मुजफ्फरपुर: एसकेएमसीएच में लापरवाही, नाक में मोती फंसने से दो साल का बच्चा दो दिनों तक तड़पता रहा

नाक में मोती फंसने से दो साल का बच्चा दो दिनों तक तड़पता रहा
मुजफ्फरपुर के एसकेएमसीएच में डॉक्टरों की संवेदनहीनता का चौंकाने वाला मामला सामने आया है. एक 2 साल के मासूम को नाक में मोती फंसने के बाद दो दिनों तक इलाज नहीं मिला. मासूम दर्द से तड़पता रहा जबकि डॉक्टर टालते रहे.
SKMCH Muzaffarpur: मुजफ्फरपुर एसकेएमसीएच (SKMCH) में डॉक्टरों की संवेदनहीनता और लापरवाही का बड़ा मामला सामने आया है. दो साल के मासूम के नाक में फंसा मोती निकालने के लिए उसकी मां दो दिनों तक अस्पताल में दर-दर भटकती रही. मासूम दर्द से तड़पता रहा और सांस लेने में उसे तकलीफ होती रही, लेकिन डॉक्टरों ने समय पर इलाज शुरू करने की जहमत नहीं उठाई.
खेलने के दौरान नाक में घुस गया था मोती
पीड़ित मासूम अखाड़ाघाट निवासी मो. जावेद का दो वर्षीय पुत्र मो. फैजान है. परिजनों ने बताया कि बुधवार दोपहर खेलने के क्रम में फैजान ने अपनी नाक में मोती डाल लिया. बच्चे के चिल्लाने पर मां पहुंची, तब तक मोती नाक के काफी अंदर जा चुका था. स्थानीय लोगों की सलाह पर परिजन उसे तुरंत एसकेएमसीएच के इमरजेंसी वार्ड लेकर पहुंचे.
इमरजेंसी से ओपीडी के चक्कर कटवाते रहे डॉक्टर
इमरजेंसी वार्ड के डॉक्टर ने प्राथमिक जांच के बाद बच्चे को कान, नाक और गला (ENT) विभाग के ओपीडी में ले जाने को कहा. जब मां गुरुवार को ओपीडी पहुंची, तो मौजूद डॉक्टर ने सीनियर के आने की बात कहकर इंतजार करने को कहा. मां अपने मासूम को गोद में लिए सीनियर डॉक्टर का इंतजार करती रही, लेकिन देखते ही देखते ओपीडी का समय खत्म हो गया और कोई इलाज नहीं मिला.
अस्पताल अधीक्षक की सफाई: लेजर से निकाला जाएगा मोती
मामला तूल पकड़ने के बाद एसकेएमसीएच के अधीक्षक डॉ. महेश प्रसाद ने बताया कि केस संज्ञान में आते ही ईएनटी विभागाध्यक्ष से बात की गई है. मरीज के परिजनों को सुबह ओपीडी में बुलाया गया था, लेकिन वे देर से पहुंचे. फिर भी बच्चे को शाम में भर्ती कर लिया गया है. लेजर तकनीक के जरिए नाक से विदेशी वस्तु (फारेन बॉडी) निकालने का प्रयास किया जाएगा. अधीक्षक ने सख्त हिदायत दी है कि ऐसे इमरजेंसी मामलों का तत्काल इलाज किया जाए, वरना कड़ी कार्रवाई होगी.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Sumit Kumar
सुमित पत्रकारिता में पिछले 4 वर्षों से सक्रिय। प्रभात खबर के प्रिंट मीडिया के साथ काम करने के बाद वर्तमान में प्रभात खबर की डिजिटल टीम से जुड़े हुए हैं। क्राइम, हाईपरलोकल, स्वास्थ्य विभाग व राजनीतिक रिपोर्टिंग में विशेष रुचि और अनुभव रखते हैं। क्षेत्रीय मुद्दों और जनसरोकार की खबरों को सशक्त तरीके से उठाने के लिए जाने जाते हैं।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










