घर के बाहर झामुमो महिला मोर्चा अध्यक्ष से बेरहमी से मारपीट, हाथ फ्रैक्चर; गंभीर हालत में गढ़वा रेफर

घर के बाहर जमा आरोपी | Prabhat Khabar Network
झामुमो महिला मोर्चा अध्यक्ष फूल कुमारी देवी के साथ बेरहमी से मारपीट की गई है. उनका हाथ फ्रैक्चर हुआ है और हालत गंभीर होने पर गढ़वा रेफर किया गया है.
गढ़वा: झामुमो महिला मोर्चा की अध्यक्ष फूल कुमारी देवी के साथ गांव के ही आधा दर्जन लोगों द्वारा घर के दरवाजे पर पहुंचकर कथित रूप से बेरहमी से मारपीट किए जाने का मामला सामने आया है. घटना का वीडियो भी किसी ने बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया है.
घटना की जानकारी देते हुए फूल कुमारी देवी ने बताया कि शनिवार की शाम उनके घर की दीवार से सटाकर गांव के कुछ लोग बांस का घेरान (बाड़) लगा रहे थे. इसका विरोध करने पर विवाद बढ़ गया. आरोप है कि प्रदीप सिंह सहित उनके परिवार के आधा दर्जन लोगों ने लाठी-डंडे से उनकी बेरहमी से पिटाई कर दी.
पीड़िता का आरोप है कि गंभीर रूप से घायल होने के बाद जब वह इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भवनाथपुर पहुंचीं, तब भी आरोपी दर्जनों की संख्या में वहां पहुंच गए और इलाज में बाधा डालते हुए जान से मारने की धमकी दी.
महिला की गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने उन्हें सदर अस्पताल, गढ़वा रेफर कर दिया. बताया गया कि उनका दायां हाथ फ्रैक्चर हो गया है तथा अंदरूनी गंभीर चोट लगने के कारण वह अचेत अवस्था में हैं. उनकी स्थिति चिंताजनक बनी हुई है.
वहीं, दूसरे पक्ष के प्रदीप सिंह ने आरोपों से इनकार करते हुए कहा कि पहले फूल कुमारी देवी की ओर से गाली-गलौज की गई थी, जिसके बाद दोनों पक्षों के बीच मारपीट हुई. समाचार लिखे जाने तक मामले में पुलिस की ओर से आधिकारिक कार्रवाई की जानकारी नहीं मिल सकी थी. वहीं, फूल कुमारी देवी का इलाज जारी है और उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar News Desk
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










