किशनगंज में एक वर्ष से अधूरा पड़ा डायवर्सन, हजारों ग्रामीणों की बढ़ी परेशानी

Edited by Shruti Kumari
Updated:
विज्ञापन

बलुआडांगी गांव के समीप निर्माणाधीन आरसीसी पुल और एक वर्ष से अधूरा पड़ा डायवर्सन.

Incomplete Diversion Road Kishanganj: बरसात के मौसम में अधूरा डायवर्सन ग्रामीणों के लिए बड़ी समस्या बन गया है. लोगों को खेतों और जलभराव वाले रास्तों से गुजरने को मजबूर होना पड़ रहा है.

विज्ञापन

किशनगंज से गौरव कुमार की रिपोर्ट:

Incomplete Diversion Road Kishanganj: बहादुरगंज विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत कुढ़ेली चौक से झीगाकाटा हाट को जोड़ने वाली मुख्यमंत्री सड़क पर निर्माण कार्य की सुस्त रफ्तार लोगों के लिए परेशानी का सबब बन गई है. बलुआडांगी गांव के समीप निर्माणाधीन आरसीसी पुल के पास बनाया जा रहा डायवर्सन करीब एक वर्ष से अधूरा पड़ा है, जिससे क्षेत्र के हजारों लोगों को आवागमन में भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है.

स्थानीय लोगों का आरोप है कि संवेदक की लापरवाही और विभागीय उदासीनता के कारण महत्वपूर्ण सड़क परियोजना समय पर पूरी नहीं हो सकी. इसका खामियाजा आसपास के दर्जनों पंचायतों के ग्रामीणों को भुगतना पड़ रहा है.

आवागमन प्रभावित, ग्रामीणों की बढ़ी मुश्किलें

ग्रामीणों के अनुसार कुढ़ेली चौक से झीगाकाटा हाट को जोड़ने वाली लगभग 10 किलोमीटर लंबी यह सड़क क्षेत्र की जीवनरेखा मानी जाती है. इसी मार्ग से लोग जिला मुख्यालय, प्रखंड कार्यालय, अस्पताल, विद्यालय, बाजार और अन्य जरूरी कार्यों के लिए प्रतिदिन आवाजाही करते हैं.

डायवर्सन अधूरा रहने के कारण लोगों को खेतों और जलभराव वाले वैकल्पिक रास्तों से होकर गुजरना पड़ रहा है. बरसात के मौसम में यह समस्या और गंभीर हो जाती है, जब फिसलन और जलजमाव के कारण दुर्घटनाओं की आशंका बढ़ जाती है.

स्कूली बच्चों और मरीजों को सबसे अधिक परेशानी

ग्रामीणों का कहना है कि अधूरे निर्माण कार्य का सबसे ज्यादा असर स्कूली बच्चों, बुजुर्गों, महिलाओं और मरीजों पर पड़ रहा है. कई बार लोगों को लंबा चक्कर लगाकर गंतव्य तक पहुंचना पड़ता है, जिससे समय और आर्थिक नुकसान दोनों हो रहा है.

स्थानीय लोगों ने बताया कि बारिश के दौरान स्थिति इतनी खराब हो जाती है कि कई बार रास्ता पार करना भी जोखिम भरा हो जाता है.

सूचना पट्ट नहीं लगाने पर उठे सवाल

ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि निर्माणाधीन आरसीसी पुल स्थल पर योजना से संबंधित कोई सूचना पट्ट भी नहीं लगाया गया है. इससे लोगों को यह जानकारी नहीं मिल पा रही है कि योजना की लागत कितनी है, निर्माण एजेंसी कौन है और कार्य पूरा करने की समय सीमा क्या निर्धारित की गई है.

लोगों का कहना है कि सरकारी योजनाओं में पारदर्शिता बनाए रखने के लिए सूचना पट्ट आवश्यक है, लेकिन यहां इसकी अनदेखी की गई है.

संवेदक पर कार्रवाई, फिर भी अधूरा है निर्माण

इस संबंध में बहादुरगंज विधानसभा के पूर्व विधायक अंजार नईमी ने बताया कि निर्माणाधीन आरसीसी पुल के संवेदक के विरुद्ध विभागीय कार्रवाई की जा चुकी है. उन्होंने कहा कि संवेदक कार्य अधूरा छोड़कर फरार बताया जा रहा है.

पूर्व विधायक ने बताया कि क्षेत्रवासियों की समस्या को देखते हुए उन्होंने संबंधित विभाग से निर्माण कार्य शीघ्र पूरा कराने का आग्रह किया था, लेकिन अब तक कोई ठोस पहल नहीं की गई है.

जल्द कार्रवाई की मांग

ग्रामीणों ने जिला प्रशासन और संबंधित विभाग से अविलंब हस्तक्षेप कर अधूरे डायवर्सन एवं आरसीसी पुल निर्माण कार्य को जल्द पूरा कराने की मांग की है. उनका कहना है कि यदि शीघ्र समाधान नहीं निकाला गया तो बरसात के दौरान हजारों लोगों की परेशानियां और बढ़ जाएंगी.

और पढ़ें: मोतीबाग में 5 एकड़ जमीन में फैला कचरे का अंबार : कीचड़, धुएं और दुर्गंध से त्रस्त लोग

विज्ञापन
Shruti Kumari

लेखक के बारे में

By Shruti Kumari

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन