मेराल के कुशमही में बांस रोपण को लेकर विवाद, कुदाल से हमले में परहिया समुदाय के दो लोग गंभीर

मेराल के कुशमही में बांस रोपण को लेकर विवाद, कुदाल से हमले में परहिया समुदाय के दो लोग गंभीर | Prabhat Khabar Network
गढ़वा के कुशमही गांव में वन विभाग के बांस रोपण के दौरान आदिवासियों पर कुदाल से हमला हुआ है. इस घटना में दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं.
गढ़वा: मेराल थाना क्षेत्र के कुशमही गांव में वन विभाग (उत्तरी) द्वारा बांस के वृक्षारोपण को लेकर दो आदिवासी (परहिया व कोरवा) समुदाय के लोगों के साथ मारपीट की घटना सामने आई है, जिसमें दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं. घायलों में 72 वर्षीय केशवर परहिया एवं 29 वर्षीय वीरेंद्र कोरवा शामिल हैं.
घटना की सूचना मिलते ही मेराल थाना प्रभारी विष्णुकांत ने दोनों घायलों को गंभीर अवस्था में इलाज के लिए गढ़वा सदर अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उनका इलाज चल रहा है. शेष अन्य लोगों को हल्की-फुल्की चोटें आई हैं.
वन पट्टा की भूमि पर रोपण का विरोध
समाचार के अनुसार, जिस भूमि पर वन विभाग द्वारा बांस का वृक्षारोपण किया जा रहा है, वह आदिम जनजाति परहिया परिवार के वन पट्टा की भूमि है. पीड़ितों का कहना है कि यह भूमि उन्हें वन अधिकार अधिनियम 2006 के तहत वर्ष 2011 में गढ़वा जिला प्रशासन द्वारा विधिवत रूप से प्राप्त हुई है. वे सभी इस भूमि पर निवास करते हैं एवं वर्षों से खेती-बाड़ी का कार्य करते आ रहे हैं, जिस पर वृक्षारोपण करना पूरी तरह अनुचित है.
मजदूरों ने कुदाल से किया हमला
रविवार को इसी भूमि पर वन विभाग (उत्तरी) द्वारा वृक्षारोपण कराने के लिए दंडाधिकारी के रूप में राजस्व कर्मचारी बिंदेश्वर पासवान, गढ़वा रेंज के रेंजर प्रमोद कुमार, फॉरेस्टर पुष्पराज सिंह एवं मेराल पुलिस के एएसआई दिनेश मुंडा स्थल पर पहुंचे थे. जहां कोरवा-परहिया समुदाय के लोगों ने वृक्षारोपण का पुरजोर विरोध किया. ग्रामीणों ने अधिकारियों को बताया कि वे दो दिन पूर्व ही उपायुक्त गढ़वा, मेराल थाना प्रभारी एवं अंचल अधिकारी को आवेदन देकर वृक्षारोपण न कराने की गुहार लगा चुके हैं.
बातचीत के दौरान ही गोबरदाहा गांव से वृक्षारोपण कार्य के लिए मजदूर के रूप में आए उदय यादव, शिवनारायण यादव, नंदू यादव एवं इंदर यादव सहित दर्जनों लोगों ने आदिम जनजाति परहिया समुदाय के लोगों पर कुदाल से हमला कर दिया. घटना स्थल पर मौजूद एएसआई दिनेश मुंडा एवं पुलिस बल ने स्थिति को संभालने का प्रयास किया.
काम बंद करा मुख्यालय लौटे अधिकारी
तत्पश्चात थाना प्रभारी विष्णुकांत दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे और मामले को शांत कराया. पुलिस ने घटना से संबंधित पीड़ितों से आवेदन ले लिया है. घटना के बाद वनों के क्षेत्र पदाधिकारी प्रमोद कुमार, वन विभाग की टीम एवं दंडाधिकारी के साथ काम बंद कराकर मुख्यालय लौट गए.
इस संबंध में राजस्व कर्मचारी बिंदेश्वर पासवान ने बताया कि मारपीट की घटना को देखते हुए वृक्षारोपण का कार्य तत्काल प्रभाव से बंद कर दिया गया है और आगे प्रशासनिक आदेश व निर्देशानुसार कार्य किया जाएगा.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar News Desk
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










