मुख्यमंत्री के संभावित समृद्धि यात्रा को लेकर एक्टिव मोड में करें कार्य : डीएम

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के प्रस्तावित समृद्धि यात्रा की तैयारी को लेकर शुक्रवार को डीएम निखिल धनराज निप्पणीकर ने जिले के सभी वरीय अधिकारियों के साथ संग्रहालय सभागार में बैठक की.
मुंगेर. मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के प्रस्तावित समृद्धि यात्रा की तैयारी को लेकर शुक्रवार को डीएम निखिल धनराज निप्पणीकर ने जिले के सभी वरीय अधिकारियों के साथ संग्रहालय सभागार में बैठक की. जहां समृद्धि यात्रा के सफल आयोजन व विभिन्न विभागों की होने वाली बैठकों के साथ लगाए जाने वाले स्टाॅलों सहित अन्य तैयारियों पर विस्तृत चर्चा हुई. बैठक में एसपी सैयद इमरान मसूद, नगर आयुक्त पार्थ गुप्ता, अपर समाहर्ता मनोज कुमार, उप विकास आयुक्त अजीत कुमार सिंह सहित अन्य वरीय अधिकारी मौजूद थे. डीएम ने कहा कि आगामी सप्ताह में मुख्यमंत्री की समृद्धि यात्रा प्रस्तावित है, इसलिए सभी अभी से ही एक्टिव मोड में कार्य प्रारंभ कर दें. सभी विभागीय अधिकारी व यात्रा से संबंधित नोडल अधिकारी अपने-अपने कार्यों की रूप रेखा तैयार कर लें तथा प्रत्येक गतिविधि पर नजर रखें. उन्होंने मुख्य रूप से जीविका, आइसीडीएस व शिक्षा विभाग सहित अन्य विभाग के अधिकारियों को मुख्य कार्यक्रम स्थल सफियाबाद हवाई अड्डा में स्टाॅल लगाने का निर्देश दिया. डीएम ने कहा कि मुख्यमंत्री का कार्यक्रम करीब ढाई घंटे का रहेगा. मुख्यमंत्री हैलीकॉप्टर से पोलो मैदान में लैंड करेंगे. जहां से संग्रहालय के पास बने नवनिर्मित जिला उद्योग केंद्र के भवन का निरीक्षण करेंगे. इसके बाद कष्टहरणी घाट के सौंदर्यीकरण, जिला पंचायत संसाधन केंद्र भवन व पशुपालन विभाग के नवनिर्मित भवन का लोकार्पण करेंगे. इसके पश्चात मुख्य कार्यक्रम स्थल सफियाबाद हवाई अड्डा में मुख्यमंत्री द्वारा वहां लगे स्टाॅल का निरीक्षण कर जनसभा को संबोधित किया जायेगा. उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री जिस मार्ग से सफियाबाद हवाई अड्डा की ओर जायेंगे. उस मार्ग की सड़क जहां-जहां जर्जर स्थिति में उसे शीघ्र सुधार लेंगे. साथ ही नगर आयुक्त को उन्होंने सड़कों आदि की सफाई व्यवस्था का निर्देश दिया. उन्होंने सदर एसडीओ को कारकेड के लिए निर्धारित मार्ग में यातायात की व्यवस्था को सुचारू करने तथा रूट प्लान तैयार करने का निर्देश दिया.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




