिए सीधे तौर पर कथित डॉक्टर जिम्मेदार है.
डॉक्टर की डिग्री डी-फार्मा
परिजनों ने यह भी बताया कि कांडी में केदार नामक व्यक्ति के पुत्र द्वारा ‘ओम मेडिकल’ संचालित किया जाता है, जिसके परिसर में ही उक्त चिकित्सक बैठकर मरीजों का इलाज करते हैं. इधर, इस संबंध में पूछे जाने पर आरोपी चिकित्सक रंजीत कुमार मेहता ने अपने बचाव में कहा कि बच्ची की ब्लड टेस्ट रिपोर्ट देखने के बाद उसे ‘मोनोसेफ 500 एमजी’ का इंजेक्शन लगवाया गया था. उन्होंने दावा किया कि बच्ची को थोड़ा इंफेक्शन और टाइफाइड की शिकायत थी. इंजेक्शन के बाद उसकी स्थिति खराब होते देख उसे तुरंत कांडी अस्पताल रेफर कर दिया गया था. उक्त चिकित्सक ने अपनी शैक्षणिक योग्यता डी-फार्मा बताई है.
पोस्टमार्टम रिपोर्ट का पुलिस को इंतजार
दूसरी ओर, मझिआंव सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र से घटना की लिखित सूचना कांडी थाना प्रभारी अमित कुमार को दी गई. सूचना मिलते ही कांडी थाना के एएसआई विद्याधर मछुआ पुलिस बल के साथ अस्पताल पहुंचे और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की. पुलिस ने मृत बच्ची के शव का पंचनामा तैयार कर उसे पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल गढ़वा भेज दिया. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि परिजनों द्वारा लगाये गये आरोपों की गंभीरता से जांच की जा रही है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने और जांच के बाद दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी. इस घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है.
ये भी पढ़ें…
पुनर्जीवित होकर रहेगी गढ़वा की सरस्वतिया, एसडीएम संजय कुमार की पहल पर 17वें दिन उमड़ा जनसैलाब
गढ़वा में अवैध बालू खनन पर प्रशासन सख्त, नदी घाटों के 200 मीटर के दायरे में लगी धारा 163
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By AmleshNandan Sinha
अमलेश नंदन सिन्हा प्रभात खबर डिजिटल में वरिष्ठ पत्रकार के रूप में कार्यरत हैं. इनके पास हिंदी पत्रकारिता में 20 से अधिक वर्षों का अनुभव है. रांची विश्वविद्यालय से पत्रकारिता की पढ़ाई करने के बाद से इन्होंने कई समाचार पत्रों के साथ काम किया. इन्होंने पत्रकारिता की शुरुआत रांची एक्सप्रेस से की, जो अपने समय में झारखंड के विश्वसनीय अखबारों में से एक था. एक दशक से ज्यादा समय से ये डिजिटल के लिए काम कर रहे हैं. झारखंड की खबरों के अलावा, समसामयिक विषयों के बारे में भी लिखने में रुचि रखते हैं. विज्ञान और आधुनिक चिकित्सा के बारे में देखना, पढ़ना और नई जानकारियां प्राप्त करना इन्हें पसंद है.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










