गढ़वा में एसआइआर अभियान तेज, मतदाता सूची शुद्धिकरण अंतिम चरण में

गढ़वा में एसआइआर अभियान तेज, मतदाता सूची शुद्धिकरण अंतिम चरण में | Prabhat Khabar Network
गढ़वा में विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान के तहत मतदाता सूची को त्रुटिरहित बनाने का कार्य अंतिम चरण में है. प्रशासन ने 5 अगस्त को प्रकाशन का लक्ष्य रखा है.
गढ़वा: भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार झारखंड में चल रहे विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआइआर) अभियान के तहत गढ़वा जिले में मतदाता सूची को त्रुटिरहित और पारदर्शी बनाने का कार्य अंतिम चरण में पहुंच गया है. जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त पशुपति नाथ मिश्रा लगातार इसकी समीक्षा कर रहे हैं.
अभियान के तहत जिले में गणना प्रपत्रों के वितरण का कार्य शत-प्रतिशत पूरा हो चुका है. अब तक 7,43,061 प्रपत्रों का डिजिटाइजेशन और 7,42,886 प्रपत्रों का बीएलओ द्वारा सत्यापन किया जा चुका है. इसके अलावा 175 प्रपत्रों का ऑनलाइन सबमिशन हुआ है, जिनका सत्यापन अभी लंबित है. विधानसभा क्षेत्रवार प्रगति की बात करें तो 80-गढ़वा विधानसभा क्षेत्र में कुल 4,26,661 मतदाता हैं, जहां प्रपत्र वितरण सौ फीसदी पूरा हो चुका है. यहां 3,61,888 प्रपत्रों का डिजिटाइजेशन और 3,61,763 का सत्यापन हुआ है. वहीं 81-भवनाथपुर विधानसभा क्षेत्र में 4,35,431 कुल मतदाता हैं, जिनमें 3,81,173 प्रपत्रों का डिजिटाइजेशन तथा 3,81,123 का सत्यापन पूरा किया जा चुका है.
इसके अलावा विशेष श्रेणी के मामलों के तहत एएसडीजीएफ के 5,717, डीएसइ के 17,066 और अनकलेक्टेबल फॉर्म्स इलेक्टर्स के 1,10,529 मामलों की पहचान कर आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप उनका निष्पादन किया जा रहा है. जिला प्रशासन ने एसआइआर से जुड़ी सभी आवश्यक प्रक्रियाओं को 29 जुलाई 2026 तक पूर्ण करने का लक्ष्य निर्धारित किया है. इसके बाद तय कार्यक्रम के अनुसार आगामी 05 अगस्त 2026 को मतदाता सूची के प्रारूप का प्रकाशन सुनिश्चित किया जाएगा.
जिला निर्वाचन पदाधिकारी पशुपति नाथ मिश्रा ने जिले के सभी मतदाताओं से अपील की है कि वे बीएलओ के घर पहुंचने पर आवश्यक दस्तावेज उपलब्ध कराएं, गणना प्रपत्र सही रूप से भरकर जमा करें और अपने विवरण का सत्यापन अवश्य कराएं, ताकि एक शुद्ध और विश्वसनीय मतदाता सूची तैयार हो सके.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar News Desk
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










