मुंगेर : मुंगेर के ऐतिहासिक पोलो मैदान में रविवार को त्रि-दिवसीय अंग महोत्सव सह बिहार दिवस का आगाज किया गया. कार्यक्रम का उद्घाटन राज्य के पंचायती राज मंत्री सह मुंगेर के प्रभारी मंत्री कपिलदेव कामत,
स्थानीय विधायक विजय कुमार विजय, जिलाधिकारी अमरेंद्र प्रसाद सिंह, पुलिस अधीक्षक आशीष भारती ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया. मौके पर जमालपुर के रेल एसपी उमाशंकर प्रसाद, वन प्रमंडल पदाधिकारी धीरज नारायण, डीडीसी रामेश्वर पांडेय, एडीएम ईश्वर चंद्र शर्मा मुख्य रूप से मौजूद थे.
पर्यटन के मानचित्र पर जल्द होगा मुंगेर : प्रभारी मंत्री कपिलदेव कामत ने कहा कि मुंगेर में पर्यटन की अपार संभावनाएं हैं. इस बात को लेकर वे राज्य के पर्यटन मंत्री से बात भी कर चुके हैं. वे जल्द ही पर्यटन मंत्री को अपने साथ मुंगेर लेकर आयेंगे तथा निश्चित तौर पर मुंगेर को पर्यटन के मानचित्र पर स्थापित किया जायेगा. उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री द्वारा लिये गये सात निश्चयों को प्रशासनिक व आम जनता के सहयोग से पूरा किया जायेगा. एक अप्रैल से शराब बंदी के निश्चय को पूरा करने का कार्य आरंभ हो जायेगा. साथ ही जिले में विकास कार्य की गति को और भी तेज किया जायेगा.
सीता चरण को मिले पर्यटन का दर्जा : स्थानीय विधायक विजय कुमार विजय ने कहा कि वैसे तो जिले भर में दर्जन भर ऐसे स्थल हैं, जिसे पर्यटन के मानचित्र पर लाया जा सकता है. बरियारपुर प्रखंड के झौवा बहियार में चलने वाले चार दिवसीय बाबा काशी महोत्सव में भी जिला प्रशासन का सहयोग मिले. साथ ही गंगा पर सीता चरण को पर्यटन का दर्जा दिया जाये. उन्होंने समाज में द्वेष फैलाने वालों को सह नहीं देने की अपील की. साथ ही जिला प्रशासन के कार्यों की सराहना की.
गोरैये की रक्षा का लें संकल्प : जिलाधिकारी अमरेंद्र प्रसाद सिंह ने कहा कि आज न सिर्फ अंग महोत्सव व बिहार दिवस समारोह का आगाज हुआ है, बल्कि आज विश्व गोरैया दिवस भी है. धीरे-धीरे गोरैया हमारे बीच से लुप्त हो रही है. आज सभी मिल गोरैया के रक्षा की संकल्प लें. उन्होंने प्राचीन व वर्तमान मुंगेर का दर्शन कराते हुए यहां के धरोहरों से अवगत कराया. साथ ही सरकार के सात निश्चयों को पूरा करने के लिए बढ़-चढ़ कर भाग लेने की बात कही.
जिले को किया जायेगा नक्सल मुक्त : पुलिस अधीक्षक आशीष भारती ने कहा कि वैसे तो जिले में काफी उच्च कोटि के दार्शनिक स्थल हैं. किंतु कुछ ऐसे भी दार्शनिक स्थल हैं, जो नक्सल प्रभावित है. जिसके कारण आम जन वहां जाने से भय खाते हैं. उन्होंने कहा कि नक्सलियों के विरुद्ध अभियान चलाया जा रहा है. जल्द ही जिले को नक्सल मुक्त किया जायेगा. यहां का प्रसिद्ध योग विद्यालय आज पूरी दुनिया को मुंगेर की ओर खींच रही है.
मुंगेर की है एक अलग पहचान: रेल एसपी उमाशंकर प्रसाद ने कहा कि मुंगेर को लोग अंग प्रदेश के नाम से भी जानते हैं. इस जिले की एक अलग ही पहचान है. उत्तर वाहिनी गंगा मुंगेर को स्पर्श कर यहां की धरती को पवित्र कर दिया है. इतिहास भी यहां महापुरुषों की गाथा अपने पन्नों में समेटे हुए है. जिसकी चर्चा एक दिन में करना संभव नहीं है.
राज्य के साथ हो जिले का भी विकास : उपविकास आयुक्त रामेश्वर पांडेय ने कहा कि मुंगेर जिला काफी समृद्धशाली रहा है. राज्य के साथ- साथ जिले का भी विकास होगा. जिले में अगर पर्यटन को बढ़ावा मिल जाये तो यह और भी समृद्धशाली हो जायेगा. यहां के लोगों को नये- नये रोजगार के अवसर भी मिलेंगे.
योग विद्यालय का नाम हो राजा कर्ण योगाश्रम : जिला बीस सूत्री के उपाध्यक्ष जियाउर रहमान ने कहा कि मुंगेर को दानवीर राजा कर्ण की धरती के नाम से भी जाना जाता है. जिस चौड़ा पर बैठ कर राजा कर्ण प्रतिदिन सवा मन सोना दान किया करते थे. आज वह स्थान विश्व प्रसिद्ध योग विद्यालय में परिणत हो चका है. जिसके कारण राजा कर्ण नाम उक्त स्थान से ओझल होते जा रहा है. जरूरत है कि योग विद्यालय का नाम बदल कर उसका नाम राजा कर्ण योगाश्रम रखा जाये.
मौके पर मुंगेर के मेयर कुमकुम देवी, जदयू जिलाध्यक्ष बटेश्वर प्रसाद सिंह, राजद जिलाध्यक्ष प्रमोद यादव, सदर अनुमंडल पदाधिकारी डॉ कुंदन कुमार, राजद नेता पंकज यादव मुख्य रूप से मंचासीन थे.