खुद को बताया निर्दोष, युवक ने एसपी से मांगी निष्पक्ष जांच
Published by : Rajeev Murarai Sinha Sinha Updated At : 24 Jan 2026 9:38 PM
खुद को बताया निर्दोष, युवक ने एसपी से मांगी निष्पक्ष जांच
लखीसराय. जिले के सूर्यगढ़ा प्रखंड अंतर्गत झपानी गांव निवासी एक युवक ने पुलिस कप्तान के समक्ष गुहार लगाकर खुद को निर्दोष बताते हुए न्याय की मांग की है. वकील महतो के पुत्र अनिकेत उर्फ मनीष कुमार ने एसपी को आवेदन सौंपकर मेदनीचौकी थाना कांड संख्या 13/26 की निष्पक्ष जांच कराने और झूठे मुकदमे दर्ज कराने वाली महिला के विरुद्ध कार्रवाई करने की अपील की है.
क्या है पूरा मामला
अनिकेत के अनुसार, वह सुधा पार्लर व स्पोर्ट्स की दुकान चलाकर अपना जीवन यापन करता है. बीते 17 जनवरी की शाम करीब चार बजे वह किरणपुर ढाला पर अपनी बाइक की मरम्मत करवा रहा था. पीड़ित का आरोप है कि इसी दौरान अचानक एक महिला ने उन पर जानलेवा हमला कर दिया, जिससे उनका सिर फट गया. घटना के बाद पुलिस ने ही घायल अनिकेत को अस्पताल में भर्ती कराया था.
साजिश व आपराधिक गिरोह का आरोप
पीड़ित युवक ने एसपी को बताया कि उस पर हुआ यह हमला कोई आकस्मिक घटना नहीं, बल्कि एक गहरी साजिश है. उसने नवल महतो के पुत्र निशांत कुमार व रामचंद्र महतो के पुत्र अजीत कुमार पर आरोप लगाया कि इन लोगों ने मिलकर यह षड्यंत्र रचा है. अनिकेत का दावा है कि ये लोग एक संगठित आपराधिक गिरोह का हिस्सा हैं, जो अवैध हथियार व शराब तस्करी जैसे कार्यों में संलिप्त रहते हैं.
बचाव में दर्ज कराया ”झूठा” मुकदमा
अनिकेत ने आवेदन में कहा कि जब उसने पुलिस को सूचना दी, तो खुद को कानून के शिकंजे से बचाने व दबाव बनाने के लिए उक्त महिला ने उसके विरुद्ध मनगढ़ंत आरोपों के साथ मेदनीचौकी थाने में प्राथमिकी दर्ज करा दी. पीड़ित का कहना है कि उक्त महिला पहले भी कई निर्दोष लोगों को झूठे मुकदमों में फंसा चुकी है. अपराधियों के खौफ व मानसिक तनाव के कारण वह अपनी दुकान बंद करने को मजबूर है. पुलिस इस मामले की उच्चस्तरीय जांच करे ताकि दूध का दूध व पानी का पानी हो सके.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










