Video: वेनेजुएला में 10 हजार से 1 लाख तक मौत की आशंका, 39 सेकंड में दो भूकंप से मची तबाही; सड़कों में दरार, ढहीं इमारतें
Venezuela Earthquake Videos: वेनेजुएला में बुधवार को आए दो शक्तिशाली भूकंपों ने भारी तबाही मचाई. यूएसजीएस ने 10 हजार से 1 लाख तक मौतों की आशंका जताई है. काराकस में इमारतें गिरीं और लोग दहशत में बाहर निकल आए. वहीं कुछ जगह सड़कें फट गईं और इमारतों में दरारें आईं.
Venezuela Earthquake Videos: वेनेजुएला में बुधवार को लगातार आए दो शक्तिशाली भूकंपों ने लोगों को दहशत में डाल दिया. सिर्फ 39 सेकंड के अंतराल में आए इन भूकंपों के बाद कई इलाकों से नुकसान की तस्वीरें सामने आईं, जिनमें सड़कों में बड़ी दरारें, इमारतों में टूट-फूट और लोग सुरक्षित जगहों की ओर भागते हुए दिखाई दिए. यूएसजीएस के शुरुआती अनुमान के मुताबिक, इस आपदा में मृतकों की संख्या 10 हजार से लेकर 1 लाख तक पहुंच सकती है.
अमेरिकी भूगर्भीय सर्वेक्षण (यूएसजीएस) के मुताबिक, पहला भूकंप 7.2 तीव्रता का था, जो सैन फेलिप के पास आया. यह जगह राजधानी काराकस से करीब 284 किलोमीटर पश्चिम में स्थित है. यह झटका 22:04 GMT पर दर्ज किया गया. इसके ठीक 39 सेकंड बाद इससे भी ज्यादा शक्तिशाली 7.5 तीव्रता का भूकंप आया. यह झटका यूमारे के पास महसूस किया गया, जो काराकस से लगभग 293 किलोमीटर पश्चिम में है.
सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो में सड़कों के बीच गहरी दरारें नजर आईं. वहीं, एक एयरपोर्ट टर्मिनल में मौजूद यात्री जमीन हिलते ही बाहर की ओर भागते दिखे. राजधानी काराकस में एक ऊंची इमारत की छत पर बने स्विमिंग पूल से पानी बाहर गिरने का वीडियो भी सामने आया.
39 सेकंड में आए दो बड़े झटके
यूएसजीएस ने इसे ‘अर्थक्वेक डबलट’ यानी दो जुड़े हुए भूकंपों की घटना बताया. संस्था ने कहा, ‘यह भूकंप डबलट की दूसरी घटना थी. 7.5 तीव्रता वाले इस मुख्य भूकंप से 39 सेकंड पहले 7.2 तीव्रता का शुरुआती झटका आया था.’ दोनों भूकंप एक-दूसरे से करीब 45 किलोमीटर की दूरी पर आए और दोनों की गहराई भी अलग-अलग थी. इसके झटके पूरे वेनेजुएला और पड़ोसी देश कोलंबिया के कई हिस्सों में महसूस किए गए.
काराकस में लोग घरों और इमारतों से बाहर निकले
भूकंप के झटकों के बाद राजधानी काराकस में लोग घबराकर अपने घरों और इमारतों से बाहर निकल आए. काराकस में इससे पहले 1967 में भी एक घातक भूकंप आया था. 80 वर्षीय मारिया रोमेरो ने बताया कि पुलिस की मदद से उन्हें बाहर निकाला गया. उन्होंने कहा, ‘यह भूकंप बहुत भयानक था, 1967 वाले भूकंप से भी ज्यादा डरावना.’
बड़े नुकसान और भारी जनहानि की आशंका
यूएसजीएस ने शुरुआती आकलन में कहा कि इस घटना के कारण बड़े स्तर पर नुकसान और जनहानि की संभावना है. संस्था ने कहा, ‘भारी जनहानि और व्यापक नुकसान की संभावना है. आपदा का असर बड़े क्षेत्र में हो सकता है.’ यूएसजीएस ने शुरुआती अनुमान में बताया कि मृतकों की संख्या 10 हजार से लेकर 1 लाख तक हो सकती है.
कार्यवाहक राष्ट्रपति डेल्सी रोड्रिगेज ने दी जानकारी देने की बात
वेनेजुएला की कार्यवाहक राष्ट्रपति डेल्सी रोड्रिगेज ने सोशल मीडिया पर कहा कि वह जल्द ही देश के लोगों को स्थिति के बारे में जानकारी देंगी. उन्होंने एक्स पर लिखा, ‘ध्यान दें: थोड़ी देर में मैं वेनेजुएलावासियों को संबोधित करूंगी और हमारे देश को प्रभावित करने वाले इस शक्तिशाली भूकंप की स्थिति के बारे में जानकारी दूंगी.’
इमारतों में दरारें, बचाव दल तैनात
भूकंप के बाद काराकस में आपातकालीन दल और दमकल की गाड़ियां तैनात कर दी गईं. अधिकारी लगातार नुकसान का आकलन कर रहे हैं. वालेंसिया में रहने वाले एक प्रत्यक्षदर्शी ने समाचार एजेंसी रॉयटर्स को बताया, ‘मेरी इमारत की कई दीवारें टूट गईं या उनमें दरारें आ गईं. जैसे ही कंपन रुका, मेरे पति और मैंने तुरंत इमारत खाली कर दी.’
आफ्टरशॉक का खतरा अभी भी बरकरार
अधिकारियों के मुताबिक, प्रभावित इलाकों में स्थिति पर नजर रखी जा रही है. राहत और बचाव एजेंसियां नुकसान का आंकलन कर रही हैं. वहीं, विशेषज्ञों ने इलाके में आगे भी आफ्टरशॉक यानी भूकंप के बाद आने वाले झटकों की संभावना से इनकार नहीं किया है.
ये भी पढ़ें:- आसिम मुनीर को मारना चाहती थी मोसाद, फिर पाकिस्तान ने इजरायल को दी धमकी, ब्राजील के पत्रकार का दावा
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Anant Narayan Shukla
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए