मोतिहारी: वाहन जांच के दौरान चोरी की बाइक के साथ दबोचा गया शातिर, इंजन-चेसिस नंबर बदल कर रहा था इस्तेमाल

Published by : सुनील कुमार सिंह Updated At : 15 May 2026 12:45 PM

विज्ञापन

पुलिस हिरासत में बाइक चोर

Motihari News: बंजरिया पुलिस ने सिंघिया गुमटी के पास वाहन जांच के दौरान चोरी की बाइक के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया है. शातिर ने बाइक का इंजन और चेसिस नंबर बदल दिया था, लेकिन पुलिस की आधुनिक मशीन ने पोल खोल दी. पढ़ें पूरी खबर…

विज्ञापन

Motihari News: पूर्वी चंपारण के पुलिस अधीक्षक स्वर्ण प्रभात के निर्देश पर अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे सघन अभियान में बंजरिया थाना पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है. पुलिस ने चेसिस और इंजन नंबर बदलकर चलाई जा रही चोरी की एक मोटरसाइकिल बरामद की है. पुलिस ने इस मामले में एक शातिर आरोपी को भी गिरफ्तार किया है.

पुलिस को देख भागने लगा बाइक सवार

थानाध्यक्ष अमित कुमार ने बताया कि गुरुवार को बंजरिया पुलिस सिंघिया गुमटी के समीप वाहनों की सघन जांच कर रही थी. इसी दौरान एक युवक मोटरसाइकिल से आता दिखा, जो पुलिस बल को देखते ही बाइक घुमाकर भागने का प्रयास करने लगा. पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए घेराबंदी की और उसे दबोच लिया. पकड़े गए युवक की पहचान रघुनाथपुर थाना क्षेत्र के मझरिया गांव निवासी उज्जवल कुमार के रूप में हुई है.

एचएचडी मशीन से खुला चोरी का राज

जब पुलिस ने आधुनिक हैंड हेल्ड डिवाइस (HHD) मशीन से बाइक के इंजन और चेसिस नंबर की जांच की, तो तकनीकी रिकॉर्ड से मिलान नहीं हुआ. जांच में यह स्पष्ट हुआ कि इंजन और चेसिस नंबर के साथ छेड़छाड़ की गई थी. कड़ाई से पूछताछ में पता चला कि उक्त मोटरसाइकिल बेतिया जिले से चोरी की गई थी. पुलिस ने जब असली मालिक अविनाश चंद्रा पाण्डेय से संपर्क किया, तो उन्होंने पुष्टि की कि उनकी यह बाइक साल 2022 में चोरी हो गई थी.

न्यायिक हिरासत में भेजा गया आरोपी

थानाध्यक्ष ने बताया कि आरोपी उज्जवल कुमार के विरुद्ध सुसंगत धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और उसे न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया जारी है. पुलिस अब इस गिरोह के अन्य सदस्यों और उनके नेटवर्क का पता लगाने के लिए आगे की छानबीन कर रही है ताकि चोरी की अन्य वारदातों का खुलासा हो सके.

मोतिहारी के बंजरिया से राज निखिल की रिपोर्ट

विज्ञापन
सुनील कुमार सिंह

लेखक के बारे में

By सुनील कुमार सिंह

सुनील कुमार सिंह प्रभात खबर मल्टीमीडिया में डिप्टी चीफ रिपोर्टर के रूप में कार्यरत हैं। उन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में 20 वर्षों का समृद्ध अनुभव है। क्राइम और राजनीति से जुड़ी खबरों पर उनकी मजबूत पकड़ है। वे निष्पक्ष रिपोर्टिंग और गहन विश्लेषण के लिए जाने जाते हैं, जिससे पाठकों को सटीक और भरोसेमंद जानकारी मिलती है।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन