गढ़वा में सब डिविजनल बार एसोसिएशन भवन का शिलान्यास, न्यायमूर्ति प्रदीप कुमार श्रीवास्तव ने रखी आधारशिला

सब डिविजनल बार एसोसिएशन भवन का शिलान्यास | Prabhat Khabar Network
न्यायमूर्ति प्रदीप कुमार श्रीवास्तव ने श्री बंशीधर नगर में सब डिविजनल बार एसोसिएशन के नए भवन की आधारशिला रखी. जानिए इस भवन की खास सुविधाएं और पूरी जानकारी.
गढ़वा: सब डिविजनल सिविल कोर्ट, नगर ऊंटारी (श्री बंशीधर नगर) परिसर में रविवार को सब डिविजनल बार एसोसिएशन के नये भवन का शिलान्यास संपन्न हुआ. झारखंड हाई कोर्ट के न्यायाधीश सह गढ़वा जजशिप के एडमिनिस्ट्रेटिव जज न्यायमूर्ति प्रदीप कुमार श्रीवास्तव ने मुख्य अतिथि के रूप में प्रस्तावित भवन की आधारशिला रखी.
समारोह को संबोधित करते हुए न्यायमूर्ति प्रदीप कुमार श्रीवास्तव ने कहा कि बार और बेंच के बीच बेहतर समन्वय न्याय व्यवस्था को मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है. उन्होंने कहा कि यह भवन केवल एक संरचना न होकर ज्ञान, न्याय और सामाजिक सरोकारों का केंद्र बने. उन्होंने आश्वस्त किया कि भवन तक पहुंचने के लिए सुगम पहुंच पथ और अन्य मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में भी पहल की जाएगी.
भवन में होंगी ये अत्याधुनिक सुविधाएं
- लाइब्रेरी व्यवस्था: न्यायिक ज्ञान और अध्ययन-अध्यापन को बढ़ावा देने के लिए एक समृद्ध लाइब्रेरी विकसित की जाएगी.
- विशाल हॉल: लगभग 200 से 300 लोगों के बैठने की क्षमता वाला हॉल और कमरे बनाए जाएंगे.
- समुचित बैठक व्यवस्था: अधिवक्ताओं के कार्य निष्पादन के लिए बेहतर कार्य वातावरण और सुविधाएं उपलब्ध होंगी.
पर्यावरण संरक्षण के लिए हुआ पौधारोपण
शिलान्यास समारोह के दौरान पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया. न्यायमूर्ति प्रदीप कुमार श्रीवास्तव सहित उपस्थित अन्य अतिथियों ने पौधे लगाए और उनकी देखभाल करने का संकल्प लिया.
कार्यक्रम के दौरान प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश मनोज प्रसाद, उपायुक्त पशुपति नाथ मिश्रा, पुलिस अधीक्षक आशुतोष शेखर, सब डिविजनल बार एसोसिएशन नगर ऊंटारी के सचिव उदय प्रताप सिंह, अध्यक्ष ब्रजेश कुमार चौबे तथा गढ़वा बार एसोसिएशन के अध्यक्ष भृगुनाथ चौबे सहित कई न्यायिक पदाधिकारी और अधिवक्ता उपस्थित थे.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar News Desk
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










