रूस-यूक्रेन युद्ध के बीच भारत का अलर्ट, काला सागर में बढ़ा खतरा, विदेश मंत्रालय ने जारी की एडवाइजरी

काला सागर में रूसी मिसाइल हमले के बाद जहाज गोल्डन लियो से उठता धुआं, फोटो- पीटीआई
Russia Ukraine War: विदेश मंत्रालय ने भारतीय नागरिकों को सलाह दी है कि रूस-यूक्रेन युद्ध के कारण काला सागर क्षेत्र में जहाजों पर नौकरी करने से पहले सुरक्षा स्थिति को अच्छी तरह समझ लें. सरकार ने कहा है कि जोखिमों का आकलन करें, सभी सुरक्षा नियमों का पालन करें और नौकरी की शर्तों की पूरी जानकारी लेकर ही फैसला करें.
Russia Ukraine War: रूस-यूक्रेन संघर्ष के बीच विदेश मंत्रालय ने काला सागर और आसपास के समुद्री क्षेत्रों में संचालित वाणिज्यिक जहाजों पर काम करने के इच्छुक भारतीय नागरिकों के लिए एडवाइजरी जारी की है. मंत्रालय ने कहा है कि इस क्षेत्र में सुरक्षा स्थिति अत्यधिक अस्थिर बनी हुई है. ऐसे में काम पर जाने से पहले सभी सुरक्षा जोखिमों का सावधानीपूर्वक आकलन करना जरूरी है.
मिसाइल और ड्रोन हमलों का खतरा
विदेश मंत्रालय के अनुसार, काला सागर से गुजरने वाले या वहां संचालित होने वाले कमर्शियल जहाजों को मिसाइल और ड्रोन हमलों सहित गंभीर सुरक्षा खतरों का सामना करना पड़ रहा है. अप्रैल 2026 से ऐसी घटनाओं में काफी इजाफा हुआ है, जिनमें पांच भारतीय नागरिकों की मौत भी हो चुकी है.
संघर्ष प्रभावित क्षेत्र में चलने वाले या वहां से गुजरने वाले वाणिज्यिक जहाजों पर रोजगार करने के इच्छुक भारतीय नागरिक ऐसे कार्यभार स्वीकार करने से पहले मौजूदा सुरक्षा जोखिमों का सावधानीपूर्वक आकलन करें. विदेश मंत्रालय
भारतीय नागरिकों के लिए जरूरी सलाह
विदेश मंत्रालय ने भारतीय नाविकों और नौकरी के इच्छुक नागरिकों को कई महत्वपूर्ण सावधानियां बरतने की सलाह दी है. क्या करें?
- नौकरी स्वीकार करने से पहले जहाज के निर्धारित मार्ग और पड़ाव बंदरगाहों की पूरी जानकारी लें. \
- जहाज की सुरक्षा व्यवस्था और सुरक्षा प्रोटोकॉल की जानकारी प्राप्त करें. बीमा कवरेज, चिकित्सा सुविधा, निकासी (Evacuation), स्वदेश वापसी और मुआवजे की व्यवस्था सुनिश्चित करें.
- रोजगार की शर्तें अंतरराष्ट्रीय समुद्री मानकों के अनुरूप हों.
- परिवार को अपनी यात्रा और लोकेशन की जानकारी देते रहें.
- भारत सरकार, समुद्री प्रशासन महानिदेशालय (DG Shipping) और संबंधित समुद्री अधिकारियों की सभी एडवाइजरी का पालन करें.
DG Shipping की भी चेतावनी
बंदरगाह, जहाजरानी और जलमार्ग मंत्रालय के अधीन समुद्री प्रशासन महानिदेशालय (DG Shipping) भी लगातार सुरक्षा एडवाइजरी जारी कर रहा है. जून में जारी परिपत्र में संघर्ष क्षेत्रों में भारतीय नाविकों की तैनाती पर अगले आदेश तक रोक लगाने के निर्देश दिए गए थे. केवल सहमति से होने वाले आपातकालीन क्रू परिवर्तन को इससे छूट दी गई है.
जरूरत पड़ने पर यहां करें संपर्क
विदेश मंत्रालय ने संकट की स्थिति में भारतीय दूतावासों और वाणिज्य दूतावासों से तत्काल संपर्क करने की सलाह दी है.
आपातकालीन हेल्पलाइन
- रूस स्थित भारतीय दूतावास: +7 9652773414
- यूक्रेन स्थित भारतीय दूतावास: +38 0933559958
सरकार का संदेश
विदेश मंत्रालय ने कहा है कि संघर्षग्रस्त समुद्री क्षेत्रों में काम करने वाले भारतीय नागरिक अत्यधिक सतर्क रहें, आधिकारिक सुरक्षा निर्देशों का नियमित पालन करें और किसी भी आपात स्थिति में भारतीय मिशनों और संबंधित सरकारी एजेंसियों से तुरंत संपर्क करें. सरकार ने साफ किया है कि भारतीय नागरिकों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है.
Also Read: कारगिल विजय दिवस : बोले रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह - पाकिस्तान से अब बात होगी PoK पर
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By प्रीतीश सहाय
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










