फैमिली मैन बनकर हरियाणा से करता था शराब की तस्करी, दो महिला समेत आठ गिरफ्तार
Published by : CHANDAN Updated At : 16 Sep 2025 8:38 PM
Eight arrested including two women for smuggling liquor
: उत्पाद विभाग की टीम ने फकुली फोरलेन पर की कार्रवाई : दो लक्जरी कार किया गया जब्त, अंदर बना था तहखाना : तस्करी में दादा, पिता व पोता भी शामिल, सभी गिरफ्तार : हरियाणा से शराब लाकर सीतामढ़ी में करते थे सप्लाई संवाददाता, मुजफ्फरपुर “मैं फैमिली मैन हूं, आपने मेरी कार क्यों रोकी. हम पूरा परिवार दिल्ली से सीतामढ़ी जा रहा है. आपके खिलाफ डीजीपी से शिकायत करूंगा.” — यह कहना था कार सवार एक व्यक्ति का, जिसे सोमवार की रात उत्पाद विभाग की टीम ने फकुली एनएच पर रोका. टीम ने दो लक्जरी कारों को जब्त किया, जिनमें दो महिला समेत कुल आठ लोग सवार थे. तलाशी के दौरान कार में बने गुप्त तहखाने से 40 कार्टन शराब बरामद हुई. इसके बाद सभी आठ लोगों को गिरफ्तार कर लिया गया. गिरफ्तार आरोपियों में तीन पीढ़ियां शामिल हैं—दादा, पिता और बेटा. गिरफ्तार लोगों की पहचान इस प्रकार हुई: शत्रुघ्न राउत, निवासी कोदरकट, थाना बथनाहा, सीतामढ़ी, उनका पुत्र राजीव कुमार और पिता 88 वर्षीय नारायण राउत, विजय कुमार, निवासी फुलपरासी, थाना सहियारा, सीतामढ़ी, रूपा देवी, निवासी नजफगढ़, नई दिल्ली, सुशीला देवी व विशाल कुमार, निवासी मेहसौल गोट, थाना मेहसौल, सीतामढ़ी, सूरज कुमार, निवासी बेहता भवानी, थाना बेगपुर, जिला उन्नाव (उत्तर प्रदेश). उत्पाद थानेदार दीपक कुमार सिंह ने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर इंस्पेक्टर मनोज कुमार के नेतृत्व में टीम ने नाकाबंदी की थी. देर रात हाजीपुर की ओर से आ रही दोनों गाड़ियों को रोकने पर चालक खुद को फैमिली मैन बताते हुए उलझने लगा. काफी मशक्कत के बाद तलाशी में तहखाना और शराब की खेप बरामद हुई. पूछताछ में आरोपियों ने खुलासा किया कि पहले वे दिल्ली में नौकरी करते थे. लेकिन अधिक पैसे कमाने के लालच में शराब तस्करी में शामिल हो गए. शक से बचने के लिए 88 वर्षीय बुजुर्ग और महिलाओं को भी कार में बैठाया जाता था. खेप हरियाणा से लाकर सीतामढ़ी में लोकल धंधेबाजों को सप्लाई की जाती थी. कांटी में भी कार्रवाई, स्कॉर्पियो से 15 कार्टन शराब बरामद मुजफ्फरपुर. कांटी थाना क्षेत्र के गम्हरिया में उत्पाद विभाग की टीम ने सोमवार देर रात छापेमारी की. इस दौरान एक स्कॉर्पियो से 15 कार्टन विदेशी शराब बरामद हुई. हालांकि धंधेबाज अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए. टीम उनकी पहचान कर गिरफ्तारी की कोशिश में जुटी है.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










