मुजफ्फरपुर: मुशहरी अंचल में तैनात होंगे दो सीओ, ग्रामीण और शहरी क्षेत्र के लिए होगी अलग-अलग व्यवस्था
Published by : SUMIT KUMAR Updated At : 09 Jun 2026 8:09 PM
Muzaffarpur News: मुजफ्फरपुर के मुशहरी अंचल में अब ग्रामीण और शहरी क्षेत्र के लिए दो अलग-अलग सीओ तैनात होंगे. महापौर निर्मला साहू की मांग पर राजस्व मंत्री दिलीप जायसवाल ने जनता की सहूलियत के लिए इस पर मुहर लगा दी है.पढ़ें पूरी खबर...
मुजफ्फरपुर से देवेश कुमार की रिपार्ट
Muzaffarpur News: मुजफ्फरपुर जिला के मुशहरी अंचल कार्यालय पर कामकाज के अत्यधिक बोझ को कम करने और आम जनता को राहत देने के लिए सरकार ने एक बड़ा कदम उठाया है.मुशहरी अंचल का अब प्रशासनिक विकेंद्रीकरण किया जाएगा, जिसके तहत यहां दो स्वतंत्र अंचल अधिकारियों (सीओ) की तैनाती की जाएगी. इसमें से एक सीओ पूरी तरह ग्रामीण क्षेत्र और दूसरे सीओ शहरी क्षेत्र की व्यवस्था को संभालेंगे.
महापौर निर्मला साहू की मांग पर राजस्व एवं भूमि सुधार मंत्री ने लगाई मुहर
इस बड़े प्रशासनिक बदलाव को लेकर मुजफ्फरपुर नगर निगम की महापौर निर्मला साहू ने मंगलवार को पटना में राजस्व एवं भूमि सुधार मंत्री दिलीप जायसवाल से मुलाकात की और एक मांग पत्र सौंपा. मंत्री ने मामले की गंभीरता को देखते हुए महापौर की इस मांग पर अपनी मुहर लगा दी है. उन्होंने आश्वस्त किया कि शहर की जनता को सहूलियत देने और फाइलों के त्वरित निष्पादन के लिए जल्द ही विशेष रूप से शहरी सीओ की पोस्टिंग कर दी जाएगी.
आम जनता की परेशानी से मिलेगी मुक्ति
महापौर निर्मला साहू ने बताया कि नगर निगम क्षेत्र के लगातार हो रहे विस्तार और वार्डों की संख्या बढ़ने के कारण वर्तमान मुशहरी अंचल पर काम का अत्यधिक दबाव है. इसके चलते आम नागरिकों को दाखिल-खारिज (म्यूटेशन), एलपीसी, जाति, आय और निवास प्रमाण पत्र जैसे अत्यंत जरूरी सरकारी कार्यों के लिए हफ्तों कार्यालय के चक्कर काटने पड़तेहैं. ग्रामीण और शहरी क्षेत्र की भौगोलिक और प्रशासनिक समस्याओं का स्वरूप अलग-अलग होने के कारण भी काम समय पर पूरा नहीं हो पा रहा था. अब इस नए बदलाव से जहां काम में तेजी आएगी, वहीं मुजफ्फरपुर के शहर और गांव के लोगों को अपने राजस्व संबंधी कार्यों के लिए लंबा इंतजार नहीं करना पड़ेगा.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By SUMIT KUMAR
सुमित पत्रकारिता में पिछले 4 वर्षों से सक्रिय। प्रभात खबर के प्रिंट मीडिया के साथ काम करने के बाद वर्तमान में प्रभात खबर की डिजिटल टीम से जुड़े हुए हैं। क्राइम, हाईपरलोकल, स्वास्थ्य विभाग व राजनीतिक रिपोर्टिंग में विशेष रुचि और अनुभव रखते हैं। क्षेत्रीय मुद्दों और जनसरोकार की खबरों को सशक्त तरीके से उठाने के लिए जाने जाते हैं।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










