पुल बनकर तैयार, लेकिन एप्रोच सड़क अधूरी : आवागमन ठप होने से ग्रामीणों में आक्रोश

Edited by Shruti Kumari
Updated:
विज्ञापन

खनियाबाद-बैरिया सीमा सड़क पर बने आरसीसी पुल का अधूरा एप्रोच मार्ग और आवागमन में हो रही परेशानी.

Bihar Rural Infrastructure: किशनगंज के टेढ़ागाछ प्रखंड में खनियाबाद-बैरिया सीमा सड़क पर बने आरसीसी पुल का एप्रोच मार्ग अधूरा है. बरसात में आवागमन प्रभावित होने से ग्रामीणों में नाराजगी बढ़ गई है.

विज्ञापन

किशनगंज से गौरव कुमार की रिपोर्ट:

Bihar Rural Infrastructure: टेढ़ागाछ प्रखंड क्षेत्र के भारत-नेपाल सीमा से सटे खनियाबाद पंचायत होकर गुजरने वाली खनियाबाद-बैरिया सीमा सड़क पर बने आरसीसी पुल का एप्रोच मार्ग अब तक तैयार नहीं होने से स्थानीय लोगों में भारी नाराजगी है. ग्रामीणों का कहना है कि पुल निर्माण लगभग पूरा हो चुका है, लेकिन दोनों ओर संपर्क मार्ग अधूरा रहने के कारण यह लोगों के किसी काम नहीं आ रहा है.

बरसात के मौसम में स्थिति और भी गंभीर हो गई है. कीचड़ और जलजमाव के कारण लोगों का आवागमन प्रभावित हो रहा है. सबसे अधिक परेशानी स्कूल जाने वाले छात्र-छात्राओं को झेलनी पड़ रही है.

छात्र-छात्राओं की बढ़ी मुश्किलें

ग्रामीणों के अनुसार प्लस टू उच्च विद्यालय बैरिया और मध्य विद्यालय बैरिया के छात्र-छात्राओं को प्रतिदिन विद्यालय पहुंचने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है. सड़क की बदहाल स्थिति के कारण कई छात्रों को लंबा रास्ता तय करना पड़ता है.

इसके अलावा पंचायत सरकार भवन, प्रखंड मुख्यालय, जिला मुख्यालय तथा स्थानीय हाट-बाजार तक पहुंचने में भी लोगों को काफी परेशानी उठानी पड़ रही है.

जनप्रतिनिधियों ने जताई नाराजगी

समस्या को लेकर मुखिया प्रतिनिधि शहजाद आलम और सरपंच प्रतिनिधि ओम प्रकाश महतो ने ग्रामीणों के साथ मिलकर संवेदक और संबंधित विभाग के प्रति नाराजगी जताई है.

उन्होंने कहा कि लंबे समय से एप्रोच मार्ग निर्माण की मांग की जा रही है, लेकिन अब तक कोई ठोस पहल नहीं हुई. सड़क और पुल निर्माण का उद्देश्य लोगों को बेहतर आवागमन सुविधा उपलब्ध कराना होता है, लेकिन संपर्क मार्ग अधूरा रहने से पूरा प्रोजेक्ट ही बेअसर साबित हो रहा है.

आंदोलन की चेतावनी

ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द एप्रोच मार्ग का निर्माण पूरा नहीं कराया गया तो वे आंदोलन करने को बाध्य होंगे. उनका कहना है कि बरसात के दिनों में सड़क पर कीचड़ और जलजमाव के कारण आवागमन लगभग ठप हो जाता है, जिससे रोजमर्रा की जिंदगी प्रभावित हो रही है.

इस संबंध में अवधेश मंडल, संजीत कुमार सिंह, परशुराम सिंह, जयराम प्रसाद सिंह, नरेश प्रसाद सिंह, गणेश प्रसाद सिंह, ईश्वर हांसदा, मंजियो जाड़ा, नुकानू हांसदा, समय हांसदा और धेना मरांडी सहित कई ग्रामीणों ने प्रशासन से तत्काल हस्तक्षेप की मांग की है.

डीएम से लगाई गुहार

ग्रामीणों ने नवपदस्थापित जिलाधिकारी नवीन कुमार से मामले में हस्तक्षेप कर आरसीसी पुल के दोनों ओर शीघ्र एप्रोच मार्ग निर्माण सुनिश्चित कराने की मांग की है.

ग्रामीणों का कहना है कि यदि संपर्क मार्ग का निर्माण जल्द पूरा हो जाता है तो हजारों लोगों को राहत मिलेगी और वर्षों पुरानी आवागमन की समस्या का स्थायी समाधान हो सकेगा.

यह भी पढ़ें: किशनगंज में एक वर्ष से अधूरा पड़ा डायवर्सन, हजारों ग्रामीणों की बढ़ी परेशानी

विज्ञापन
Shruti Kumari

लेखक के बारे में

By Shruti Kumari

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन